Bakwas News

देश के महान नेता और अर्थशास्त्री थे चौधरी चरण सिंह

गाजीपुर। किसानों के मसीहा एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 120वीं जयंती समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष रामधारी यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को पार्टी कार्यालय समता भवन पर मनायी गयी। साथ ही विचार गोष्ठी आयोजित की गयी, जिसमें कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर कार्यक्रम में विचार गोष्ठी कर आरंभ होने के पूर्व सभी कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित कर किसानों के हित में संघर्ष करने का संकल्प लिया। इस गोष्ठी में विचार व्यक्त करते हुए विधायक डॉ वीरेंद्र यादव ने चौधरी साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह देश के महान नेता और अर्थशास्त्री थे। वह किसानों के हित के लिए सदैव चिंतित रहते थे। चौधरी साहब का जीवन हम सबके लिए प्रेरणादाई है। मोदी सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि मोदी सरकार की किसान विरोधी नीतियों के चलते आज देश का किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। किसानों की समस्यायों के प्रति मोदी सरकार संवेदनहीन हो गयी है। जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह किसानों के मसीहा थे। वह किसानों की पीड़ा को अपनी पीड़ा समझते थे। कहा कि असली भारत गांव में रहता है। देश की तरक्की का रास्ता गांव के खेत-खलिहानों से होकर गुजरता है। राष्ट्र तभी सम्पन्न हो सकता है, जब उसके ग्रामीण क्षेत्र का उन्नयन किया गया हो। उन्होंने पुर्वांचल में चौधरी चरण सिंह के नाम पर कृषि विश्वविद्यालय खोलने की मांग की। पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा ने कहा कि चौधरी साहब भ्रष्टाचार के घोर विरोधी थे, वह निहायत ईमानदार छवि के व्यक्ति थे। वह कहते थे कि जिस देश के लोग भ्रष्ट होंगे, वह देश कभी तरक्की नहीं कर सकता।   गोष्ठी में पूर्व जिलाध्यक्ष सुदर्शन यादव, राजेश कुशवाहा रामवचन यादव, डॉ नन्हकू यादव, गोपाल यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, बृजेश खरवार, गोपाल यादव, दिनेश यादव, सदानंद यादव, राजकिशोर यादव, विजय शंकर यादव, अमित ठाकुर, जयराम कुशवाहा, रविन्द्र प्रताप यादव, कमलेश यादव, हरेंद्र विश्वकर्मा, भरत यादव, छन्नू यादव, गोवर्धन यादव, निजामुद्दीन खां, विवेक सिंह शम्मी, विभा पाल, गोविंद यादव,नफीसा बेगम, रीना यादव, कंचन रावत, रामप्रकाश यादव, पूजा गौतम, सुग्गु यादव, बृजकिशोर यादव, रामनगीना यादव, बैजू यादव आदि उपस्थित थे। संचालन जिला उपाध्यक्ष कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।

पूर्वांचल विश्वविद्यालय की अन्तर-महाविद्यालयीय क्रिकेट (महिला) प्रतियोगिता-2022 में सेमी फाइनल में पहुंची सहजानंद की टीम

गाजीपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय की अन्तर-महाविद्यालयीय क्रिकेट (महिला) प्रतियोगिता-2022 में स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ग्राउंड पर सोमवार को उद्घाटन मैच सूर्यबली डिग्री कॉलेज जौनपुर और नूरुदीन डिग्री कॉलेज जौनपुर के मध्य खेला गया। सूर्यबली कालेज की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। जहां 12 ओवर में 3 विकेट पर 123 रन बना सकी। इसके जवाब में नूरुद्दीन कालेज की टीम ने निर्धारित ओवर में 8 विकेट पर महज 57 रन ही बना सकी। इस प्रकार सूर्यबली कालेज की टीम ने मैच को जीत लिया। प्रतियोगिता का दूसरा मैच स्वामी सहजानंद पीजी कालेज तथा पीजी कालेज गाजीपुर के बीच खेला गया। इसमें सहजानंद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 5 विकेट पर 93 रन बना सकी। पीजी कालेज गाजीपुर की टीम जवाब में 9 विकेट पर 31 रन ही बना सकी। इस प्रकार सहजानंद की टीम विजेता रही। सम्पन्न दोनों मैचों में सूर्यबली और सहजानंद की टीमें विजयी रहीं। सहजानंद की टीम आज अपने ग्रुप मच जीत कर फाइनल में पहुच गयी। कल सूर्यबली और मु. हसन कालेज के बीच जो मैच जीतेगी, उस टीम का मुकाबला फाइनल में सहजानंद से होगा।   प्रतियोगिता के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. राघवेंद्र कुमार पाण्डेय, पीजी कालेज, गाजीपुर ने अपने संबोधन में कहा कि महाविद्यालय के ग्राउंड पर बालिकाओं के उम्दा प्रदर्शन का दूरगामी अर्थ है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को पढ़ाई लिखाई के साथ-साथ खेल के प्रति भी सक्रियता से जुड़ने का आवाहन किया। इसके पूर्व स्वामी सहजानंद पीजी कालेज के प्राचार्य प्रो. वीके राय ने मुख्य अतिथि डॉ. राघवेंद्र कुमार पाण्डेय, विशिष्ट अतिथि उ.प्र. दिव्यांग-जन क्रिकेट टीम के पूर्व अध्यक्ष अजय यादव तथा गाजीपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव सिंह बंटी की प्रतीक चिन्ह तथा अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया। प्रो. राय ने अपने संबोधन में कहा कि क्रिकेट को सभ्यजनों का खेल कहा जाता है। महाविद्यालय के मैदान पर बालिकाओं को क्रिकेट खेलते देखना एक सुखद अनुभव है। इसे बालिका सशक्तिकरण के एक दृष्टांत के रूप में भी देखा जा सकता है। प्राचार्य प्रो. राय ने बालिकाओं को क्रिकेट की बारीकियों से रूबरू कराने के लिए खेल प्रशिक्षक संजय राय के प्रति आभार व्यक्त किया।

चार पीढी से रह रहे लोगों के आवासों पर चल गया प्रशासन का बुलडोजर

गाजीपुर। सदर कोतवाली इलाके के मीरनपुर सक्का में हाईकोर्ट के आदेश पर चार पीढी से रह रहे लोगों के 15 आवासों पर प्रशासन का बुल्डोजर चल गया। जिला प्रशासन का वीकेंड ऑपरेशन जारी है। पांच रिहायसी आवास को गिराया गया। जबकि शेष आवास को एक हफ्ते का समय दिया गया है। सदर कोतवाली इलाके के मीरनपुर सक्का में हाईकोर्ट के आदेश पर 15 आवास पर बुल्डोजर की कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई एसडीएम सदर और तहसीलदार के नेतृत्व में भारी फोर्स के साथ की जा रही है। मीरनपुर सक्का गांव के नक्से में मौजूद रास्ते पर 15 रिहायसी आवास का निर्माण कराया गया था। इन 15 घरों में कुछ ऐसा घर भी है, जिसमें चार पीढ़ी से रह रहे हैं। आज हाईकोर्ट के आदेश पर जिला प्रशासन के द्वारा रास्ते को लेकर 15 रिहायसी घरों पर बुल्डोजर चलाया जा रहा है। वहीं जिनके घरों पर बुल्डोजर चलाया जा रहा है, उनका कहना है कि 4 पीढ़ी से यहां रह रहे हैं, लेकिन जिला प्रशासन के द्वारा 1 माह पहले घर खाली करने के लिए नोटिस दिया गया था। लग रहा था कि इसका समाधान निकाल कर बगल से रास्ता जाएगा। वहीं मौके पर मौजूद एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि हाई कोर्ट के  15 आवास के खिलाफ गिराए जाने का आदेश दिया गया है।   इस क्रम में रविवार को डिमोलिश का कार्य किया जा रहा है। पांच आवास के खिलाफ डिमोलिश का कार्य किया गया है। बाकी अन्य 10 के खिलाफ एक सप्ताह का समय दिया गया है। एक सप्ताह में मकान खाली करा लें, अन्यथा उसे जिला प्रशासन के द्वारा डिमोलिश किया जाएगा।

साहित्य चेतना समाज की प्रतियोगिता सम्पन्न

गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज के तत्वावधान में हिन्दी सुलेख-श्रुतलेख, अंग्रेजी सुलेख-श्रुतलेख, सामान्य हिन्दी ज्ञान एवं सामान्य अंग्रेजी ज्ञान प्रतियोगिता आदर्श इण्टर कालेज महुआबाग में आयोजित की गयी। दो वर्गों में आयोजित इन प्रतियोगिताओं के कनिष्ठ वर्ग में कक्षा चार से छह व मध्यम वर्ग में कक्षा सात और आठ के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इन प्रतियोगिताओं में नगर के साथ ही सुदूर ग्रामीणांचल के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी अमर ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों को जनवरी 2023 में आयोजित संस्था के 38वें वार्षिक पुरस्कार वितरण व गाजीपुर गौरव सम्मान समारोह में स्मृति-चिह्न व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर डा. पारसनाथ सिंह, डा. रविनन्दन वर्मा, राजीव मिश्रा, कामेश्वर द्विवेदी, तृप्ति श्रीवास्तव, जितेन्द्र सिंह, आनन्द प्रकाश अग्रवाल, हर्षित श्रीवास्तव, राघवेन्द्र ओझा, शशिकांत राय, अरविन्द श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे। प्रतियोगिता प्रभारी प्रभाकर त्रिपाठी ने सभी के प्रति आभार जताया।

राजस्व वसूली पर दिया जाय विशेष ध्यान : राकेश मोहन

गाजीपुर। विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता इंजीनियर राकेश मोहन ने जूनियर इंजीनियर संगठन की तारीफ करते हुए कहा कि जूनियर इंजीनियर ही सरकार की शासन की विभिन्न योजनाओं को धरातल पर क्रियान्वयन कराने का कार्य करते हैं। इन पर काफी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने राजस्व वसूली पर विशेष ध्यान देने का अनुरोध किया, ताकि जिले का राजस्व वसूली में सुधार हो सके l राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन की रविवार को हुई मासिक बैठक में संगठन के कार्यालय अंधऊ पावर हाउस पर जनपद के संगठन के जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का चयन किया गया। इसमें जनपद अध्यक्ष के रूप में इंजीनियर रोहित कुमार पुनः सर्वसम्मति से जनपद अध्यक्ष निर्वाचित हुए। जनपद सचिव के रूप में अवर अभियंता मिथिलेश कुमार यादव निर्विरोध निर्वाचन किया गया। अन्य पदाधिकारी के रूप में जनपद उपाध्यक्ष चीत्रसेन प्रसाद, जनपद प्रचार सचिव इंजीनियर प्रमोद यादव, जनपद वित्त सचिव इंजीनियर इंद्रजीत पटेल, जनपद वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंजीनियर संतोष कुमार चौधरी, जनपद लेखा निरीक्षक इंजीनियर नीरज कुमार और मंडल अध्यक्ष पद पर इंजीनियर तपस कुमार और मंडल सचिव पद पर इंजीनियर हर्षित राय निर्विरोध एवं सर्वसम्मति से निर्वाचित हुएl कार्यक्रम के दूसरे चरण में बताया गया कि जनपद गाजीपुर के पूर्व अध्यक्ष इंजीनियर पंकज कुमार जायसवाल जिनका स्थानांतरण जनपद जौनपुर में हो गया है। उनका विदाई समारोह और संतोष कुमार मौर्य जो कि उपखंड अधिकारी के पद पर प्रोन्नत होकर लखनऊ शक्ति भवन में नियुक्त हुए हैं, उनके भी विदाई का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर जिले के समस्त जूनियर इंजीनियर एवं प्रोन्नत अभियंता जिनमें मुख्य रूप से इंजीनियर नीरज सोनी, प्रमोद यादव, गुड्डू चौहान, एसके ओझा, राम नारायण प्रजापति, सूर्यनाथ कुमार, इंद्रजीत कुमार, रामप्रवेश चौहान, हर्षित राय, इंजीनियर तपस कुमार, अजय कुमार सिन्हा, दीपक कुमार, चित्रसेन प्रसाद, शशीकांत पटेल आदि उपस्थित रहे। संचालन इंजीनियर सौरभ कुमार पाठक व अध्यक्षता इंजीनियर संतोष कुमार चौधरी ने किया।

परिणय सूत्र में बंधे 342 जोड़े, दिए गए आशीर्वाद

गाजीपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अन्तर्गत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन आरटीआई मैदान (नवीन स्टेडियम) में आयोजित किया गया। शादी समारोह का शुभारम्भं जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित व पुष्प अर्पित कर किया। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, पूर्व पिछड़ा वर्ग उपाध्यक्ष प्रभुनाथ चौहान, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर प्रतिभा मिश्रा, जिला विकास अधिकारी राजेश यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सुजीत मिश्रा, जिला दिव्यांग अधिकारी नरेन्द्र विश्वकर्मा, एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।   सामूहिक विवाह योजना में जनपद के 8 विकास खण्डों, नगर पालिका सदर, जमानियां, नगर पंचातय सैदपुर व जिला पंचातय के कुल 342 जोड़ों का सामूहिक विवाह पूरे विधि विधान के साथ सम्पन्न हुआ। इसमें पांच मुस्लिम जोड़ों का भी निकाह कराया गया। सामूहिक विवाह के अवसर पर उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने नव विवाहित वर-वधु को उनके वैवाहिक जीवन की मंगल कामना करते हुए शुभकामना दी। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने नव विवाहित वर-वधुओं को आर्शिवचन देते हुए कहा कि नव विवाहित जोड़ों ने 7 फेरे लेकर एक साथ रहने का जो संकल्प लिया है, उसे आजीवन निर्वहन करें। मुख्यमंत्री ने इस योजना के माध्यम से गरीब, मजदूर व असहाय परिवारो को इसका लाभ दिया है।   जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत की टीम को सामुहिक विवाह के सफल आयोजन पर आभार व्यक्त करते हुए विवाहित नव दाम्पत्य जोड़ो को उनके विवाहित जीवन के लिए शुभकामनाएॅ दी। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से बेटियों को बोझ समझने की जो एक मंशा या सोच रहती है, उन सभी कुरीतियों पर एक प्रहार है यह सामुहिक विवाह कार्यक्रम। मिल बाट कर एक सादगी से भरे इस कार्यक्रम में परिणय सुत्र मे बध जाये और दहेज प्रथा तथा बेटियों को बोझ समझने की सोच से उबरकर, हम आगे बढ सके तथा बेटियों को समाज में उनको उचित स्थान दे सके यही मुख्यमंत्री जी की मंशा है। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त अतिथियों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस कार्यक्रम के लिए अपना मूल्यवान समय दिया।   कार्यक्रम के अन्त में जिलाधिकारी ने समस्त नव विवाहित जोड़ों, उनके परिजनों, उपस्थित आम नागरिकों, अधिकारी, कर्मचारियों को यातायात नियमों के पालन करने के सम्बन्ध में शपथ दिलाई। अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल ने नव विवाहित जोड़ों को उनके सुखमय जीवन की मंगल कामना की।  मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने सभी के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन सुभाष चन्द्र प्रसाद लेखा और कार्यक्रम सहायक नेहरू युवा केन्द्र ने किया।

बेमतलब साबित हो रहा विकलांग टिकट काउंटर

गाजीपुर।  सिटी रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग यात्रियों के लिए बनाई गई टिकट काउंटर अक्सर बंद रहती है। दिव्यांग यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। टिकट लेने के लिए उन्हें दूसरे यात्री का सहारा लेना पड़ता है। जबकि इस बारे में कई बार शिकायत की जा चुकी है फिर भी इसके प्रति कोई ध्यान नहीं दिया जाता। कई दिव्यांग यात्रियों में इसे खोले जाने के लिए रेल कर्मचारियों से शिकायत कर चुके हैं। सिटी रेलवे स्टेशन पर कुल पांच टिकट काउंटर बनाए गए हैं, इसमें एक दिव्यांग यात्रियों के लिए भी विकलांग टिकट काउंटर बना हुआ है। पर इसका लाभ किसी भी दिव्यांग यात्रियों को नहीं मिल पा रहा। स्टेशन पर केवल एक या दो काउंटर खुले रहते हैं जहां टिकट लेने के लिए लंबी कतार लगी रहती है। ऐसे में दिव्यांग यात्रियों की ट्रेन कब छूट जाती है। अगर काउंटर पर टिकट कटने लगे तो दिव्यांग यात्रियों को काफी सहूलियत हो जाएगी।

सिटी रेलवे स्टेशन पर बंदरों का आतंक

  गाजीपुर। सिटी रेलवे स्टेशन पर बंदरों का आतंक इस कदर है कि यात्री सहमे रहते हैं। ओवरब्रिज से लेकर पोस्टमार्टम शेड पर 24 घंटे बंदरों का कब्जा रहता है। प्लेटफार्म पर बंदर यात्रियों का सामान जूता-चप्पल व मोबाइल फोन आदि सामान छीन ले जाते हैं। वह सामान छीनने के बाद टिनशेड पर चढ़ जाते हैं, वहां से सामान फेंकने पर कई बार नुकसान भी हो जाता है। टिनशेड में लगे पंखे व तार भी क्षतिग्रस्त कर देते हैं। स्टेशन के ओवरब्रिज पर तो बंदरों का हर समय कब्जा रहता है। इस संबंध में जीआरपी थाना प्रभारी    ने बताया कि बंदरों की वजह से स्टेशन पर समस्या बनी है।

गंगा घाट पर नहाते समय नदी में डूबा, गोताखोरों ने डेढ़ घंटे बाद निकाला शव

गाजीपुर। सैदपुर में बुढे़नाथ महादेव गंगा घाट पर नहाते समय नदी में डूबकर युवक की मौत हो गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से डेढ़ घंटे बाद युवक का शव निकाला। युवक की बहन की कल ही शादी भी होनी है। बहन की डोली उठने से पहले भाई की अर्थी उठ गई। घर पर बहन की शादी की तैयारियां चल रहीं थी। इस बीच युवक दोस्तों के साथ नहाने के लिए बुढे़नाथ महादेव गंगा घाट पर पहुंच गया। यहां वह डूब गया। सूचना मिलते ही घाट पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक को डेढ़ घंटे बाद नदी से निकाला। इसके बाद तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।  

मुख्तार अंसारी व भीम सिंह के मामले में बहस शुरू

गाजीपुर। अपर सत्र न्यायाधीश एमपी/एमएलए कोर्ट दुर्गेश की अदालत ने 1996 के गैंगस्टर के मुकदमे में मुख्तार अंसारी व भीम सिंह के मामले में बुधवार को आरोपितों की तरफ से बहस शुरू की थी, लेकिन बहस पूरी नही हो सकी। शेष बहस के लिए 8 दिसम्बर की तिथि नियत की गई है। मालूम हो कि 3 अगस्त 1991 दिन में लगभग 1 बजे अजय राय अपने भाई अवधेश राय के साथ अपने वाराणसी स्थित मकान के गेट पर खड़ा थे। इतने में एक सफेद रंग की मारुति वैन आई जिसमें मुख्तार अंसारी सहित कुछ लोग मौजूद थे, गाड़ी से उतरे और ताबड़तोड़ अजय राय के भाई अवधेश राय पर फायर करने लगे।   वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी के हाथ में असलहे थे। अजय राय भी अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर किये। इसके बाद सभी हमलावर गाड़ी छोड़कर भाग गये। अजय राय अपने भाई को कबीरचौरा वाराणसी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इन्हीं मामलों को लेकर मुख्तार अंसारी और भीम सिंह के विरुद्ध थाना कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया गया था, जिसका विचारण अदालत में चल रहा है।