Bakwas News

महातैयारी के साथ महापर्व शुरू : नहाय – खाय के साथ शुरू हुआ लोक आस्था के महापर्व छठ

तरारी।  लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा की तैयारी में श्रद्धालु आस्था के साथ जुट गये है। प्रखण्ड भर में इसकी तैयारी बड़ी ही धूम-धाम से की जा रही है। लोक आस्था का महापर्व छठ 28 नवम्बर यानि शुक्रवार को नहाय खाय के साथ   शुरू हो गया।. कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से सप्तमी तक चलने वाला यह चार दिवसीय  अनुष्ठान नहाय – खाय के साथ शुरू हो गया। आज छठ वर्ती चने का दाल, लौकी के सब्जी, सेंधा नमक के साथ अरवा चावल खाकर अनुष्ठान की शुरूआत की। यह अनुष्ठान 36 घंटे का निर्जला व्रत होता है। इस साल छठ 28  नवम्बर  को नहाय-खाय, 29 नवम्बर को खरना मनाया जाएगा। इसके बाद छठ व्रती 30 नवम्बर  को अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगी  और 31 नवम्बर को सुबह में भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के बाद  छठ व्रत का समापन  होगा।  दूसरे दिन खरना की विधि की जाती है। खरना के दिन व्रती पूरे दिन निर्जला रह शाम होने पर  चावल व गुड़ का खीर प्रसाद के रूप में ग्रहण करते है, तीसरे दिन पूरे दिन  उपवास के बाद  शाम को  भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया जाता है। मान्यता के अनुसार शाम का अर्घ्य के बाद रात में जागरण किया जाता है। इसमें वर्ती छठी माता के महिमा मे गीत गाती हैं और व्रत कथा भी सुनी जानें की परम्परा है। छठ पर्व के चौथे और अंतिम दिन सुबह सूर्य निकलने से पहले ही घाट पर पहुंच वर्ती   उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रत पूर्ण करते है। अर्घ्य देने के बाद घाट पर छठ माता से संतान – रक्षा और घर परिवार के सुख – शांति का वरदान मांगे जाने की परम्परा है। इस पूजन के बाद सभी में प्रसाद बांट कर फिर व्रती खुद भी प्रसाद खाकर व्रत का पारण लेते हैं। छठ गीत से भक्तिमय माहौल                                                                          पिछले कई दिनों से प्रखंड तरारी  में छठ का गीत बजने लगे हैं। क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं मुहल्लों में छठी मैया के गीत का धुन बजना शुरू हो चुका है। हर तरफ इसकी गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। छठ गीतों में “उग हो सूरज देव भईल अर्घ्य के बेर”, “कांच ही बांस के बहंगीया, केलावा के पात पर उगी ला सूरज देव” सहित अन्य गीतों की आवाज से चारों ओर का माहौल भक्ति मय  बना हुआ है। छठ घाटों की साफ-सफाई में लगे लोग                                                                                                                        वहीं युवा की टोली छठ घाट की साफ – सफाई के साथ घाट को बनाने में लगे है, वही देव सूर्य मंदिर, कुरमुरी सूर्य मंदिर व बागर सूर्य मंदिर समेत सभी सोननदी,  नहर, तालाब सहित अन्य जगहों की सफाई एवं रास्ते का मरम्मती कार्य करने में स्थानीय लोग एव पुजा समिति के कार्यकर्ता जुटे हुए है। देव व बागर में दूर दराज से लोग अपना मन्नत पूरा करने आते  है जिसके कारण यहा काफी भीड देखी जाती है।

गया-कोडरमा रेलखंड के गुरपा स्टेशन के समीप मालगाड़ी के 53 डिब्बे पटरी से उतरे

गया-कोडरमा रेलखंड के गुरपा स्टेशन के समीप मालगाड़ी के 53 डिब्बे पटरी से उतर गए. जिस कारण आप और डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह से ठप हो गया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद गया रेलवे स्टेशन से संबंधित विभाग के वरीय अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए. प्राप्त जानकारी के अनुसार हजारीबाग टाउन से नेशनल थर्मल पावर कारपोरेशन दादरी जा रही मालगाड़ी गुरपा स्टेशन के पास डिरेल हो गई. जिसमें मालगाड़ी के 58 डब्बे में से 53 डब्बे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. मालगाड़ी में कोयला लदा था. घटना का कारण मालगाड़ी का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है. हालांकि उक्त ट्रेन का लोको पायलट और गार्ड सुरक्षित है. वही गया रेलवे स्टेशन से रेलवे के अधिकारी, टेक्नीशियन, आरपीएफ सहित अन्य विभाग के लोग घटनास्थल के लिए रवाना हो गए है. वही मालगाड़ी ट्रेन के डिरेल होने के कारण अप और डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है. इस संबंध में गया रेलवे स्टेशन प्रबंधक उमेश कुमार ने बताया कि घटना अहले सुबह की है. मरम्मती दल घटनास्थल पर रवाना हो गया है. अप और डाउन लाइन पूरी तरह से बंद है. मरम्मती कार्य हो जाने के बाद ही ट्रेनों का आवागमन शुरू किया जाएगा.

अर्धनग्न अवस्था में एक युवती बाधार से बरामद, ईलाज को ले अस्पताल में भर्ती 

गया जिला के कोंच प्रखंड के आंती से लापता युवती को गाँव के बधार से अर्धनग्न अवस्था में मंगलवार को ग्रामीणों ने बरामद किया जिसका ईलाज जारी है। मिली जानकारी के अनुसार आंती के 15 वर्षीय युवती बीते सोमवार को घर से जलावन के लिए निकली थी लेकिन जब संध्या 5 बजे तक घर पर नहीं पहुंची तो परिजनों के द्वारा खोजबीन शुरू कर दिया गया और रात भर तक कोई पता नहीं चल पाया।   मंगलवार को सुबह 10 बजे के करीब आँती जमालपुर मार्ग के खेत में किसी व्यक्ति को उक्त लड़की को देखा उसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लड़की निर्वस्त्र थी और उसे ऊपर से कपड़ा से ढंक दिया गया था। ग्रामीणों के पहल पर उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने बेहतर ईलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं, इस संबंध में आँती थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि अभी मैं अस्पताल में हूँ थोड़ी देर में कुछ कहा जा सकता है।  

समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का निधन, पीएम मोदी सहित कई नेताओं ने जताया दुःख

समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) ने 82 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। मुलायम सिंह यादव के निधन की जानकारी उनके बेटे अखिलेश यादव ने दी। मुलायम सिंह यादव पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे, उनका गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। मुलायम सिंह यादव को सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी, उन्हें आईसीयू में रखा गया था और जीवन रक्षक दवाओं का सेवन कर रहे थे।   मुलायम सिंह यादव के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जाहिर किया है।प्रधानमंत्री मोदी ने मुलायम सिंह यादव के साथ बिताए गए पलों को साझा करते हुए उन्हें याद किया। प्रधानमंत्री ने कहा, मुलायम सिंह यादव जबरदस्त व्यक्तित्व थे, उन्हें जमीनी नेता के तौर पर लोग पसंद करते थे, वह जनसमस्याओं के प्रति हमेशा संवेदनशील रहे। उन्होंने लोगों की सतत सेवा की और पूरा जीवन लोकनायक डॉक्टर जेपी और डॉक्टर लोहिया के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने में समर्पित कर दिया। मुलायम सिंह यूपी के साथ देश की राजनीति में खुद की अलग पहचान बनाई। आपातकाल के दौरान वह देश के लोकतंत्र के अग्रणी सैनिक रहे। बतौर रक्षा मंत्री उन्होंने देश को मजबूत करने का काम किया। संसद में उनका हस्तक्षेप काफी गंभीर और राष्ट्रहित में रहा।   प्रधानमंत्री मोदी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर कई तस्वीरों को साझा किया। पीएम ने ट्वीट करके लिखा, मुलायम सिंह यादव से मेरी कई बार मुलाकात हुई, जब हम अलग-अलग राज्य के मुख्यमंत्री थे। उनके साथ करीबी रिश्ता हमेशा बना रहा, मैं हमेशा उनकी राय का सम्मान करता था। उनके साथ करीबी रिश्ता हमेशा बना रहा। उनके निधन से बेहद दुखी हूं, उनके परिवार वालों और लाखो प्रशंसको के प्रति मेरी संवेदना है।

गया में मुख्यमंत्री ने तेतर जलाशय में गंगाजल के शुभ आगमन का बटन दबाकर किया शुभारंभ

गया। मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार ने आज गया जिले के तेतर में गंगाजल आपूर्ति योजना अंतर्गत तेतर जलाशय का निरीक्षण किया। साथ ही बटन दबाकर तेतर जलाशय में गंगाजल के आगमन का भी शुभारंभ किया। तेतर जलाशय में गंगाजल के शुभ आगमन पर मुख्यमंत्री ने जलाशय में पुष्प अर्पित कर नमन किया और ताली बजाकर प्रसन्नता जाहिर की। वहां उपस्थित लोगों ने भी जलाशय में गंगाजल के शुभ आगमन पर ताली बजाकर प्रसन्नता जाहिर की। तेतर जलाशय के स्थलीय निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को गंगाजल आपूर्ति योजना के तहत यहां किए गए विभिन्न कार्यों के संबंध में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों एवं अभियंताओं को तेतर जलाशय में गंगाजल के शुभ आगमन के लिए उनके द्वारा किए गए प्रयासों एवं मिली सफलता के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अब यहां गंगाजल पहुंच चुका है। इस योजना के तहत किए जा रहे कार्यों का मेंटेनेंस ठीक ढंग से करें जो भी जरूरत होगी राज्य सरकार उसे पूरा करेगी। कार्यक्रम के पश्चात् पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों ने तय किया था कि गंगाजल गया, बोधगया, नवादा और राजगीर में पहुंचायेंगे । गया और बोधगया के लिये गंगा नदी का पानी सालों भर के लिए यहीं पर स्टोर रहेगा। यहीं से पानी गया और बोधगया भेजा जाएगा। इसका निरीक्षण करने हम यहां आये थे। हम चाहते हैं कि तेजी से सभी काम पूरा हो जाय ताकि इन जगहों पर लोगों को गंगाजल मिलने लगे। यह बहुत खुशी की बात है। बिहार में गयाजी और गंगाजी दोनों हैं। अब गया जी के लिए गंगाजी यहां आ गई हैं। यह कोई मामूली बात नहीं है। गंगा नदी का जल गयाजी के लिए पहुंच रहा है, यह बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि हमलोग चार महीने गंगा नदी का पानी यहां लायेंगे, बाकी आठ महीने के लिए गंगाजल यहीं पर स्टोर हो जाएगा। गंगाजल पहुंचाने की योजना पर काम करने का फैसला किया। हमलोगों ने वर्ष 2019 में जल- जीवन – हरियाली अभियान की शुरुआत की। एक बार पहले भी हमने सोचा था कि इन जगहों पर पानी पहुंचायेंगे लेकिन उस समय इस पर काम नहीं हो सका। हमने फिर से बैठक कर इस योजना को शुरू करने का फैसला लिया। इस योजना पर लगभग साढ़े चार हजार करोड़ रुपये खर्च हुआ है।

पितृपक्ष मेला 2022: सीएम नीतीश बोले- फल्गु में आया पानी, अब अक्टूबर तक घर-घर गंगा का जल

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को गया में रबर डैम का लोकार्पण तो किया ही,  फल्गु नदी और विष्णुपद मंदिर में पूजा भी की। सीता कुंड भी गए। एक-एक काम को बारीकी से देखा। मंच से सीएम ने कहा कि अब फल्गु नदी में पानी आ गया है। अक्टूबर तक गंगा का जल घर-घर मिलेगा। गंगा का जल यहां लाकर सुरक्षित रखा जाएगा और फिर इसकी आपूर्ति की जाएगी। सीएम नीतीश ने कहा कि गया सबसे पौराणिक शहरों में से एक है। इसलिए हम इसे गयाजी कहते हैं। पितृपक्ष में यहां लाखों लोग आते हैं। उन्हें हर प्रकार की सुविधा मिले, इसके लिए हमेशा अधिकारियों को निर्देश दिया गया। पशुओं को किनारे रखने को कहा गया। सीएम ने एक महिला श्रद्धालु की बात भी बताई, जिसमें महिला ने दिल्ली जाने के दौरान पितृपक्ष में व्यवस्था को लेकर शिकायत की थी। सीएम ने कहा कि अब व्यवस्था बहुत ठीक हो गई है तो यकीन मानिए श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ेगी। पितृपक्ष मेले का हुआ शुभारंभ पितृपक्ष मेला-2022 का उद्घाटन गुरुवार को हो गया। गयाधाम के विष्णुपद मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच विश्व प्रसिद्ध मेले का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने मेले का उद्घाटन किया। सीएम और डिप्टी सीएम गुरुवार की दोपहर बाद विष्णुपद मंदिर पहुंचे। सबसे पहले गर्भगृह में विष्णुचरण के दर्शन-पूजन किए। पूजन के बाद सभा मंडप में पितृपक्ष मेले का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री करीब 15 मिनट तक विष्णुपद मंदिर में रहे। सीएम का काफिला विष्णुपद से करीब 3.55 बजे रवाना हुआ। अब साथ चलना है, रुकना नहीं है: तेजस्वी उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने संबोधन शुरू किया तो खूब तालियां बजीं। उन्होंने रबर डैम के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। कहा- सात निश्चय, जल जीवन हरियाली, रोजगार की बात चल रही है। सीएम ने निर्देश दिया है। जो जिम्मेवारी मिली है, वही भारी है। मेरी कोई इच्छा नहीं है। विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हम जुमला नहीं, काम करते हैं। कुछ लोग दो करोड़ रोजगार दे रहे थे। वे आज कहां हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि 2016 में मुख्यमंत्री के साथ गया आए थे। यह मेरा सौभाग्य है कि इस मौके पर यहां आने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि अब साथ चलना है तो रुकना नहीं है, चलते चलना है। नीतीश जी प्रधानमंत्री बनेंगे, तेजस्वी ही होंगे मुख्यमंत्री: मांझी पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने मगही में संबोधन कर लोगों का दिल जीत लिया। कहा, जब नीतीश जी प्रधानमंत्री बनेंगे तो मुख्यमंत्री तेजस्वी ही बनेंगे। उन्होंने कहा, फल्गु में पानी आ गया और गंगा का पानी भी यहां पहुंच रहा है। अब केवल फल्गु के दोनों किनारे सड़क बनाने की जरूरत है। मांझी ने नीतीश कुमार के प्रधानमंत्री बनने की कामना की। देश में फल्गु के रबर डैम की चर्चा: संजय झा जल संसाधन व जनसंपर्क मंत्री संजय कुमार झा ने कहा कि इस रबर डैम की चर्चा पूरे देश में हो रही है। 2020 सितंबर में इसका शिलान्यास हुआ और एक साल पहले ही काम पूरा कर लिया गया। इस बीच मुख्यमंत्री ने गया आकर निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री का असाधारण नेतृत्व: विजय चौधरी वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि नेतृत्व साधारण हो तो उपलब्धियां साधारण होती हैं। लेकिन नेतृत्व असाधारण हो तो उपलब्धियां भी असाधारण होती हैं। फल्गु में तो पानी पहुंचा ही, अब समतल स्थानों से पहाड़ों पर गंगा का पानी पहुंचेगा। ऐसा नेतृत्व हमलोगों को मिला है, हम सभी भाग्यशाली हैं। इस मौके पर जल संसाधन विभाग के सचिव संजय अग्रवाल ने सबों का स्वागत किया।      

गया इंजीनियरिंग कॉलेज में एमबीबीएस परीक्षा शुरू

गया। गया अभियंत्रण महाविद्यालय में अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज के तीसरे वर्ष के छात्रों का परीक्षा आज से प्रारंभ हुआ है|प्राचार्य डॉक्टर मनोज कुमार ने कहा कि यह परीक्षा कदाचार मुक्त हो एवं छात्रों को कोई अन्य परेशानी ना हो इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा। अगर कोई छात्र कदाचार में संलिप्त पकड़े गए तो उन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मीडिया प्रभारी प्रो राहुल कुमार ने बतलाया बतलाया की आज का परीक्षा सेंटर सुप्रीटेंडेंट प्रो गिरजानंदन शर्मा के देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ । आज के परीक्षा में कुल 96 छात्रों ने भाग लिया। यह परीक्षा 06 सितंबर से 14 सितंबर तक चलेगा।

सीएसपी संचालक के खाते से उड़ाए 70 हजार रुपए

महकार थाना के कुरवा में एटीएम फ्रॉड का मामला सामने आया है। करहरा में सीएसपी का संचालन करने वाले नागेंद्र कुमार के एटीएम से 70 हजार रुपया अवैध तरीके से निकाल लिया। इस बाबत नागेंद्र ने महकार थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। लिखित शिकायत के अनुसार वह अपने केंद्र पर ग्राहकों को पैसा देने के लिए कुरवा के एटीएम से पैसा निकालने आए थे। 20 हजार रुपया निकालने के बाद उनका एटीएम कार्ड एटीएम मशीन में फंस गया, जिसके बाद एक अन्य व्यक्ति जो तथाकथित तौर पर पैसा निकालने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। उसने उनसे एटीएम से बाहर आने को कहा, लेकिन जब नागेंद्र ने उन्हें बताया कि उनका कार्ड मशीन में फंस गया है। तब उसी व्यक्ति ने नागेंद्र का एक फर्जी गार्ड से फोन पर बात कराया। गार्ड ने उन्हें बताया कि आपको खिजरसराय मुख्य ब्रांच आना होगा। जिसके बाद वह अपना कार्ड उसी स्थिति में मशीन में फंसा हुआ छोड़कर खिजरसराय चले गए। मुख्य ब्रांच पहुंचने से पहले ही उनके मोबाइल पर 70 हजार निकासी का मैसेज आ गया, जिसकी शिकायत थाने में की गई।

हड़ताली कर्मियों ने नहीं निकालने दिया सफाई वाहन, बैरंग लौटे अधिकारी

निगम स्टोर के पास पहुंचे लोगों और सफाई वाहनों को निकालने के लिए गए प्राइवेट ड्राइवरों को हड़ताली कर्मियों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा प्राइवेट चालकों को स्टोर में कुछ समय के लिए बंधक भी बना लिया गया था। निगम स्टोर के पास हड़ताली कर्मियों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा, निवर्तमान डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव व डीएसपी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचे। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपने मांगो पर अड़े रहे। इधर, निगम के सफाई कर्मियों के हड़ताल के कारण शहर में चौतरफा गंदगी बजबजा रही है। वहीं पितृपक्ष मेला को देखते हुए हड़ताल के 11 वें दिन प्रशासनिक अमला ने गया स्टेशन रोड निगम स्टोर में हड़तालियों को काफी समझाया गया, लेकिन हड़तालियो के आगे प्रशासनिक अमले में शामिल अधिकारियों की एक नहीं चली।

जाप पार्टी के तीन दिवसीय मंथन सह प्रशिक्षण शिविर शुरू

जन अधिकार पार्टी का तीन दिवसीय मंथन सह प्रशिक्षण शिविर मंगलवार से बोधगया में शुरू हो गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव, प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र कुशवाहा, राष्ट्रीय महासचिव प्रेमचंद सिंह, राजेश पप्पू, संयोजक राजीव कुमार कन्हैया, सह संयोजक विनोद कुमार मरांडी, भवानी सिंह ने संयुक्तरूप से दीप जलाकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घटान किया। पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने अप्रत्यक्ष रूप से नीतीश कुमार का समर्थन करते दिखे और मोदी सरकार पर हमलावर हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा, आरएसएस की नीतियों की वजह से देश जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है, उसपर विचार करने के लिए ये शिविर एक बहुत अच्छा अवसर है। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा की मौजूदा केंद्र सरकार नफरत फैला कर अल्पसंख्यकों को दबा रही है। देश को भाजपा मुक्त बनाने में जाप विपक्षी एकता को मजबूत करेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने देश से भाजपा मुक्त करने का जो संकल्प लिया है, पार्टी उस फैसले के साथ खड़ी हैं। चिंतन शिविर में राज्य के विभिन्न हिस्से से 350 लोगों ने भाग लिया।