Bakwas News

सावन की दूसरी सोमवारी : भोजपुर जिले के बहरी महादेव धाम में 10 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

भक्त और भगवान की पावन नगरी व आस्था का केंद्र बहरी महादेव   धाम में सावन मास की दूसरी सोमवारी को आस्था का जन सैलाब उमड़ पड़ा। पूरा मंदिर परिसर भगवान शिव के जयकारे की गूंज से शिवमय हो गया। रविवार की रात से ही श्रद्धालुओं का आना जारी रहा। भक्त व श्रद्धालु धाम परिसर में अवस्थित सरोवर से  जल भर कर बहरी महादेव धाम में  भगवान शिव पर जलाभिषेक कर पूजा- अर्चना की। रंग बिरंगे परिधानों में सजे श्रद्धालुओं का जत्था अहले सुबह से ही अधिकाधिक संख्या में मंदिर परिसर में पहुंच  जलाभिषेक किया। इस दौरान बोल बम व हर हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। करीब 10 हजार से अधिक श्रद्धालु- भक्तों ने जलाभिषेक के साथ पूजा-पाठ कर सुख शांति के लिए मन्नतें मांगी। अत्यधिक भीड़ को देखते हुए एसडीओ अमरेन्द्र कुमार और एसडीपीओ राहुल सिंह के निर्देश पर  प्रशासन की चाक चौबंद व्यवस्था की वजह से श्रद्धालुओं को जलार्पण में सुविधा मिली।

श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई दिक्कतें नहीं हो इसके लिए नियंत्रण कक्ष में सीसीटीवी फुटेज पर नजर बनाए हुए थे। इसके अलावे महिला – पुलिस बल भी तैनात किए गए थे। आस्थावान भक्तों ने भांग, धतूरा, बेलपत्र, मधु, मखाना, फूल, फल, दूध, दही, घी, मक्खन आदि अर्पित कर महादेव की विशेष श्रृंगार पूजा की।

युवतियां अच्छे वर के लिए करती हैं पूजा

सोमवारी पर युवतियां अच्छे वर पाने की कामना को लेकर पूजा करती हैं। इस पूजा को लेकर खासकर युवतियों का उत्साह देखते ही बनता है। सावन की प्रतिक्षा वह बड़ी बेसब्री से करती हैं। इसके बाद पूजा की थाल में नारियल, सेव, खीरा, नासपाती, केला, बताशा, ईलायची दाना, लड्डू आदि का प्रसाद लेकर शिवालयों में पहुंचती हैं और जलाभिषेक करती हैं।

Bakwas News
Author: Bakwas News

Leave a Comment