Bakwas News

आमस में बीज वितरण में मनमानी को लेकर किसानों का हंगामा

धर्मेन्द्र कुमार सिंह  आमस, गया चहेते को बीज देने का किसानों का है आरोप गया जिले की आमस प्रखंड में चना व मसूर के बीज वितरण में मनमानी का आरोप लगाते हुए किसानों ने कुछ देर के लिए जमकर हंगामा किया। मंझौलिया की मीणा देवी, कोमलखाप की रेशमी देवी, शीला देवी, मसूरीबार के गोविंद प्रसाद यादव व पथरा गांव के हरेंद्र यादव ने बताया कि सुबह से लाइन में खड़े होकर दिन भर इंतजार किया। चार बजते ही वितरक बंद कर कल आने को कह चल दिया। इस बीच कई चहेते को बीज दिया गया। जिसे लेकर लाइन में खड़े किसान हंगामा करने लगे। कई किलोमीटर दूर से आए महिला किसानों ने बताया कि वितरक उनका भी ख्याल नहीं रखा। बाद में कुछ प्रतिनिधियों ने वितरक को समझा कर निराश किसानों को बीज दिलवाया। जिस वजह वितरक को देर शाम तक वितरण करना पड़ा। जानकारी के अनुसार यहां केपी ट्रेडर्स द्वारा प्रखंड परिसर के बगल में किसानों के बीच चना और मसूर बीज का वितरण किया जा रहा है। वितरक पवन कुमार ने बताया कि उनके साथ महिला कर्मी भी वितरण करने में शामिल हैं। जिसे समय पर घर जाना होता है। उनकी सुरक्षा का भी ख्याल रखना पड़ता है। जबकि बीज लेने के लिए भारी संख्या में किसान पहुंच रहे हैं। इस वजह परेशानी हुई है।

पैक्स चुनाव की तैयारी को लेकर डीएम डॉ० त्यागराजन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बीडीओ को दिए कई निर्देश

  धर्मेन्द्र कुमार सिंह आमस, गया गया जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एसएम के अध्यक्षता में पैक्स निर्वाचन 2024 के तैयारी के संबंध में सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक करते हुए कई निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि अगले 48 घंटे के अंदर अपने क्षेत्र के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना अध्यक्ष एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के साथ अनिवार्य रूप से बैठक कर यह जानकारी प्राप्त करेंगे की वर्ष 2014 एवं वर्ष 2019 में हुए पैक्स चुनाव के दौरान चुनाव में कोई व्यवधान उत्पन्न हुआ है, वैसे मतदान केंद्रों को चिन्हित करते हुए मतदान केंद्र को कहीं और शिफ्ट करने की आवश्यकता है इत्यादि का आकलन करना होगा। इसके अलावा मतदान के दौरान व्यवधान डालने वाले आसामाजिक तत्वों के विरुद्ध किए गए कारवाई या वर्तमान में और क्या कार्रवाई किया जाना है इस पर अनिवार्य रूप से देखें, जरूरत पड़ने पर धारा 107, सीसीए, गिरफ्तारी, बाउंड डाउन इत्यादि का भी कार्य करवाए। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में पैक्स चुनाव 2024 के दौरान सभी मतदान केंद्रों में शांति व्यवस्था एवं विधि व्यवस्था बरकरार रहे यह सुनिश्चित करवाये। जिलाधिकारी ने जिला सहकारिता पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि पैक्स चुनाव के दृष्टिकोण से अगले 24 घंटे के अंदर कोषांग का गठन करना सुनिश्चित करें साथ ही पैक्स निर्वाचन नियंत्रण कक्ष की भी स्थापना करें। इसके अलावा उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को भी निर्देश दिया है कि अपने प्रखंडों में भी पैक्स चुनाव संबंधित क्वेश्चन गठन करते हुए प्रतिदिन कार्यों की समीक्षा करें। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि आपके प्रखंड अधीनस्थ पैक्स से संबंधित जो भी दावा आपत्ति प्राप्त हो रहे हैं उसे अच्छी तरीके से समीक्षा करें एवं आपत्ति का निराकरण करवाले साथ ही अपने प्रखंड के क्षेत्र में पैक्स मतदान केंद्रों का अच्छे तरीके से सत्यापन करवा ले। उन्होंने कहा कि पैक्स चुनाव के लिए सभी प्रखंडों में मतपेटिका उपलब्ध है उसे अभी से ही मरामति तेजी से करवा ले। आयोग प्राधिकार के निर्देशों का अच्छी तरीके से पालन करवाये। पैक्स चुनाव में लगने वाले मतदान कर्मियों का रेंडमाइजेशन करवाना होगा इसके लिए सभी तैयारी पूर्ण कर लें। पैक्स चुनाव के लिए प्रखंड स्तर पर वाहनों का अधिग्रहण करना होगा साथ ही फ्यूल की भी व्यवस्था करनी होगी। सामग्रियों का दर निर्धारण जिला स्तर से किया गया है, इस लिस्ट के आधार पर सामग्रियों का कार्य करें एवं उसे पैकेजिंग करा कर बूथवार मतदान कर्मियों को डिस्पैच करना होगा।

आमस के बैदा गांव में सर सैयद डे पर मुशायरा का किया गया आयोजन 

धर्मेन्द्र कुमार सिंह  आमस, गया उर्दू ज़ुबान व अदब पर सर सैयद का बहुत बड़ा एहसान_वसीम अकरम गया जिले के आमस प्रखंड के बैदा गांव गुरुवार की रात सर सैयद डे के मौके पर मुशायरा का आयोजन किया गया। आयोजन से जुड़े मो. अली ने बताया कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व कार्यकारी कुलपति डॉ तौक़ीर आलम फ़लाही व गया कॉलेज उर्दू विभाग के डॉ अब्दुल हई खान ने द्वीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इन्होंने सर सैयद अहमद खान की जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा सर सैयद अहमद खान ने अलीगढ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की स्थापना की थी। वे एक व्यक्ति का नाम नहीं बल्कि एक मिशन, एक आंदोलन और एक काफिला का नाम है। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। कहा उर्दू ज़ुबान व अदब पर सर सैयद का बहुत बड़ा एहसान है। अध्यक्षता अहमद असलम और संचालन इमरान अली ने किया। अहमद असलम, इशराक़ हमज़ापूरी, नसीमुद्दीन बैदावी, इमरान अली, जमशेद अशरफ, मो जहांगीर आलम अहसन गयावी , सरवर गयावी आदि शायरों ने अपना बेहतरीन कलाम पेश किया। आखिर में जहीर अनवर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर आमस प्रखंड प्रमुख लड्डन खान, राजद नेता जसीमुद्दीन, वसीम अकरम, कमाल हारिस, इम्तेयाज़ आलम,मुनीब अली, मूर्तज़ा अली, आबिद ईमाम, अबू अरीबा,इमरोज़ अली ज़ीशान खान, मुंशी नईमुद्दीन,मोजीबुर्रमान, डॉ अफ़ज़ल हुसैन,राशिदुल हक़, हातिम फ़िरोज़ आदि रहे।

आमस के सुग्गी गायत्री चेतना केंद्र में एक कुंडीय यज्ञ का हुआ आयोजन

धर्मेन्द्र कुमार सिंह  आमस, गया धार्मिक अनुष्ठान से नकारात्मक सोच होती है क्षय_डॉ सतीश सिंह शरद पूर्णिमा पर गुरुवार को गया जिले के आमस प्रखंड की करमडीह पंचायत के चंडीस्थान सुग्गी गायत्री चेतना केंद्र में एक कुंडीय गायत्री यज्ञ का आयोजन किया गया। गायत्री विधि विधान और मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद विश्व शांति ओर सुख समृद्धि के लिए श्रद्धालुओं ने सामूहिक गायत्री मंत्र जाप और एक कुंडीय हवन किया। साथ ही दिन भर भजन कीर्तन और कथा वाचन चलता रहा। इस धार्मिक अनुष्ठान से आसपास का क्षेत्र भक्तिमय रहा। आयोजन से जुड़े आलोक कुमार व डॉ सतीश सिंह ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठान से लोगों की नकारात्मक सोच का क्षय होता है और सद्बुद्धि आती है। पर्यावरण शुद्ध होता है। केदार यादव व उनकी पत्नी उर्मिला देवी यज्ञ के मुख्य यजमान रहे। आयोजन में माया देवी, बृजरानी देवी, मनोरमा, ज्योति, जगदेव प्रजापत आदि ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया।

पूर्व पैक्स अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव की मनाई गई दूसरी पुण्यतिथि, पूर्व मंत्री व एमएलसी ने दी श्रद्धांजलि

धर्मेन्द्र कुमार सिंह आमस, गया नेक व ईमानदारी व्यक्ति थे सुरेन्द्र यादव-डॉ. विनोद प्रसाद यादव गया जिले के आमस प्रखंड की रामपुर पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष स्व. सुरेन्द्र यादव की दूसरी पुण्यतिथि मनाई गई। प्रदेश के पूर्व मंत्री और शेरघाटी विधानसभा के पूर्व विधायक डॉ. विनोद प्रसाद यादव, गया एमएलसी रिंकू यादव, भगत यादव, भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेता संतोष कुमार गुप्ता, पूर्व मुखिया व अकौना पंचायत के पंचायत समिति सदस्य विरेन्द्र यादव आदि ने पैतृक गांव पहाड़पुर में बने उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्प व माला चढ़ा कर श्रद्धापूर्ण श्रद्धांजलि दी।   इन्होंने कहा पूर्व पैक्स अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव नेक और इमानदार व्यक्ति थे। इसलिए ये सबके प्यारे थे। लोग इन्हें खूब चाहते थे। छोटे भाई व पूर्व मुखिया विरेन्द्र यादव ने बताया कि दो वर्ष पूर्व उनकी मौत हार्ट अटैक से हो गई थी। छोटे भाई रविन्द्र यादव, पत्नी शांती देवी, पुत्र सुनील यादव, प्रभात कुमार, संतोष गुप्ता, हरिनंदन यादव, बनारसी यादव, रविन्द्र सिंह, रामलायक सिंह आदि ने भी श्रद्धंजलि दी।

आमस बाईकों की टक्कर में दो सवार गंभीर

धर्मेन्द्र कुमार सिंह  आमस, गया गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के अकौना गांव के सटे सावन धर्मकांटा के पास जीटी रोड पर रविवार की शाम दो बाईकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में गमहरिया गांव निवासी व स्टेशनरी दुकानदार जमशेद खान उर्फ पाली और चपरदह के एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।   समाजसेवी हेना खान ने बताया कि पाली शेरघाटी से बाजार कर दुकान लौट रहा था। इस दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे के बाद बाइक समेत दोनों सवार रोड पर गिर गए। इससे दोनों के सिर और शरीर के अन्य अंगों में गंभीर चोटें आ गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को शेरघाटी के रेफरल अस्पताल में भर्ती करा दिया। यहां के डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद मगध मेडिकल गया रेफर कर दिया। पाली की स्थिति चिंताजनक बताई जाती है।

आमस में सौहार्द पूर्वक माना दुर्गा पूजा, युवाओं में दिखा भारी उत्साह 

धर्मेंद्र कुमार सिंह  आमस, गया गया जिले के आमस प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को धूमधाम से दशहरा पूजा संपन्न हो गया। चंडीस्थान, आमस, सिमरी, श्यामनगर नीमा, ताराडीह, सांव समेत सभी जगहों पर मां दुर्गे की पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की दिन भर भीड़ लगी रही। चंडीस्थान में माता के चलंत स्वरूपों को देखने लिए दूर दराज गावों से भरी संख्या में लोग पहुंचे थे। स्थानीय प्रशासन की देखरेख में देर रात तक मूर्तियां विसर्जित की गई। युवा बेहद उत्साहित दिखे।   थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि सभी जगहों पर सौहार्द पूर्वक पूजा संपन्न हुआ। बीडीओ नीरज कुमार राय, सीओ अरशद मदनी आदि पुलिस जवानों के साथ पूजा स्थल और मेले का जायजा लेते रहे। वहीं शेरघाटी के रंगलाल हाई स्कूल मैदान में एसडीओ सारा अशरफ, एएसपी शैलेंद्र सिंह ने कबूतर उड़ा कर सादगी का संदेश दिया। यहां रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतला का दहन किया गया। देखने के लिए भरी संख्या में लोग जुटे थे। कई जगहों पर पूजा समिति की ओर से भंडारे का आयोजन कराया गया।

शैलेश कुमार बने आमस के नए थानेदार, संभाला कमान 

आमस। धर्मेन्द्र कुमार सिंह गया जिले के आमस थाने के नए थानेदार के रूप में शैलेश कुमार ने कमान संभाल है। उन्होंने सोमवार की शाम प्रभारी थानेदार प्रियनंदन आलोक से चार्ज लिया। बता दें कि खुद को सीएम का रिश्तेदार बताने वाले गालीबाज दरोगा इंद्रजीत कुमार के सस्पेंड हो जाने के बाद से एसआई प्रियनंद आलोक प्रभार में थे। इसके बाद थाना स्टॉफ के साथ बैठक कर अपराध पर लगाम लगाने में ईमानदारी से काम करने का निर्देश दिया। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने पर भी बातचीत की।   वहीं सोमवार को जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सहयोग की अपील की। दुर्गा पूजा में सरकार के गाइड लाइन का पालन करने और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने की भी अपील की है। कहा किसी तरह के गड़बड़ी की सूचना तुरंत दें, ताकि समय पर उसे निपटारा कर लिया जाय। पूजा के बाद निर्धारित तिथि को मूर्ति विसर्जन कर लेने का समिति सदस्यों को निर्देश दिया है। डीजे संचालकों को पूजा में भाड़े पर डीजे नहीं देने को चेताया भी है। बैठक में प्रखंड प्रमुख लड्डन खान, विरेंद्र यादव, दीपू सिंह, अर्जुन यादव, डब्लू पासवान, महेंद्र पासवान, रामदयाल चौधरी, उदय सिंह, राजेंद्र प्रसाद यादव, दुलारचंद यादव, लक्की खान आदि रहे।

पुलिस ने पूजा पंडाल में रखे साउंड बॉक्स किया जब्त, समिति सदस्यों में गुस्सा

आमस। धर्मेन्द्र कुमार सिंह गया जिले के आमस थाने की पुलिस ने रामपुर गांव के दुर्गा पूजा पंडाल से मंगलवार को साउंड बॉक्स जब्त कर लिया है। इससे पूजा समिति सदस्यों में पुलिस के प्रति गुस्सा है। सदस्यों ने बताया कि प्रशासन के निर्देशों का पालन किए जाने बाद भी पुलिस का यह बर्ताव अच्छी नहीं है। कहा धार्मिक गीत बजाने के लिए साउंड बॉक्स लाए गए थे।   बॉक्स पूजा पंडाल के पास रखे ही थे कि पुलिस लेकर थाना चली गई। कहा बिना भजन कीर्तन के पूजा में निरश लगती है। माइक के माध्यम से शाम में मां दुर्गे की आरती की जाती है। इधर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि पूजा में डीजे पर पूरी प्रतिबंध है। इसके बाद भी कुछ जगहों के पूजा समिति डीजे बजाने की तैयारी में है। सूचना मिलने पर डीजे बॉक्स जब्त किए गए हैं। कहा अगर इसके बाद भी लोग नहीं माने तो करवाई की जाएगी।

आमस बंगला पर 40 फीट ऊचा बन रहा पूजा पंडाल

हजारों लोग देखने आते हैं आमस बंगला पर बना आकर्षक पूजा पंडाल आमस। धर्मेन्द्र कुमार सिंह गया जिले के आमस बंगला पर चालीस फीट ऊंचा आकर्षक दुर्गा पूजा पंडाल बनकर लगभग तैयार हो चुका है। रंग, पेंट, झालर और रंग बिरंगे लाइटों से सजाया जा रहा है। आकर्षक पूजा पंडाल बनाने के लिए पूजा समिति सदस्यों ने बंगाल से हुनरमंद कारीगर बुलाया है। जिनकी कारीगरी देखते बन रही है। पप्पू सिंह, छोटू, रूपेश, राजेश गुप्ता, रोहित, राहुल, अभय, जीतू सिंह आदि ने बताया कि पंडाल बनाने में करीब डेढ़ लाख रुपए खर्च आया है। यहां दशहरे के दिन देखनेवालों की भारी भीड़ लगती है। जीटी रोड के सटे पंडाल और मां दुर्गे की प्रतिमा स्थापित की जाती है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन के निर्देश पर रोड के किनारे बेरिकेटिंग करवाया गया है।   मुकेश गुप्ता, इंदल प्रसाद, जितेंद्र सिंह, आशीष प्रजापति आदि ने बताया कि इस जगह पर सालों से प्रतिमा स्थापित कर पूजा की जाती रही है। जीटी रोड चौड़ीकरण की वजह जगह छोटा पड़ता जा रहा है। समिति सदस्य व स्थानीय युवा उत्साह के साथ दुर्गा मंडप को सजाने में दिन रात लगे हैं। थानेदार शैलेश कुमार ने बताया कि आमस बंगला पर और करमाईन मोड़ का पूजा स्थल जीटी रोड सटे है। दशहरे के दिन इसपर खास नजर रखी जायेगी।