Bakwas News

कौलेश्वरी रामानंद मेमोरियल संस्थान जरलाही मठिया के सौजन्य से किया गया कंबल वितरण

बिक्रमगंज प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय सोनी मठिया के प्रांगण में कौलेश्वरी रामानंद मेमोरियल संस्थान जरलाही मठिया के सौजन्य से कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिक्रमगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार संजय एवं विशिष्ट अतिथि बिक्रमगंज प्रखंड प्रमुख सह जिलाध्यक्ष राकेश सिंह उर्फ लाली शिरकत किए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का स्कूली बच्चियों द्वारा स्वागत गान से अभिवादन एवं वंदन किया गया। उसके उपरांत स्वागत गीत में शामिल बच्चियों द्वारा मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य लोगों को गुलाब का फूल स्वागत के तौर पर भेंट की गई। तत्पश्चात मुख्य अतिथि डीएसपी कुमार संजय ने मानी पंचायत के मानी गांव निवासी दिलीप बैठा की पुत्री जूही कुमारी को डायरी, कलम, बुकें एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। साथ ही साथ कार्यक्रम के आयोजनकर्ता पूर्व सदस्य रेलवे सलाहकार बोर्ड भारत सरकार अनंत कुमार गुप्ता द्वारा जूही कुमारी को पुरस्कार के रूप में ₹2100 की नगद राशि प्रदान की गई। जो अपने पंचायत में बोर्ड की वार्षिक परीक्षा में टॉपर रही। उसके बाद आयोजनकर्ता द्वारा मुख्य अतिथि डीएसपी कुमार संजय को बुकें एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अन्य अतिथियों को बुकें एवं अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया। उसके बाद मुख्य अतिथि डीएसपी कुमार संजय एवं विशिष्ट अतिथि बिक्रमगंज प्रखंड प्रमुख राकेश सिंह उर्फ लाली के द्वारा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल देकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। आयोजनकर्ता के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर करीब 250 गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल वितरण किया गया। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए बिक्रमगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार संजय ने कहा कि सूबे में पड़ रही कड़ाके की ठंड को लेकर कौलेश्वरी रामानंद मेमोरियल संस्थान के द्वारा जो यह आयोजन किया गया है वह काफी सराहनीय है। क्योंकि हमारे शास्त्रों में वर्णित है कि गरीब एवं असहायों की सेवा करना कभी व्यर्थ नहीं जाता। साथ ही साथ उन्होंने कहा कि हम सबका परम कर्तव्य बनता है कि अपनी संतानों को उच्च शिक्षा दें। साथ ही साथ हमारा यह भी परम कर्तव्य बनता है कि अपने संतानों को अच्छा संस्कार दें। अगर हम अपने संतानों को अच्छा संस्कार देंगे तो हमारे आने वाली पीढ़ी स्वयं अपने आप आगे बढ़ेगी, जिससे हमारा देश आगे बढ़ेगा। साथ ही साथ उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर यह भी कह डाला कि 26 जनवरी के उपरांत पुलिस और पब्लिक एक साथ बैठकर सभी बिंदुओं पर बातचीत करेगी। डीएसपी ने बताया कि अनुमंडल के सभी प्रखंड अंतर्गत आने वाले शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय जनप्रतिनिधि के सहयोग से पुलिस और पब्लिक के बीच बैठकर उनकी समस्याओं का निराकरण करते हुए पुलिस एवं पब्लिक के बीच मैत्री संबंध स्थापित किया जाएगा। मौके पर उक्त पंचायत के बीडीसी तिलक पासवान,परमेश्वर प्रसाद गुप्ता, शिक्षक अनिल कुमार प्रभाकर, रंगलाल सिंह, सुरेश सिंह, अमित कुमार, मुकेश गुप्ता, सत्यनारायण सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।

संझौली बीडीओ ने जरूरतमंदों के बीच बांटे कंबल

संझौली प्रखंड परिसर में शनिवार को बढ़ती ठंड से राहत पहुंचाने को लेकर जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। बीडीओ प्रभा कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि समाजिक सुरक्षा योजन के तहत करीब एक दर्जन से ऊपर जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। सरकार द्वारा योजनांतर्गत प्रखंड में बढ़ती ठंड के मद्देनजर कंबल उपलब्ध कराया जा रहा है। जिसमें प्राथमिकता के आधार पर कंबल का वितरण किया जाना है। प्रखंड में कुल 78 कंबल का वितरण किया जाना है। जिसमें 15 जरूरतमंदों को कंबल दिया गया। वहीं वितरण के दौरान वृद्धोंजनों ने बीडीओ को साधुवाद दिया।

रोहतास जिला फुटबॉल संघ की हुई बैठक

रोहतास जिला फुटबाल संघ के पदाधिकारियों की एक बैठक संत पॉल स्कूल के उमा ऑडिटोरियम में की गई। जिसकी अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष एस पी वर्मा ने की। बैठक में बिहार फुटबॉल संघ के तत्वावधान में 8 जनवरी से न्यू स्टेडियम फजलगंज में आयोजित होने वाली 72 वीं बिहार राज्य मोइनुल हक ट्रॉफी टूर्नामेंट की तैयारी को लेकर विचार विमर्श किया गया। अध्यक्ष ने बताया कि रोहतास जिला फुटबाल संघ द्वारा टूर्नामेंट 8 जनवरी से लेकर 12 जनवरी तक चलेगा। जिसमें बिहार का पांच जिला रोहतास, कैमूर, भोजपुर, औरंगाबाद अरवल की टीम भाग लेगी। सभी टीमें एक दूसरे से लीग मैच खेलेगी। पहला मैच 11.00 बजे अपराह्न से और दूसरा मैच 2.30 बजे पूर्वाहन से शुरू होगा। प्रतिदिन दो मैच होगा। सभी टीम के खिलाड़ियों के ठहरने खाने का उतम व्यवस्था किया गया है। साथ ही न्यू स्टेडियम फजलगंज सासाराम के फुटबॉल ग्राउंड को सुसज्जित किया जा रहा है। जिससे खिलाड़ियों को खेलने में कोई असुविधा न हो। बैठक में रोहतास जिला फुटबाल संघ के सचिव नौशाद आलम, कोषाध्यक्ष विमल कुमार सिंह, संरक्षक एनाम अहमद, उपाध्यक्ष आफताब आलम, सहायक सचिव उपेंद्र कुमार यादव, आदिल इमाम, उपेंद्र कुमार, अंतिम कुमार शामिल थे।

भारत की प्रथम अध्यापिका सावित्रीबाई फुले की मनाई गई जयंती

भारत की प्रथम अध्यापिका सावित्रीबाई फुले की जयंती शुक्रवार को सासाराम रोड स्थित मुन्नी सिंह मार्केट में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। माली मालाकार कल्याण समिति जिला अध्यक्ष संतोष भंडारी द्वारा आयोजित जयंती समारोह में कई लोगों ने भाग लिया। इस दौरान माता सावित्रीबाई फुले एवं महान सामाजिक सचेतक महात्मा ज्योतिबा फुले के तैल चित्र पर लोगों ने पुष्प अर्पित किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को संदेश देते हुए अधिवक्ता जयराम प्रसाद ने कहा कि एक समय था जब शोषितो सहित महिलाओं को शिक्षा से वंचित रखा जाता था। सदियों से चली आ रही इस अमानवीय व्यवस्था को सावित्रीबाई फुले ने अपने पति ज्योतिबा फुले के साथ कम से कम मिलाते हुए संघर्ष के बल पर समाप्त करने का काम किया। परिणाम स्वरूप महिलाओं सहित शोषित वर्ग को शिक्षा ग्रहण करने का अधिकार प्राप्त हुआ। वहीं मौके पर उपस्थित अयूब खान, शिक्षक अरविंद कुमार सिंह ने फूले दंपति का जीवन वर्तमान में भी लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत बताया। संतोष भंडारी ने कहा कि शिक्षा के लिए सावित्रीबाई फुले ने जो संघर्ष किया उसके सापेक्ष उन्हें भारत में सम्मान प्राप्त नहीं हुआ। इसके लिए सरकार द्वारा इन्हें भारत रत्न से विभूषित करना चाहिए। मौके पर द्विज राज, मंटू कुमार, राहुल कुमार, चिंटू यादव, चंदन कुमार कुंदन कुमार, विक्की यादव सलीम अली एवं मुन्ना शर्मा सहित कई लोग उपस्थित थे।

पेपर लेस निबंधन प्रणाली के विरोध में दस्तावेज नवीसों ने किया निबंधन कार्यालय में प्रदर्शन

बिक्रमगंज निबंधन कार्यालय में पेपर लेस निबंधन प्रणाली के विरोध में दस्तावेज लेखकों ने प्रदर्शन किया और काला बिल्ला लगाकर निबंधन कार्य किया। बिहार दस्तावेज नवीस महासंघ के आह्वान पर शुक्रवार को दस्तावेज नवीसों ने काला बिल्ला लगाकर निबंधन कार्यालय के सामने पेपर लेस निबंधन प्रणाली वापस लेने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया व नारेबाजी की। दस्तावेज लेखकों ने पूरे दिन काला बिल्ला लगाकर विरोध करते हुए कार्य किया। महासंघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष सह शाखा सचिव रामाकांत भारती ने इस कार्यक्रम का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि पेपर लेस निबंधन प्रणाली में दस्तावेज लेखको की भूमिका स्पष्ट नहीं है। प्रदर्शन में अखिलेश कुमार सिन्हा, शम्भू प्रसाद सिन्हा, राम बिहारी सिंह, राधा मुनि सिंह, मुंद्रिका सिंह, अरुण कुमार, राजेन्द्र सिंह, लालधारी सिंह, कृष्णा सिंह सहित कई दस्तावेज लेखक, प्रशिक्षु और निबंधन कार्य से जुड़े लोगों ने भाग लिया।

राधिका रमण के पूण्यतिथि पर किया गया क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन गरीबों के बीच कंबल, चुड़ा तिलकूट का किया गया वितरण

आर० आर० शर्मा सोसल एण्ड वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वाधान में लघु उद्योग के अधीक्षक राधिका रमण शर्मा के 5वीं पूण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव प्रखंड क्षेत्र के नोनहर में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इसके साथ हीं गरीबों के बीच कंबल, चुड़ा और तिलकूट का वितरण किया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष रविरंजन शर्मा ने बता कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी 50 गरीब कमजोर वर्ग के लोगों के बीच कंबल, चुड़ा और तिलकूट का वितरण किया गया। इसके साथ हीं क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। जिसमें नोनहर गांव के हीं पांच टीमों ने भाग लिया। टूर्नामेंट का फाइनल मैच मुंबई इंडियन और सीएसके के बीच खेला गया। सीएसके ने जीत दर्ज कर ट्रौफी पर कब्जा जमाया। संस्थान के द्वारा विजेता टीम के कप्तान मनजी कुशवाहा को ट्रौफी के साथ 15 सौ रुपये बतौर पुरस्कार के रूप में दिया गया। वहीं उपविजेता टीम के कप्तान प्रिंस कुमार को भी सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट का मैन औफ द सीरीज गोलक साह, जबकि मैन औफ द मैच छोटक कुशवाहा रहे। एंपायर की भूमिका सुशील कुमार भारती और हरेंद्र राय ने निभाया। स्क्रोरर मनजी गुप्ता तथा कमन्ट्रेटर गोबिंदा राय रहे। मौके पर संस्थान के कोषाध्यक्ष राजेश रंजन, आशुतोष शर्मा, शत्रुधन शरण, कृत्ति राज, लक्ष्य राज, रमेश कुशवाहा, नोनहर के पैक्स अध्यक्ष अमन राज सहित कई लोग उपस्थित थे।

विराट शिव गुरु महोत्सव का किया गया आयोजन, हजारों शिव शिष्य हुए शामिल

बिक्रमगंज शहर के काशी घाट पर रविवार को विराट शिव गुरु महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जागरण भजन एवं कीर्तन से हुआ। जैसे ही अभिनव आनंद उर्फ मनु भैया का आगमन हुआ श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। मंच पर पहुंचने पर अध्यक्ष प्रेम कुमार, अनिल कुमार, श्रवण, अनुज, विजय, नवीन चंद्र शाह ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। तत्पश्चात उन्होंने अपने शिव शिष्यों को संबोधित करते हुए शिव के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। अपने चर्चा के क्रम में तीन सूत्र का पालन करने का भी आग्रह किया। इसके लिए उन्होंने दशरथ मांझी का उदाहरण भी दिया। शिष्यों द्वारा प्रश्न भी पूछे गए। जिसका जवाब उन्होंने बड़े ही सरल ढंग से दिया। लोगों ने ताली बजाकर उत्तर देने पर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा प्रणाम करने से परिणाम भी बदल जाते हैं। अपने उद्बोधन से मानवीय चेतना को भी झकझोर दिया। कहा कि हम सबों का शरीर बड़े ही भाग से मिला है इसका हम सबों को सही ढंग से उपयोग करना चाहिए। महादेव तो सबसे मोहब्बत करते हैं। चंदा मामा सबके मामा, भोला बाबा सबके बाबा। कोई किसी भी पद्धति से पूजा पाठ करें, कोई एतराज नहीं, लेकिन महादेव को अपना गुरु बनाना चाहिए। महादेव आदि गुरु हैं। जिस स्थान पर यह आध्यात्मिक आयोजन हो रहा है यह महादेव को विशेष प्रिय है। शमशान देखने से लोगों को जीवन में बैराग उत्पन्न होता है। उपस्थित शिष्यों को अंत में मंगलमय भविष्य की कामना की। शिव गुरु महोत्सव के शुभ अवसर पर गुरु भाई सहित गुरु बहना बड़ी संख्या में उपस्थित थी। नगर परिषद बिक्रमगंज के पूर्व सभा पति गुप्तेश्वर प्रसाद, रंजू देवी, श्रवण, दुलारचंद, सुरेश, शंकर, मनोज, सुभाष, तोता, अनिल, जालंधर, रवि, जायसवाल, विक्रम, आरती, सत्येंद्र कुमार चौधरी, मनोज कुमार, कृष्ण कुमार राम, कामेश्वर, महेंद्र, गणेश चर्चा के क्रम में कैलाश, सीमा, मनोज, अजय, रानी, बेबी, पुष्पा, प्रज्ञा, संजय, ऋषि, विजेंद्र, संजय इत्यादि गणमान्य व्यक्ति के रूप में पूर्व अध्यक्ष गुप्तेश्वर प्रसाद गुप्ता, शिवनाथ प्रसाद अक्षयवर इत्यादि लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का समापन आरती प्रार्थना के साथ हुआ।

बिक्रमगंज में आयोजित हुआ मास्टर एन्ड मिस बिक्रमगंज हैंडराइटिंग एक्ससेलेन्स 2024 कॉन्टेस्ट

बिक्रमगंज में पहली बार मास्टर एन्ड मिस बिक्रमगंज हैंडराइटिंग एक्सीलेंस कांटेस्ट का आयोजन किया गया।इस प्रतियोगिता को डिहरी रोड स्थित रिस्टार्ट रिमेडियल क्लासेज ने प्रायोजित किया।आयोजन समिति के संयोजक आफ़ताब अंसारी ने बताया कि इस प्रतियोगिता का आयोजन छात्र-छात्राओं को सुंदर और स्वच्छ लिखावट के प्रति प्रेरित करने के लिए किया गया।प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले एक छात्र और एक छात्रा को मास्टर बिक्रमगंज और मिस बिक्रमगंज हैंडराइटिंग एक्सीलेंस अवार्ड-2024 से सम्मानित करते हुए एक-एक लैपटॉप प्रदान किया जाएगा।द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले एक छात्र या छात्रा को पुरस्कार – स्वरूप एक साइकिल तथा तृतीय स्थान से 50वें स्थान तक चयनित प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार के साथ प्रमाणपत्र प्रदान किये जायेंगे। आयोजन समिति की सह संयोजका स्नेहा ने बताया कि आज सम्पन्न हुए इस प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों से 820 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।यह प्रतियोगिता कक्षा तृतीय से नवम वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित की गई थी। विजेताओं के नामों की घोषणा और मास्टर व मिस बिक्रमगंज हैंडराइटिंग एक्सीलेंस 2024 का अवार्ड 2 फरवरी 2025 को एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित कर दिया जाएगा।रिस्टार्ट रिमेडियल क्लासेज के निदेशक प्रकाश आनन्द ने बताया कि अगले माह में आयोजित होने वाली मास्टर एवं मिस बिक्रमगंज जी के कॉन्टेस्ट को भी रिस्टार्ट रिमेडियल क्लासेज ही प्रायोजित करेगा।यह कॉन्टेस्ट 14 जनवरी व 21 जनवरी 2025 को आयोजित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु आवेदन करने की प्रक्रिया 5 जनवरी से शुरू हो जाएगी।अभिभावक दीपक सिंह ने बताया कि समय-समय पर इस तरह के प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चे बेहतर करने के लिए प्रेरित होते हैं।

पंचायत समिति की बैठक में 50 लाख की योजनाओं की मिली स्वीकृति

संझौली प्रखंड कार्यालय के सभागार में शनिवार की पंचायत समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख समीरचन्द ने किया। बैठक की शुरुआत बीडीओ प्रभा कुमारी के उद्घोघोषन से शुरू हुआ। बीडीओ ने अपने सम्बोधन में सबसे पहले सभी उपस्थित सदस्यों का अभिवादन करते हुए बैठक के मुख्य एजेंडा के बारे में विस्तृत रूप से बताया। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले देश के पुर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आकस्मिक निधन पर उपस्थित सभी सदस्यों, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने दो मिनट मौन रख संवेदना व्यक्त की। प्रखण्ड स्तरीय सभी विभागों की समीक्षा व अन्य विषयों पर चर्चा किया गया। बैठक में 15 वित्त आयोग अंतर्गत कुल 50 लाख रुपये के योजनाओं की स्वीकृति सदस्यों ने मेज थपथपाकर दी। इस दौरान सदस्यों ने सदन में आवास की सूची उपलब्ध कराने, विभिन्न वार्डों में बंद पड़े नलजल योजना, जन्म-मृत्यु बनवाने में आमजनों को हो रही परेशानी, वार्डों में लगाए जा रहे घटिया स्ट्रीट लाइट, धान अधिप्राप्ति से लेकर स्मार्ट मीटर, विभिन्न वर्डों में खराब पड़े चापाकल सहित अन्य मुद्दा को उठाया। इस पर संबंधित विभाग के अधिकारियों ने जल्द समाधान किए जाने की बात कही। इस दौरान सदस्यों ने आमजनों को जन्म- मृत्यु प्रमाण पत्र में हो रही परेशानी और भ्रष्टाचार को लेकर सदस्यों ने जमकर हंगामा किया। इस पर बीडीओ ने सदस्यों को अवगत कराते हुए जन्म- मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही परेशानी को लेकर इसे जल्द समाधान करने की बात कही। बैठक में मुख्य रूप से सीओ किशोर पासवान, बीपीआरओ श्वेता कुमारी, बीईओ परवेज आलम, मनेरगा पीओ रामा शंकर दुबे, प्रखंड सांख्यकी पदाधिकारी दीपक कुमार दीपांकर, जेई रेशमी कुमारी, उप प्रमुख इंद्रासनी देवी, बीडीसी सदस्य मनोज कुमार, मंटू कुमार उर्फ नरेंद्र सिंह, अरुण कुमार, मधु उपाध्याय, नेहा कुमारी, शैदा खातून, मुखिया संगीता देवी, कमला देवी, मिथलेश सिंह उप प्रमुख प्रतिनिधि वरुण सिंह, सहित अन्य कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ एक कारोबारी धराया

बिक्रमगंज पुलिस भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ एक कारोबारी को धर दबोचा । बिक्रमगंज थानाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि शहर के डुमरांव रोड बस स्टैंड के पास पान गुमटी के समीप से पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 180 एमएल का 63 पीस एट पीएम के टेट्रा पैक शराब के साथ एक कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार कारोबारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरौना गांव निवासी स्वर्गीय दीनदयाल साह के पुत्र अखिलेश कुमार बताया जाता हैं। श्री कुमार ने कहा कि गिरफ्तार कारोबारी के विरुद्ध संबंधित मामला दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।