Bakwas News

दिल्ली के तिहाड़ जेल में भूख हड़ताल पर बैठे यासीन मलिक की तबियत बिगड़ी, राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती

आतंकी संगठन जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट के चीफ यासीन मलिक को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। तिहाड़ जेल में भूख हड़ताल पर बैठे मलिक की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। तबीयत खराब होने के बाद मलिक को दिल्ली राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली स्थित तिहाड़ जेल में यासीन मलिक 6 दिन से भूख हड़ताल पर था। कश्मीर के अलगाववादी नेता यासीन मलिक को ड्रिप (नलियों) के जरिए लिक्विड डाइट दिया जा रहा था। मलिक ने रुबैया सईद के अपहरण से जुड़े मामले में जम्मू की अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का अनुरोध किया था, लेकिन केंद्र सरकार से इस पर कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने भूख हड़ताल शुरू कर दी। मलिक इस मामले में आरोपी है। प्रतिबंधित जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के प्रमुख मलिक (56) ने शुक्रवार को सुबह भूख हड़ताल शुरू की थी। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया, ”कड़ी सुरक्षा के बीच जेल नंबर 7 में एक अलग सेल में रखा गया मलिक शुक्रवार की सुबह से कुछ नहीं खा रहा है। वह अब भी भूख हड़ताल पर है और चिकित्सक उसके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखा जा रहा है।”

तीन दिनों के दौरान जांच एजेंसी ने सोनिया से पूछे अहम सवाल, खत्म हुई ED की पूछताछ

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ पूरी हो चुकी है। नेशनल हेराल्ड मामले में तीसरे दिन कांग्रेस प्रमुख से करीब 3 घंटे तक सवाल पूछे गए। खबर है कि अगला समन जारी होने तक उन्हें केंद्रीय जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं होना होगा। खबर है की जांच एजेंसी ने तीन दिनों के दौरान करीब 12 घंटों में सोनिया से 100 से ज्यादा सवाल पूछे हैं। सोनिया गांधी बुधवार को करीब 3 घंटे की पूछताछ के बाद ईडी दफ्तर से निकल चुकी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें आगे पेशी पर नहीं बुलाया जाएगा। हालांकि, रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से यह कहा जा रहा है कि जांच एजेंसी जरूरत पड़ने पर समन जारी कर सकता है। हाल ही में एक खबर आई थी कि ईडी कार्यालय में सोनिया से सवाल-जवाब का दौर बुधवार को खत्म हो सकता है। एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया था कि कांग्रेस प्रमुख जल्दी जवाब दे रही हैं। खबर है कि तीन दिनों के दौरान जांच एजेंसी ने सोनिया से अहम सवाल पूछ लिए हैं। वहीं, राहुल से ईडी ने 5 दिनों के दौरान करीब 150 सवाल पूछे थे। कांग्रेस ने कहा- सोनिया गांधी की उम्र का लिहाज करना चाहिए सोनिया गांधी की ईडी के सामने पेशी को लेकर कांग्रेस पार्टी ने हमला बोलते हुए कहा कि बार-बार उम्रदराज को बुलाना स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है. कांग्रेस ने कहा कि उनकी उम्र का लिहाज किया जाना चाहिए. इसके साथ ही, केन्द्रीय जांच एजेंसी के गलत इस्तेमाल का आरोप पार्टी की तरफ से लगाया गया.  

पुलिस की सफलता में महिला बल की भूमिका अहम-आईजी

बीएसएपी-3 में 1244 महिला बल का हुआ पासिंग आउट परेड जनता की सेवा व अपराधियों को भयभीत करने का सभी ने लिया संकल्प पुलिस की लगभग सफलताओं में महिला बल की भूमिका अहम होती हैं। सामाजिक परिवेश में महिलाओं को जहां सरकारी नौकरियों में कम मौका मिल पाता है। लेकिन ये परिजन भी बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने अपने बेटियों पर विश्वास किया और पुलिस की सेवा में आने में पूरा सहयोग किया। यह बातें मंगलवार को मगध प्रक्षेत्र के आईजी ने कही। मौका था बोधगया स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-3 में बुनियादी प्रशिक्षु महिला सिपाहियों का दीक्षांत समारोह का। यहां विभिन्न सात जिलों की 1244 महिला बलों ने 216 दिनों तक प्रशिक्षण अवधि पूरी की। पासिंग आउट परेड समारोह के मुख्य अतिथि आईजी विनय कुमार ने सलामी का निरीक्षण किया और दीक्षांत परेड की सलामी ली। आईजी ने समारोह के दौरान अपने संबोधन में कहा कि अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और आम लोगों की सुरक्षा का दायित्व होनहार महिला बल को मिला है। जिस तरह महिला पुलिस बल ने आज के इस परेड में अनुशासन का परिचय दिया है ठीक उसी प्रकार अपने कर्तव्यों का पालन ड्यूटी के दौरान भी करेंगी। यह मुझे पूरा विश्वास है। आपके व्यवहार कुशलता से ही आधी समस्याओं का समाधान संभव है। कार्यक्रम के दौरान सभी महिला बल ने जनता की सेवा व अपराधियों को भयभीत करने का सामुहिक संकल्प लिया। वहीं प्रशिक्षण अवधि में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली दो महिला बल को आईजी ने पुरस्कृत किया और सभी के बेहतर भविष्य व सफलता की कामना की। बीएसएपी-3 के कमांडेंट सह गया के सिटी एसपी राकेश कुमार ने पारण परेड में शामिल महिला बल को सच्चाई और शिष्टाचार के साथ कुशल व्यवहार करने की शपथ दिलायी। अब सभी अपने-अपने जिला बल में सेवा दी। इसमें गया जिला बल की 367, पटना जिला बल की 498, अरवल जिला बल की 64, बक्सर जिला बल की 97, नवादा जिला बल की 75, जहानाबाद जिला बल की 100 व रेल मुजफ्फरपुर बल्कि 43 महिला जवान है। अपने-अपने जिला बल में देगी सेवा बीएसएपी-3 में सूबे के अलग-अलग सात जिलों के 1244 महिला बल का 9 अगस्त 2021 से 20 जून 2022 तक कुल 216 दिनों का प्रशिक्षण चला। इसके बाद सभी का लिखित परीक्षा लिया गया। दीक्षांत समारोह संपन्न होते ही अब सभी अपने-अपने जिला बल में सेवा दी। इसमें गया जिला बल की 367, पटना जिला बल की 498, अरवल जिला बल की 64, बक्सर जिला बल की 97, नवादा जिला बल की 75, जहानाबाद जिला बल की 100 व रेल मुजफ्फरपुर बल्कि 43 महिला जवान है। बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रथम कंपनी कमांडर गया जिला बल की राधा कुमारी व द्वितीय परेड कमांडर पटना जिला बल की सरस्वती कुमार को आईजी ने शील्ड देकर पुरस्कृत किया। प्रशिक्षण में विभिन्न पाठ्यक्रम रहा शामिल प्रशिक्षण अवधि में वर्तमान चुनौतियों से संबंधित महत्वपूर्ण पाठ्यक्रमों को शामिल रहा। जिसमें वृहद अधिनियम, आधुनिक भारत में पुलिस की भूमिका एवं पुलिस संगठन, लघु अधिनियम, सूचना प्रौद्योगिकी मॉड्यूल, पुलिस संचार एवं आधुनिक उपकरणों का प्रयोग, अनुसंधान, सुरक्षा संबंधी कर्तव्य व यातायात प्रबंधन विषय का सभी को प्रशिक्षकों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गयी। बेटियों की सफलता पर भावुक दिखे परिवार के लोग एक ओर जहां महिला सिपाही पासिंग आउट परेड के बाद अपनी सफलता खुशी से झूम रही थीं तो वहीं दूसरी ओर ग्राउंड में मौजूद परिजनों का चेहरा भावुक दिखा। कुछ ऐसी भी महिला सिपाही दिखी जो अपने माता-पिता को भावुक देख अपनी खुशी के आंसू नहीं रोक सकी। रेल मुजफ्फरपुर बल की पास आउट हुई महिला सिपाही पूजा देवी ने कहा कि पुलिस बनकर समाज की सेवा का मुझे अवसर मिला है यह मेरे लिए काफी खुशी की बात है। ये रहे मौजूद 2 आउट परेड के मौके पर गया की एसएसपी हरप्रीत कौर, बीएसएपी-3 के डिप्टी कमांडेंट सागर कुमार, डीएसपी (प्रशिक्षण) पूनम कुमारी, हरेन्द्र शर्मा, इंस्पेक्टर भूषण तिग्गा, रक्षित पदाधिकारी तुफैल खां, रणधीर सिंह, लेखापाल विजय कुमार सहित अन्य मौजूद थे।    

बलिया : बिहार में लायी जा रही शराब बलिया में बरामद, एक धंधेबाज को सुखपुरा पुलिस ने किया गिरफ्तार

बलिया। सुखपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के क्रम में  प्रभारी निरीक्षक सुखपुरा अमित कुमार सिंह, मय फोर्स व स्वाट टीम प्रभारी अजय यादव मय फोर्स जनपद में घटित चोरी की घटनाओ की रोकथाम के लिए अपराध व अपराधियो के सम्बन्ध में देल्हुआ मोड पर विचार विमर्श कर रहे थे कि मुखबिर से सूचना मिली की एक मारुति कार में अवैध शराब लेकर सुखपुरा की तरफ से बांसडीह होते हुए बिहार ले जा रहा है। पुलिस ने देल्हूआ मोड़ पर घेराबंदी कर सुखपुरा की तरफ से एक मारुति सुजुकी कार नं यूपी60एक्स8620 आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोका तो देखा कि उसमें एट पीएम फ्रुटी 336 बोतल  थी। पकड़े गए मंगल राय पुत्र विजय बहादुर राय निवासी गोड़िया टोला थाना मुफस्सिल जिला छपरा बताया जो बिहार शराब ले जा कर बेचता है। गाड़ी का नंबर भी गलत पाया गया। पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति के खिलाफ धारा 60(1) आबकारी अधिनियम व 420, 467, 468, 472 भारतीय दंड विधान की धाराओं में मुकदमा लिख जेल भेज दिया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह, प्रभारी स्वाट टीम अजय यादव, उप निरीक्षक रामसिंह यादव, अशोक यादव, बलराम तिवारी, राकेश कुमार यादव, सत्येंद्र कुशवाहा, कृष्ण कुमार आदि शामिल रहे थे।

बलिया : नवादा (जाम) गांव में शौच करने गई महिला को अज्ञात लोगों ने मारी गोली, जख्मी

बलिया। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के नवादा (जाम) गांव में रविवार की रात में देर रात एक महिला को पीछे से अज्ञात लोगों ने दाहिने तरफ पीठ में गोली मार दी। घायल महिला को स्थानीय सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ ही सीओ शिवनारायण वैस, एसपी राजकरन नय्यर मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गए। बताया जाता है कि गांव के हरिश्चंद्र राजभर जिले बैरिया ब्लाक में परिषदीय स्कूल में अध्यापक हैं। गांव स्थित घर पर रह रही शिक्षक की पत्नी 35 वर्षीया सबिता राजभर रविवार की देर रात खेत से शौच करके घर लौट रही थी। तभी घर से लगभग पचास मीटर पहले पीछे से अज्ञात लोगो ने दाहिने तरफ पीठ में गोली मार दी। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गया। गोली लगते ही जमीन पर गिर पड़ी। गोली आवाज सुनकर उधर से गुजर रही अन्य महिलाओं के साथ गांव के लोगों के साथ ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घायल महिला को तुरंत स्थानीय सीएचसी ले जाया गया। मामले में घायल महिला सबिता के देवर मनीष राजभर ने एक अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की तलाश में जुट गई है। घटना के संबंध में पुलिस उपाधीक्षक व प्रभारी निरीक्षक उस्मान ने बताया कि घरेलू विवाद को लेकर महिला को उसके ससुर ने ही गोली मारी है। घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार है। जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगा।

सीतामढ़ी : 50 हजार रुपए रिश्वत लेते प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को निगरानी ने धर दबोचा

सीतामढ़ी जिला के परिहार प्रखंड में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के पद पर तैनात  किशोरी प्रसाद राय को 50 हजार रुपए  रिश्वत लेते निगरानी ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया । बता दे कि परिहार प्रखंड स्थित राजवाड़ा प्राथमिक विद्यालय केशिक्षक अरुण कुमार प्राचार्य के पद पर तैनात थे जिन्हें किसी कारणवश पदमुक्त कर दिया गया था । दुबारा शिक्षक अरुण कुमार को प्राचार्य बनाने के लिए उक्त प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी  के द्वारा 50 हजार रुपए की मांग की गई थी। शिक्षक अरुण कुमार ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की थी। जांच में मामले को सही पाए जाने पर सोमवार को निगरानी की टीम पटना से सीतामढ़ी पहुंची और जाल बिछाकर आरोपी बीईओ को 50 हजार रुपए घूस लेते हुए रंगेहाथ धर दबोचा। बीईओ को गिरफ्तार करने के बाद निगरानी की टीम उसे अपने साथ पटना ले गई। जहां पूछताझ के बाद टीम उसे निगरानी की अदालत में पेश करेगी। निगरानी की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग के कर्मियों में हड़कंप मच गया है।

राष्ट्रपति पद की द्रौपदी मुर्मू ने ली शपथ, कहा : आज मैं खुद को भारत का नेतृत्व करते हुए गौरवान्वित महसूस कर रही हूं

शपथ ग्रहण समारोह के मौके पर द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ‘आज मैं खुद को भारत का नेतृत्व करते हुए गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। मैं आज देश की महिलाओं और युवाओं को याद दिलाती हूं कि मेरे लिए उनके हित सर्वोपरि हैं। मेरे सामने राष्ट्रपति पद की ऐसी महान विरासत है, जिसने दुनिया में भारत के लोकतंत्र की प्रतिष्ठा को मजबूत किया है। संविधान के आलोक में मैं पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्य का निर्वहन करूंगी। मेरे लिए लोकतांत्रिक आदर्श और समस्त देशवासी ऊर्जा का स्रोत रहेंगे।’ उन्होंने इस दौरान कारगिल विजय दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। बता दे कि द्रौपदी मुर्मू ने देश की पहली महिला आदिवासी के तौर पर राष्ट्रपति पद की शपथ ले ली है। चीफ जस्टिस एनवी रमना ने उन्हें शपथ दिलवाई। इस दौरान द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि मेरे लिए महिलाओं के हित सर्वोपरि होंगे। इसके साथ ही दलितों, पिछड़ों और गरीबों के हितों के लिए भी काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की शक्ति ने मुझे यहां तक पहुंचाया। देश के गरीब आदिवासी, दलित और पिछड़े मुझमें अपना प्रतिबिंब देख सकते हैं। मेरे इस निर्वाचन में पुरानी लीक से हटकर आज के दौर में आगे बढ़ने वाले युवाओं का भी योगदान शामिल हैं। द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मैं देश की ऐसी पहली राष्ट्रपति भी हूँ जिसका जन्म आज़ाद भारत में हुआ है।

भोजपुर में कोचिंग सेंटरों के आस पास घुमने वाले लफंगों पर प्रशासन की रहेगी पैनी नजर, एसपी ने दी जानकारी

भोजपुर एसपी के निर्देश जारी होते ही प्रशासन एक्टिव मोड में आ गई। भोजपुर एसपी के अनुसार कोचिंग सेंटरों के आस पास घुमने वाले लफंगों पर प्रशासन पैनी नजर नजर रखेगी। इस व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए और लफंगो पर विशेष नजर रखने के लिए कोचिंग संचालको और प्रशासन के बीच के वाट्सऐप ग्रुप बनाया गया है। आरा महिला थानाध्यक्ष नीतू प्रिया ने भोजपुर जिले के दर्जनों  कोचिंग सेंटरों के ईद-गिर्द के माहौल की निगरानी की। छात्राओं से बातचीत  कर उनसे जानकारी लेने का प्रयास किया। अब कोचिंग सेंटरों के ईद-गिर्द अब लफंगों की सक्रियता बढ़ने की शिकायत के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है।  एजेंसी रोड, स्टेशन रोड, जज कोठी, कतिरा, पकड़ी गैस, व जैन कालेज-कतिरा आदि इलाके में कई कोचिंग सेंटर संचालित है, जहां पर प्रतिदिन छात्राएं पढ़ने के लिए आती है। ऐसे में लफंगों की करतूतों के चलते उनसे परेशानी भी उठानी पड़ती है। ऐसे में महिला पुलिस ने भी गश्त लगाना शुरू कर दिया है।

सावन की दूसरी सोमवारी : भोजपुर जिले के बहरी महादेव धाम में 10 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

भक्त और भगवान की पावन नगरी व आस्था का केंद्र बहरी महादेव   धाम में सावन मास की दूसरी सोमवारी को आस्था का जन सैलाब उमड़ पड़ा। पूरा मंदिर परिसर भगवान शिव के जयकारे की गूंज से शिवमय हो गया। रविवार की रात से ही श्रद्धालुओं का आना जारी रहा। भक्त व श्रद्धालु धाम परिसर में अवस्थित सरोवर से  जल भर कर बहरी महादेव धाम में  भगवान शिव पर जलाभिषेक कर पूजा- अर्चना की। रंग बिरंगे परिधानों में सजे श्रद्धालुओं का जत्था अहले सुबह से ही अधिकाधिक संख्या में मंदिर परिसर में पहुंच  जलाभिषेक किया। इस दौरान बोल बम व हर हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। करीब 10 हजार से अधिक श्रद्धालु- भक्तों ने जलाभिषेक के साथ पूजा-पाठ कर सुख शांति के लिए मन्नतें मांगी। अत्यधिक भीड़ को देखते हुए एसडीओ अमरेन्द्र कुमार और एसडीपीओ राहुल सिंह के निर्देश पर  प्रशासन की चाक चौबंद व्यवस्था की वजह से श्रद्धालुओं को जलार्पण में सुविधा मिली। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई दिक्कतें नहीं हो इसके लिए नियंत्रण कक्ष में सीसीटीवी फुटेज पर नजर बनाए हुए थे। इसके अलावे महिला – पुलिस बल भी तैनात किए गए थे। आस्थावान भक्तों ने भांग, धतूरा, बेलपत्र, मधु, मखाना, फूल, फल, दूध, दही, घी, मक्खन आदि अर्पित कर महादेव की विशेष श्रृंगार पूजा की। युवतियां अच्छे वर के लिए करती हैं पूजा सोमवारी पर युवतियां अच्छे वर पाने की कामना को लेकर पूजा करती हैं। इस पूजा को लेकर खासकर युवतियों का उत्साह देखते ही बनता है। सावन की प्रतिक्षा वह बड़ी बेसब्री से करती हैं। इसके बाद पूजा की थाल में नारियल, सेव, खीरा, नासपाती, केला, बताशा, ईलायची दाना, लड्डू आदि का प्रसाद लेकर शिवालयों में पहुंचती हैं और जलाभिषेक करती हैं।

बलिया : सुखपुरा कस्बा के मंद बुद्धि की एक महिला हुई लापता, परिजन परेशान

बलिया। सुखपुरा कस्बा निवासी दिनेश ओझा की पुत्री मीरा ओझा (28) स्थानीय चट्टी से अर्द्ध विक्षिप्त की हालत में टैंपू में सवार होकर कहीं चली गई। जिसका कहीं पता नहीं चल रहा है। घर के लोग काफी परेशान हैं। वह काफी दिनों से मानसिक रोग से ग्रस्त हैं। घटना के समय वह अपने माता पिता के साथ चट्टी पर आई थी। माता पिता एक चश्मे की दुकान में अपनी आंख की जांच करा रहे थे कि मौका पाकर मीरा टेंपो पर सवार होकर सिकंदरपुर की तरफ निकल गई। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। दिनेश ओझा ने थाना सुखपुरा उसके  गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।