Bakwas News

पितृपक्ष मेला 2022: सीएम नीतीश बोले- फल्गु में आया पानी, अब अक्टूबर तक घर-घर गंगा का जल

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को गया में रबर डैम का लोकार्पण तो किया ही,  फल्गु नदी और विष्णुपद मंदिर में पूजा भी की। सीता कुंड भी गए। एक-एक काम को बारीकी से देखा। मंच से सीएम ने कहा कि अब फल्गु नदी में पानी आ गया है। अक्टूबर तक गंगा का जल घर-घर मिलेगा। गंगा का जल यहां लाकर सुरक्षित रखा जाएगा और फिर इसकी आपूर्ति की जाएगी। सीएम नीतीश ने कहा कि गया सबसे पौराणिक शहरों में से एक है। इसलिए हम इसे गयाजी कहते हैं। पितृपक्ष में यहां लाखों लोग आते हैं। उन्हें हर प्रकार की सुविधा मिले, इसके लिए हमेशा अधिकारियों को निर्देश दिया गया। पशुओं को किनारे रखने को कहा गया। सीएम ने एक महिला श्रद्धालु की बात भी बताई, जिसमें महिला ने दिल्ली जाने के दौरान पितृपक्ष में व्यवस्था को लेकर शिकायत की थी। सीएम ने कहा कि अब व्यवस्था बहुत ठीक हो गई है तो यकीन मानिए श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ेगी।

पितृपक्ष मेले का हुआ शुभारंभ

पितृपक्ष मेला-2022 का उद्घाटन गुरुवार को हो गया। गयाधाम के विष्णुपद मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच विश्व प्रसिद्ध मेले का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने मेले का उद्घाटन किया। सीएम और डिप्टी सीएम गुरुवार की दोपहर बाद विष्णुपद मंदिर पहुंचे। सबसे पहले गर्भगृह में विष्णुचरण के दर्शन-पूजन किए। पूजन के बाद सभा मंडप में पितृपक्ष मेले का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री करीब 15 मिनट तक विष्णुपद मंदिर में रहे। सीएम का काफिला विष्णुपद से करीब 3.55 बजे रवाना हुआ।

अब साथ चलना है, रुकना नहीं है: तेजस्वी

उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने संबोधन शुरू किया तो खूब तालियां बजीं। उन्होंने रबर डैम के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। कहा- सात निश्चय, जल जीवन हरियाली, रोजगार की बात चल रही है। सीएम ने निर्देश दिया है। जो जिम्मेवारी मिली है, वही भारी है। मेरी कोई इच्छा नहीं है। विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हम जुमला नहीं, काम करते हैं। कुछ लोग दो करोड़ रोजगार दे रहे थे। वे आज कहां हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि 2016 में मुख्यमंत्री के साथ गया आए थे। यह मेरा सौभाग्य है कि इस मौके पर यहां आने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि अब साथ चलना है तो रुकना नहीं है, चलते चलना है।

नीतीश जी प्रधानमंत्री बनेंगे, तेजस्वी ही होंगे मुख्यमंत्री: मांझी

पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने मगही में संबोधन कर लोगों का दिल जीत लिया। कहा, जब नीतीश जी प्रधानमंत्री बनेंगे तो मुख्यमंत्री तेजस्वी ही बनेंगे। उन्होंने कहा, फल्गु में पानी आ गया और गंगा का पानी भी यहां पहुंच रहा है। अब केवल फल्गु के दोनों किनारे सड़क बनाने की जरूरत है। मांझी ने नीतीश कुमार के प्रधानमंत्री बनने की कामना की।

देश में फल्गु के रबर डैम की चर्चा: संजय झा

जल संसाधन व जनसंपर्क मंत्री संजय कुमार झा ने कहा कि इस रबर डैम की चर्चा पूरे देश में हो रही है। 2020 सितंबर में इसका शिलान्यास हुआ और एक साल पहले ही काम पूरा कर लिया गया। इस बीच मुख्यमंत्री ने गया आकर निरीक्षण भी किया।

मुख्यमंत्री का असाधारण नेतृत्व: विजय चौधरी

वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि नेतृत्व साधारण हो तो उपलब्धियां साधारण होती हैं। लेकिन नेतृत्व असाधारण हो तो उपलब्धियां भी असाधारण होती हैं। फल्गु में तो पानी पहुंचा ही, अब समतल स्थानों से पहाड़ों पर गंगा का पानी पहुंचेगा। ऐसा नेतृत्व हमलोगों को मिला है, हम सभी भाग्यशाली हैं। इस मौके पर जल संसाधन विभाग के सचिव संजय अग्रवाल ने सबों का स्वागत किया।

 

 

 

Bakwas News
Author: Bakwas News

Leave a Comment