Bakwas News

डीएम ने स्वीप अभियान के तहत मतदाता जागरूकता को लेकर बैठक का किया आयोजन

अरवल । जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, अरवल वर्षा सिंह की अध्यक्षता में लोकसभा आम निर्वाचन- 2024 के मद्देनजर स्वीप अभियान के तहत मतदाता जागरूकता को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला नर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि वर्तमान समय में सभी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों है, जिसमे सभी शिक्षकों को बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करते हुए मतदाता जागरूकता अभियान में भी शामिल किया जा सकता है।   इस दौरान उनके द्वारा बताया गया कि शिक्षक अपने संबंधित विद्यालय के पोषण क्षेत्र में घूम-घूमकर प्रत्येक बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करेंगे, साथ ही उनके अभिभावकों से वार्ता स्थापित कर चुनाव में मतदान की महत्ता को समझाते हुए उनको मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। मौके पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी स्वीप कोषांग, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी शिक्षा विभाग उपस्थित रहे।

माली गांव में लोकसभा चुनाव को लेकर चलाया गया मतदाता जागरूकता अभियान

करपी,अरवल । सोनभद्र वंशी सूर्यपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित माली गांव में शुक्रवार को मतदाता जागरूकता अभियान का नेतृत्व स्वयं प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ राकेश गुप्ता ने किया। पिछले लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में कम मतदान प्रतिशत वाले मतदान केंद्रों पर जिला पदाधिकारी अरवल के द्वारा विशेष कार्य योजना बनाकर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाने के लिए सभी प्रखंडों को निर्देश दिया गया है।इधर वंशी प्रखंड के सभी आठ पंचायत एवं सेक्टर में शुक्रवार को द्वितीय चरण का मतदाता जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हो गया।शनिवार को समीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया जाना है।   वहीं तृतीय चरण का जागरूकता कार्यक्रम की तैयारी पूर्ण हो चुकी है। सोमवार 6 जून से लो वीटीआर वाले 38 मतदान केंद्रों पर तृतीय चरण का डोर टू डोर अभियान एकबार फिर नए नए कार्यक्रमों के साथ प्रारंभ किया जाएगा।इस संबंध में जानकारी देते हुए कार्मिक कोषांग के वरीय नोडल सह बीपीआरओ मनीष रंजन ने बताया की तृतीय चरण में अन्य दो चरणों से भिन्न कार्य होंगे वहीं आठो पंचायत में संध्या चौपाल सह नुक्कड़ नाटक का कार्यक्रम भी किया जाएगा।प्रवासी मतदाताओं को मोबाइल माध्यम से बातचीत करने के लिए कंट्रोल रूम भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

लोकसभा चुनाव को लेकर एकल खिड़की की किया गया शुरुआत

अरवल। लोकसभा आम निर्वाचन- 2024 के मद्देनजर लोक शिकायत निवारण कार्यालय, अरवल में एकल खिड़की कोषांग कार्यरत है, जिसमें चुनाव से संबधित सभाओं. रैलियों, प्रचार वाहनों एवं लाउडस्पीकर आदि विभिन्न विभागों की अनुमति एक साथ प्रदान की जा रही है।   आवेदन प्रातः 10 बजे से संध्या 05 बजे तक एकल खिड़की में प्रस्तुत किया जा सकता है। किसी भी प्रकार की अनुमति के लिये आवेदन को कार्यक्रम के न्यूनतम 48 घंटे पूर्व एकल खिड़की कोषांग में जमा कराया जाना अनिवार्य है। आवेदन प्राप्ति के पश्चात् निर्वाचन आयोग द्वारा बनाये गये इनकॉर ऐप पर आवेदन को ऑनलाईन दर्ज किया जाता है। यदि कोई आवेदक उपरोक्त समय अवधि के अन्दर आवेदन प्रस्तुत नहीं करते हैं, तो उनका आवेदन ऑनलाईन दर्ज करना संभव नहीं है। आवेदन दर्ज होने के पश्चात् सभी सबंधित विभागों के नोडल पदाधिकारियों द्वारा आवेदन के संबंध में अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रदान करने की कार्यवाही की जाती है।     सभी विभागों से प्राप्त अनापत्ति प्रमाण-पत्र के आधार पर निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी के द्वारा अंतिम स्वीकृति प्रदान की जाती है तथा आवेदन प्राप्ति के 36 घंटे के अंदर स्वीकृति आदेश की प्रति इनकॉर ऐप पर अपलोड कर दिया जाता है। एकल खिड़की से प्रत्येक दिन प्राप्त एवं निष्पादित आवेदन संबंधी प्रतिवेदन संध्या 5:30 बजे तक विभाग को प्रेषित किया जाता है।

डीएम ने लोकसभा चुनाव को ले सेक्टर पदाधिकारियों के साथ की बैठक

अरवल। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, अरवल वर्षा सिंह की अध्यक्षता में लोकसभा आम निर्वाचन- 2024 के मद्देनजर नव प्रतिनियुक्त सेक्टर पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिले में चुनाव को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त संपन्न कराने हेतु नये सेक्टर पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किये गये।   इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी द्वारा सेक्टर पदाधिकारियों को उनके चुनावी दायित्वों के बारे में बताया गया, साथ ही चुनाव की संवेदनशीलता के बारे में भी बताया गया। उनके द्वारा बताया गया कि जिले में मतदाताओं को जागरूक करने के साथ-साथ अपने दायित्वों एवं कार्यों का निर्वहन करेंगे। मौके पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक रिटर्निंग पदाधिकारी अरवल, सहायक रिटर्निंग पदाधिकारी कुर्था उपस्थित रहे।

डीएम ने जनता दरबार का आयोजन कर 19 परियादियों के फरिवाद को सुना

जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में 19 परिवादियों के फरियाद को सुना गया। परिवादियों द्वारा भूमि विवाद, अतिक्रमण, अनियमितता, मारपीट, मनरेगा, खनन विभाग, शिक्षा विभाग एवं अन्य विभागो से संबंधित मामले थे। फरियादियों के आवेदन के शीघ्र निष्पादन हेतु जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निदेश दिये गये।   वंशी थाना स्थित ग्राम माली निवासी छोटे नारायण प्रसाद द्वारा बताया गया कि सरकारी अमीन द्वारा अपनी रैयती जमीन के नापी के बाद भी अखिलेश कुमार एवं उनके परिवार द्वारा भवन निर्माण कार्य पर रोक लगाया जा रहा है। उक्त लोगों पर उचित कार्रवाई करने की कृपा की जाए ताकि भवन निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।     इस संबंध में जिला पदाधिकारी द्वारा अंचलाधिकारी वंशी को नियमानुसार जाँच करते हुए निष्पादन हेतु निदेश दिया गया। करपी थाना स्थित ग्राम पाठकचक निवासी उपेन्द्र कुमार के साथ अन्य लोगों द्वारा बताया गया कि उनके बच्चों का नामंकन उच्च विद्यालय फखरपुर में नवम वर्ग में नहीं किया जा रहा है, बच्चों का नामांकन उक्त विद्यालय में करवाने की कृपा की जाए। इस संबंध में जिला पदाधिकारी द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी अरवल को नियमानुसार निष्पादन करने हेतु निदेशित किया गया।

कलेर एवं मेहन्दीया थाना परिसर में देसी एवं विदेशी शराब किया गया विनष्टीकरण

कलेर,अरवल । जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना द्वारा जप्त देसी एवं विदेशी शराब को मेहंदीया एवं कलेर थाना में विनिष्टीकरण किया गया। इस दौरान अंचल अधिकारी सर्वेश कुमार सिन्हा, उत्पाद निरीक्षक राधिका कुमारी तथा उत्पाद अवर निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार के उपस्थिति में शराब को नष्ट किया गया।   इस मौके पर अंचल अधिकारी सर्वेश कुमार सिन्हा ने बताया कि मेहंदिया थाना परिसर में जिले के विभिन्न थाना एवं मद्य निषेध विभाग द्वारा जप्त की गई 656 लीटर देसी के अलावे 10 लीटर विदेशी शराब को विनिष्टीकरण किया गया है। वहीं उन्होंने बताया कि कलेर पुलिस के द्वारा जप्त की गई भारी मात्रा में विदेशी शराब पर बुलडोजर चलाया गया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि 5 हजार दो सौ लीटर विभिन्न कंपनियां की विदेशी शराब को कलेर थाना परिसर में विनिष्ट किया गया है। इस मौके पर कड़ी सुरक्षा के बीच कैमरे की निगरानी में शराब को विनिष्टीकरण किया गया इस दौरान जिले के सभी थाना के पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

ट्रैक्टर पलटने से चालक गंभीर रूप से जख्मी

कलेर,अरवल। शुक्रवार की सुबह सोहसा चंदा रोड पर ट्रैक्टर पलट जाने से अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया क्योंकि इसके नीचे चालक दबा हुआ था। स्थिति को देखते हुए ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचने लगे तथा ट्रैक्टर से दबे हुए चालक को निकालने के लिए कवायद करने लगे। हालांकि कुछ क्षणो बाद चालक को निकाल लिया गया और प्राथमिक इलाज हेतु हेल्थ एवं बैलेंस सेंटर चंदा में भर्ती कराया गया।   जहां प्राथमिक उपचार के बाद वहां के चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। गंभीर रूप से घायल चालक ग्राम ओझा बीघा गांव का रहने वाला बॉबी कुमार उम्र 18 वर्ष पिता मिथिलेश पासवान के रूप में चिन्हित किया गया है। इस घटना को लेकर प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि बालू लोडिंग के लिए एक दूसरे ट्रैक्टर से ओवरटेकिंग के दौरान ऐसी घटना घटी है।   लोगों ने बताया कि इस सड़क पर ऐसी घटना पहली बार नहीं हुआ है बल्कि अनेकों बार कभी ट्रक तो कभी ट्रैक्टर पलट जाती है। जिसमें कई लोगों को जान भी चली गई है जिसका मुख्य वजह है दिन भर में ज्यादा से ज्यादा बालू का लोडिंग करने की प्रतिस्पर्धा है। इस मामले में सूत्रों ने जानकारी दिया कि बालू घाट प्रबंधन के द्वारा एक चालान में कुछ घंटे का समय निर्धारित होता है। उसी निर्धारित समय में खासकर के ट्रैक्टर के चालक ज्यादा से ज्यादा बालू लोडिंग करना चाहते हैं ताकि दोबारा अतिरिक्त राशि नहीं देना पड़े।

पुलिस ने अलग अलग स्थानों पर छापामारी कर बरामद किया 23 लीटर देसी महुआ शराब

कुर्था,अरवल। कुर्था पुलिस अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को भी सुबह कुर्था थाना क्षेत्र के पैनाठी गांव में कुर्था थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर कुर्था थाना की पुलिस एवं एएलटीएफ के सहयोग से सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। छापेमारी अभियान के क्रम में पैनाठी गांव निवासी रंजय मांझी के घर से 8 लीटर,श्यामबली मांझी के घर से 10 लीटर एवं कृष्णा मांझी के घर से 5 लीटर कुल मिलाकर 23 लीटर अवैध देशी महुआ शराब बरामद की गयी।   इस बाबत तीनों शराब विक्रेताओं के खिलाफ कुर्था थाना में बिहार संशोधित उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मिली जानकारी के अनुसार कई शराब बेचने वाले पुलिस के आने की सूचना पाते ही अपने-अपने घरों में रखे गए शराब को इधर-उधर छुपा दिया और भाग खड़े हुए। जहां इस तरह लगातार कुर्था पुलिस के इस अभियान से अवैध रूप से नशे का कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस की इस कारवाई का ग्रामीणों ने स्वागत किया है। छापेमारी अभियान में प्रवर पुलिस अवर निरीक्षक दिलीप रजक,थाना के सशस्त्र बल एवं सैप के जवान शामिल थे।

कुशवाहा विकास परिषद के बैनर तले अनाथ बच्ची की कराया गया शादी

करपी,अरवल । प्रखंड क्षेत्र के केयाल पंचायत अंतर्गत राधे नगर ग्राम में शुक्रवार को कुशवाहा विकास परिषद के द्वारा अनाथ बच्ची शोभा कुमारी के शादी के लिए पैंतीस हजार रुपये की आर्थिक मदद दी गई। इसके अलावा अन्य मदद देने का भरोसा दिया गया। शोभा कुमारी दो बहन है तथा माता-पिता नहीं है। पिता स्वर्गीय शिवमोहन सिंह की मृत्यु सर्प दंश के कारण 2009 में ही हो गई थी जबकि उसके माता का निधन हार्ट अटैक से 2023 में हो गई थी।माता पिता के साया उठने के बाद इन दोनों बच्चों को अब किसी का सहारा नहीं था। बच्चों को अब दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना भी मुश्किल हो रहा है। सिर से माता-पिता का साया छिनने के बाद अनाथ बच्चों के सामने काफी चुनौतियां आ गई। इसी बीच दूर के रिश्तेदारों ने लड़की की शादी तय कर दी, लेकिन शादी के लिए काफी आर्थिक समस्या होने लगी। इस बात की जानकारी जैसे ही परिषद के सदस्यों को लगी तो उनसे संपर्क कर आर्थिक मदद देने का फैसला किया।   शुक्रवार को कुशवाहा विकास परिषद के अध्यक्ष अशोक कुमार, सचिव नागवत सिंह, कोषाध्यक्ष अरुण कुमार, कार्यकारिणी सदस्य प्रेम कुमार, राजेश रंजन, भूतपूर्व सैनिक अशोक कुमार, पंकज कुमार समेत अन्य लोग राधे नगर गांव पहुंचकर बच्ची के हाथों में पैंतीस हजार रुपए का लिफाफा सौपा। पैसे मिलने के बाद दोनों बच्चियाँ भावुक हो गई। परिषद के इस मदद को लोग काफी प्रशंसा कर रहे हैं। विदित होकर कुशवाहा विकास परिषद एक सामाजिक संस्था है।इस संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज में वैसे लोगों को मदद करना है जो मदद के हकदार हैं। अर्थात वैसे बच्चे, बच्चियाँ जो पढ़ना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक रूप से नहीं सक्षम है, वैसे अनाथ बच्चे जिनकी परिवेश नहीं हो रही है या शादी समेत अन्य परेशानियों से जूझ रही हैं। इसके अलावा गंभीर बीमारी, दुर्घटना में भी परिषद के द्वारा मदद किया जाता है। परिषद के सदस्यों ने बताया कि संस्था को चलाने के लिए चंदा के माध्यम से कोष संग्रह किया जाता है। इस कोष से जरूरतमंदों की मदद की जाती है। समाज की कोई भी व्यक्ति कोष में दान दे सकते हैं, जिससे समाज की जरूरतमंदों की मदद की जा सके। इस पहल की काफी सराहना हो रही है।

ईट भट्ठा संचालक से लेवी मांगने के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

अरवल । जिले के करपी थाने के पुलिस ने ईंट भट्टा संचालक से लेवी मांगने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में प्रेशवार्ता कर जानकारी देते हुए डीएसपी कृति कमल ने बताया कि 02.04.2024 को पूजा ईंट भट्ठा के मालिक से 05 हथियार लैस अपराधियों के द्वारा 30000 रूपये लेवी मांगने के आरोप में करपी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। जिसमें यह कार्रवाई की गई है।डीएसपी ने बताया कि उक्त अपराधियोंं द्वारा ईट भ‌ट्ठा पर कार्य करने वाले 03 मजदूरों को जान से मारने की धमकी देते हुए मोबाइल फोन भी छीन लिया गया था। काण्ड के बेहतर अनुसंधान एवं अपराधकर्मियों के गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र कुमार भील के निर्देशानुसार अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी कृति कमल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। उक्त टीम में करपी थाना अध्यक्ष उमेश राम , पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार एवं करपी थाना सशस्त्र के साथ जिला सूचना इकाई को शामिल किया गया।टीम द्वारा वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात्रि में उपहारा थाना के सहयोग से उपहारा अंतर्गत भलुवार गांव से एक अपराधकर्मी गिरफ्तार किया गया गिरफ्तार अपराधी उदल कुमार यादव, उम्र 34 वर्ष, पिता-स्व. रामदीप यादव, ग्राम-भलुवार, थाना-उपहारा, जिला-औरंगाबाद को उसके घर से छीने गये जीवा कम्पनी कीपैड फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया गया|     गिरफ्तार उदल कुमार यादव का आपराधिक इतिहास रहा है उसके ऊपर औरंगाबाद जिले के उपहारा थाना,गया जिले के टेकारी थाना एवं अरवल जिले के करपी थाना में कई अपराधिक मामला दर्ज है।