Bakwas News

आधार को करा लें अपडेट : डीएम

गाजीपुर। जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक जिलाधिकारी Signal अखौरी की अध्यक्षता में राइफल क्लब सभागार में हुई। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों से जनपद के नागरिकों को अपना आधार को अपडेट करा लेने संबंधी निर्देश दिए जाने को कहा है। कहा है कि कोई भी नागरिक जिसका आधार बने हुए 10 वर्ष या उससे अधिक हो गए है, तो अपने नजदीकी आधार केंद्र जाकर आधार अपडेट जरुर करा लें। गाजीपुर भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण, क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा गाजीपुर में आधार अपडेट के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहे हैं, ताकि निवासी अपना आधार अपडेट आसानी से कराया जा सके। इसके लिए विशेष आधार कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। आधार अपडेट के लिए शून्य से 1 वर्ष के बच्चों को स्वास्थ्य केंद्रों पर, 0 से  5 वर्ष के बच्चों को आंगनवाड़ी केन्द्रों पर और  0 से सभी उम्र के व्यक्ति तक का सीएससी केन्द्रों पर आधार अपडेट किया जायेगा। इसके माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिलता है।   इसलिए इसका अपडेटेड होना जरुरी और लाभदायक है। आधार अपडेट के लिए अपने पते का प्रमाण और पहचान का प्रमाण लेकर अपने नजदीकी आधार केंद्र आए और अपना आधार अपडेट कराये, इसके लिए निर्धारित शुल्क 50 रुपये हैं। इसे https://myaadhaar.uidai.gov.in/ पर ऑनलाइन भी अपडेट किया जा सकता है। इसके लिए 25 रुपये शुल्क निर्धारित है। अपने नजदीकी आधार केंद्र का पता जानने के लिए https://appointments.uidai.gov.in/bookappointment.aspx पर लॉग इन करें। आप आधार भुवन पोर्टल  https://bhuvan.nrsc.gov.in/aadhaar के माध्यम से भी अपने नजदीकी आधार केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकते है। गाजीपुर में आधार नामांकन और अपडेट करने हेतु लगभग 248 आधार नामांकन और अपडेट मशीन कार्यरत हैं। इन आधार नामांकन और अपडेट मशीनों ने पिछले एक महीने के दौरान लगभग 9145 नए आधार नामांकन और लगभग 20196 आधार अपडेट किए हैं। उत्तर प्रदेश में इस समय फैमिली आई0डी0 बनाने का प्रोजेक्ट भी चल रहा है। जिससे आधार के माध्यम से बेहतर सुविधाए निवासियों को दी जा सकेगी। इस महत्वपूर्ण कार्य में अगर आधार में पहचान के दस्तावेज तथा पते के दस्तावेज अपडेटेड हैं तो सर्विसेज डिलीवरी में ज्यादा समन्वय हो पायेगा और ज्यादा पारदर्शिता आएगी।

परिवार परामर्श केंद्र में प्रस्तुत किए गए सात विवाद

गाजीपुर। पुलिस लाइन गाजीपुर के प्रांगण में परिवार परामर्श केंद्र का आयोजन किया गया। इसमें कुल 7 परिवारिक विवादों का निपटारा किया गया। पहला विवाद नंदगंज थाना क्षेत्र के चिलार गांव का था, जहां नियासा देवी पत्नी श्रीकांत की शिकायत थी कि उसके पति अकारण ही उसे मारते पीटते रहते हैं। इसपर पति व ससुराल पक्ष के लोगों को समझाकर विदाई कराई गई। वहीं मनीषा देवी पत्नी महेश कसेरा निवासी बरौला बाजार थाना बलौदा बाजार जिला गोपालगंज बिहार की शिकायत थी कि उसके पति उसके चरित्र पर हमेशा शंका करते रहते हैं। इसपर पति को समझाकर विदाई कराई गई। एक पारिवारिक विवाद के लिए अगली तिथि 18 दिसंबर की निर्धारित की गई। दो परिवारिक विवाद में दोनों पक्ष उपस्थित नहीं हुए, इससे विवाद को नहीं सुलझाया जा सका। इन सभी प्रकरणों के निस्तारण में विक्रमादित्य मिश्र, शिवशंकर तिवारी, वीरेंद्रनाथ राम, महिला सहायता प्रकोष्ठ की प्रभारी महिला निरीक्षक सुुनम त्रिपाठी, आरक्षी आलेश कुमार, महिला आरक्षी रोली सिंंह, महिला होमगार्ड उर्मिला गिरी आदि उपस्थिति थीं।

जयंती के मौके पर याद किए गए देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद

गाजीपुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा गाजीपुर के तत्वाधान में महासभा के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में देश की प्रथम राष्ट्रपति, महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, संविधान सभा के अध्यक्ष रहे डॉ राजेंद्र बाबू की जयंती पर पीर नगर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी आयोजित हुई। गोष्ठी आरंभ होने के पूर्व महासभा के सभी कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित किया और देश की संविधान की रक्षा करने का संकल्प लिया।   महासभा के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तृत रूप से प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ राजेंद्र बाबू इस देश के महान नेता थे। वह शुचिता और विद्वता तथा सरलता और सादगी के प्रतीक थे। वह अत्यंत मेधावी थे। वह महान कानूनविद होने के साथ-साथ सरलता और सादगी के प्रतीक थे। वह महात्मा गांधी के अत्यंत प्रिय थे। उन्हें बिहार का गांधी भी कहा गया। वह इतने नैतिक और ईमानदार थे की उनके राष्ट्रपति पद का कार्यकाल खत्म होने के बाद उनके पास रहने के लिए अपना कोई निजी आवास नहीं था। उन्होंने बिहार कांग्रेस कमेटी के कार्यालय सदाकत आश्रम को अपनी रहने का ठिकाना बनाया। वह हम सबके लिए प्रेरणा स्रोत हैं ,उनका जीवन हम सबके लिए अनुकरणीय है‌।   इस अवसर पर मुख्य रूप से महासभा के जिला अध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव के साथ साथ सभासद परवेज अहमद, अशोक कुमार श्रीवास्तव, चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव, शैल श्रीवास्तव, अरुण सहाय, अमरनाथ श्रीवास्तव, परमानन्द श्रीवास्तव,अजय कुमार श्रीवास्तव, अरूण कुमार श्रीवास्तव चुन्नू, विभोर श्रीवास्तव, राजेंद्र अस्थाना, केशव श्रीवास्तव, संजय सेवराई, अनुराग श्रीवास्तव,  आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता महासभा के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव व संचालन महासभा के जिला महामंत्री अजय कुमार श्रीवास्तव ने किया।

संदिग्ध परिस्थितियों में अधिवक्ता की मौत

गाजीपुर। ख़ानपुर थाना क्षेत्र के ददरा में 53 वर्षीय अधिवक्ता अरुण यादव की सड़क हादसे में मौत हो गई। लोहजरा निवासी बाइक सवार अरुण यादव बिहारीगंज अनौनी के बीच ददरा में सड़क किनारे मृत पाते गये थे। उनके सिर के पिछले हिस्से से काफी खून निकल चुका था। घर से किसी निमंत्रण में शामिल होने निकले थे।   अधिवक्ता के मौत की सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। राहगीरों की सूचना पर घटनास्थल से पुलिस और परिजन उन्हें सैदपुर अस्पताल लेगए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना को लेकर मृत अधिवक्ता के भाई अजय यादव ने अज्ञात वाहन व हमलावरों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराया है। पांच भाइयों में तीसरे नम्बर के अरुण यादव अपने पीछे पत्नी सितारा देवी और दो बेटा एक बेटी छोड़कर गए है।

गंगा में खूब अठखेलियां करती नजर आ रहीं डाॅलफिन मछलियां

गाजीपुर। इन दिनों डॉल्फिन की अठखेलियां गंगा में खूब देखने को मिल रही हैं। सैदपुर व औडिहार से सटे पटना गांव के आसपास गंगा में इन्हें खूब देखा जा रहा है। गंगा की जल तरंगों के साथ डॉल्फिन की अठखेलियां हर थोड़ी देर में देखने को मिल रही है। गंगा नदी में पिछले एक सप्ताह से करीब पचास किलों से लेकर डेढ़ क्विंटल वजन तक की डॉल्फिन मछलियां उछलकूद मचाती देखी जा रही हैं। जानकारों का कहना है कि इन दिनों उनके लिए मौसम अनुकूल होते ही मेहमान साइबेरियन पक्षियों के साथ जलीव जीव डॉल्फिन गंगा में आने लगी है। पटना और सादिभादी गांव के घाटों के बीच डॉल्फिन देखने के लिए लोगों का कौतूहल बढ़ रहा है। गंगा नदी के ऊपरी सतह पर अठखेलियां करती डॉल्फिन मछली देखने को ग्रामीण जुट रहे है।   गंगा प्रहरी रविकांत निषाद बताते है कि गंगा में आमतौर पर दो दर्जन सामान्य मछलियां ही दिखाई देती है और डॉल्फिन कभी कभार दिख जातीं है लेकिन इधर बीच लगातार एक सप्ताह से डॉल्फिन मछलियां दिखने से लोगों की उत्सुकता बढ़ गई है। स्थानीय भाषा में इसे गंगा सूंस भी कहते है। सबसे विशालकाय डॉल्फिन मछली का वजह लगभग ढेड़ कुंतल आंका जा रहा है। मंगलवार को गंगा में विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने से नाविकों और मछुआरों की सतर्कता और डर बढ़ गई है। सैदपुर के वन रेंजर कुलदीप सिंह ने बताया कि डाल्फिन को राष्ट्रीय जलीव जीव का दर्जा मिला हुआ है। डाल्फिन अक्सर शुद्ध पानी वाले स्थान पर ही मिलती हैं। 

युवक को हीरोपंती करना पड़ा महंगा

गाजीपुर। कट्टा लहराते हुए डान्स करने वाले युवक को सैदपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि कुछ दिन पूर्व ककरहीं गांव में एक युवक ने विवाह समारोह में सरेआम कट्टा लहराने के साथ डांस करने का वीडियो वायरल किया था। जबकि ऐसा करना गैर कानूनी है। लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। इसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। इस बीच मुखबिर से मिली सूचना पर उसे सादात कस्बा स्थित अण्डर पास से मंगलवार की रात एक कट्टा .315 बोर और एक कारतूस जिन्दा .315 बोर के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप वर्मा, उपनि हैदर अली मंसूरी, कांस्टेबल बृजेन्द्र द्विवेदी और का अजय पटेल शामिल रहे।

 मांगों को लेकर दूसरे दिन भी जारी रहा विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति का कार्य बहिष्कार

गाजीपुर। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वाधान में दूसरे दिन को भी कार्य का बहिष्कार किया गया। इसमें बिजली कर्मचारियों, अवर अभियंताओं व अभियंताओं की न्यायसंगत समस्याओं के निराकरण की मांग की गई। ऊर्जा निगमों के बिजली कर्मचारियों और अभियंताओं की ज्वलंत समस्याओं से समाधान के लिए प्रबंधन का हठवादी व दंडात्मक रवैया बना हुआ है, इससे बिजलीकर्मियों में भारी आक्रोस है। जिला संयोजक निर्भय नारायण सिंह ने कहा कि हम विद्युतकर्मी ऊर्जा चेयरमैन व प्रबंधन के खिलाफ मसाल जुलूस निकाल कर अपनी एकता का परिचय देते हुए सरकार को दिखा दिया है कि ऐसे चेयरमैन एम देवराज के साथ कोई भी अधिकारी व विद्युतकर्मी कार्य करने को तैयार नहीं हैं। इसमें ऐसे तानाशाह चेयरमैन को तत्काल पद से हटाया जाए, तभी प्रदेश के सभी विद्युतकर्मी स्वच्छ वातावरण व भयमुक्त होकर अपने कार्य को संपादित करेंग। बिजलीकर्मियों को एलएमवी 10 की सुविधा जारी रखा जाय।   मांगों के तहत कहा गया कि समस्त बिजली कर्मियों, निविदा कर्मियों, संविदा कर्मियों को पिछले कई वर्षों से लंबित बोनस का भुगतान किया जाय। सभी रेगुलर कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना लागू की जाय। सह संयोजक मिथिलेश यादव ने कहा कि तेलगाना, पंजाब, दिल्ली, उड़ीसा सरकार के आदेश के भांति ऊर्जा निगमों के समस्त संविदा/निविदा कर्मियों को नियमित किया जाय। वहीं सहायक अभियंता मिठाई लाल ने बताया कि इस चेयरमैन के रहते शुद्ध वातावरण में कोई भी अधिकारी कार्य करने को तैयार नहीं है, क्योंकि सभी विद्युतकर्मी भय व तनाव में कार्य कर रहे हैं और अवसाद ग्रस्त जीवन व्यतीत कर रहे हैं। इसमें ऊर्जा मंत्री व मुख्यमंत्री तत्काल हस्तक्षेप करते हुए विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति से वार्ता कर पंद्रह सूत्रीय मांगों को तत्कल दिलवाये। हमलोग कार्य करने को तैयार हैं।   हड़ताल के दौरान अधीक्षण अभियंता मोहन राकेश, अधिशासी अभियंता हेमंत सिंह, चंद्रपाल सिंह, मनीष कुमार, आशीष चौहान, सहायक अभियंता सत्यम त्रिपाठी, अभिषेक राय, संतोष चौधरी, सुधीर सिंह, अवर अभियंता योगेंद्र प्रसाद दानी, तपस कुमार, प्रमोद यादव, महबूब अली, कुलदीप नैय्यर, अमित गुप्ता, एसके ओझा, नीरज सोनी, रमेश मौर्या, दीपक कुमार, सूर्यनाथ, मुहम्मद यामीन, हर्षित राय, पंकज सिंह, विद्युत मजदूर पंचायत से अश्वनी सिंह, अजय विश्वकर्मा, अनीश अहमद, भानु सिंह, प्रवीण सिंह, प्रवीण पाण्डेय, विष्णु राय, बिजेंद्र यादव, शशिकांत कुशवाहा, प्रकाश राम, सुधीर सिंह, अमित सिंह, मनीष राय, पवन कुमार, कपिल गुप्ता, मदन यादव, ज्योतिकान्त, सलीम, विश्वजीत, विनय तिवारी सहित समस्त विद्युत कर्मी मौजूद रहे। अध्यक्षता इंजीनियर संजय सिंह व संचालन जिलाध्यक्ष अरविंद कुशवाहा ने किया।

दहेज हत्या के दो आरोपित गिरफ्तार

गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर व अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी भुड़कुडा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के नियन्त्रण हेतु चलाये जा रहे अभियान के क्रम में प्रभारी निरीक्षक घनानन्द त्रिपाठी मय हमराही कर्म0गण के मु0अ0सं0 मु0अ0सं0 254/2022 धारा 498A/304B भादवि व 3/4 DP Act भादवि मे अभियुक्तगण 1.अनिल यादव पुत्र धुर्बल यादव 2. धुर्बल यादव पुत्र स्व0बन्धन यादव निवासीगण जलालपुर थाना शादियाबाद जनपद गाजीपुर को गिरफ्तारी की गयी है। बाद गिरफ्तारी अन्य विधिक कार्यवाही थाना शादियाबाद द्वारा प्रचलित है।

अनियंत्रित पिकअप पेड़ से टकराई, ड्राइवर की मौत

गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के कुंडेश्वर गांव निवासी विनोद राम का (22) वर्षीय पुत्र रोशन राम गाड़ी चला कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। प्रतिदिन की तरह रविवार रात कुंडेश्वर मंडी से बैगन और मिर्चा लादकर देवरिया सलेमपुर मंडी में जा रहा था, कि रास्ते में ही लगभग 3:30 बजे के करीब पिकअप अनियंत्रित होकर करीमुद्दीनपुर थाने से कुछ दूरीे पहले एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और ड ड्राइवर रोशन की मौके पर ही मौत हो गई। वह अभी अविवाहित था।   इसकी सूचना जब करीमुद्दीनपुर पुलिस ने घरवालों को दी, तो मां लैला देवी, बहन और उसका छोटा भाई सहित अन्य परिजन रोते बिलखते थाना पहुंचे। बताते चलें कि मृतका के पिता भी एक ड्राइवर हैं, रोशन तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। इस संबंध में करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव ने बताया कि दुर्घटना लगभग 3:30 भोर में हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और पिकअप को कब्जे में ले लिया गया।

आर्म्स एक्ट का वांछित युवक गिरफ्तार

गाजीपुर। नन्दगंज थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। चन्दन कुमार सिंह पुत्र सत्येन्द्र कुमार सिंह ग्राम बरहपुर थाना नन्दगंज के ऊपर 18 नवंबर को नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर निवासी कुन्दन सिंह पुत्र चन्द्रभूषण सिंह, सुधाकर सिंह पुत्र अशोक सिंह और नीरज श्रीवास्तव पुत्र लल्लन श्रीवास्वत ने अवैध तमंचे से फायर कर दिया था। इसे लेकर चन्दन कुमार सिंह ने उक्त अभियुक्तों के खिलाफ नंदगंज थाना में लिखित तहरीर दी थी, जिसपर मुकदमा पंजीकृत किया गया था।   विवेचना के दौरान रविवार को उप निरीक्षक मंशाराम गुप्ता अपने पुलिसकर्मियों के साथ रात्रि गश्त पर थे। गश्त के दौरान सोमवार की सुबह करीब 6:00 बजे थाना क्षेत्र के साई मैरेज हाल के पास कुछ बाराती सड़क किनारे लड़ झगड़ रहे थे। जिसको देख मौके पर उपनिरीक्षक मंशाराम गुप्ता पहुंचे। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे। तभी पुलिस ने तीनों को दौड़ा कर पकड़ लिया। कड़ाई से पूछताछ करने अपना नाम कुन्दन सिंह उर्फ विशाल सिंह पुत्र चन्द्रभूषण सिंह उर्फ जन्नू सिंह निवासी ग्राम बरहपुर थाना नन्दगंज, दूसरे ने अपना नाम सुधाकर सिंह पुत्र अशोक सिंह ग्राव बरहपुर थाना नन्दगंज और तीसरे ने अपना नाम नीरज श्रीवास्तव पुत्र लल्लन श्रीवास्तव निवासी ग्राम बरहपुर थाना नन्दगंज बताया। इस दौरान जब कुन्दन सिंह उर्फ विशाल सिंह की तलाशी ली गई तो उसके पास एक अदद देशी तमंचा बरामद हुआ। तमंचे के बारे में कड़ाई से पूछताछ करने पर कुन्दन ने बताया कि 18 नवंबर को इसी तमंचा से हमने फायर किया था। अभियुक्त के निशादेही पर घटना स्थल से कारतूस बरामद किया गया। अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मंशाराम गुप्ता, कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल जयप्रकाश यादव और कांस्टेबल आशुतोष पासवान शामिल थे।