गाजीपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अन्तर्गत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन आरटीआई मैदान (नवीन स्टेडियम) में आयोजित किया गया। शादी समारोह का शुभारम्भं जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित व पुष्प अर्पित कर किया। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, पूर्व पिछड़ा वर्ग उपाध्यक्ष प्रभुनाथ चौहान, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर प्रतिभा मिश्रा, जिला विकास अधिकारी राजेश यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सुजीत मिश्रा, जिला दिव्यांग अधिकारी नरेन्द्र विश्वकर्मा, एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
सामूहिक विवाह योजना में जनपद के 8 विकास खण्डों, नगर पालिका सदर, जमानियां, नगर पंचातय सैदपुर व जिला पंचातय के कुल 342 जोड़ों का सामूहिक विवाह पूरे विधि विधान के साथ सम्पन्न हुआ। इसमें पांच मुस्लिम जोड़ों का भी निकाह कराया गया। सामूहिक विवाह के अवसर पर उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने नव विवाहित वर-वधु को उनके वैवाहिक जीवन की मंगल कामना करते हुए शुभकामना दी। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने नव विवाहित वर-वधुओं को आर्शिवचन देते हुए कहा कि नव विवाहित जोड़ों ने 7 फेरे लेकर एक साथ रहने का जो संकल्प लिया है, उसे आजीवन निर्वहन करें। मुख्यमंत्री ने इस योजना के माध्यम से गरीब, मजदूर व असहाय परिवारो को इसका लाभ दिया है।
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत की टीम को सामुहिक विवाह के सफल आयोजन पर आभार व्यक्त करते हुए विवाहित नव दाम्पत्य जोड़ो को उनके विवाहित जीवन के लिए शुभकामनाएॅ दी। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से बेटियों को बोझ समझने की जो एक मंशा या सोच रहती है, उन सभी कुरीतियों पर एक प्रहार है यह सामुहिक विवाह कार्यक्रम। मिल बाट कर एक सादगी से भरे इस कार्यक्रम में परिणय सुत्र मे बध जाये और दहेज प्रथा तथा बेटियों को बोझ समझने की सोच से उबरकर, हम आगे बढ सके तथा बेटियों को समाज में उनको उचित स्थान दे सके यही मुख्यमंत्री जी की मंशा है। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त अतिथियों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस कार्यक्रम के लिए अपना मूल्यवान समय दिया।
कार्यक्रम के अन्त में जिलाधिकारी ने समस्त नव विवाहित जोड़ों, उनके परिजनों, उपस्थित आम नागरिकों, अधिकारी, कर्मचारियों को यातायात नियमों के पालन करने के सम्बन्ध में शपथ दिलाई। अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल ने नव विवाहित जोड़ों को उनके सुखमय जीवन की मंगल कामना की। मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने सभी के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन सुभाष चन्द्र प्रसाद लेखा और कार्यक्रम सहायक नेहरू युवा केन्द्र ने किया।