Bakwas News

डंप किये गये कचरा में लगी आग, दूषित वातावरण से लोग परेशान

नगर पंचायत काराकाट गोड़ारी के जमुआ पेट्रोल पंप के पास डंप किये गये कचरा में शनिवार को सफाई कर्मियों ने आग लगा दी। इस कचरे से निकलने वाला जहरीला धुआं मोहल्ले में फैल रहा है। जिससे लोगों का जीना दूभर है गया है। नगर के 12 वार्डो से निकले कचरा डंपिंग यार्ड नहीं होना लोगों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। ग्राम पंचायत से नगर पंचायत बने दो वर्ष हो गया, लेकिन कचरा प्रबंधन की व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो सका है। अभी भी कचरे के डंपिंग की स्थायी व्यवस्था नहीं हो सकी है। डंपिंग ग्राउंड के अभाव में नगर के 12 वार्डों से निकलने वाले कचरे को सफाईकर्मी एनएच 120 बिक्रमगंज- नासरीगंज जमुआ पेट्रोल पंप के समीप मुख्य मार्ग के किनारे व यत्र-तत्र डंपिंग कर रहे है। इसमें गीला कचरा भी है। एक ओर इससे निकल रही दुर्गंध के कारण लोगों का वहां से गुजरना मुश्किल हो रहा है वहीं लोग खतरनाक बीमारियों की चपेट में आ रहे है। लेकिन नपं को इस पर कोई ध्यान नहीं है। नगर से निकले कचरे को एनएच पर डंप किये जाने के बाद उसे जला दिया जाता है। जलाने से कचरे से जहरीला धुंआ निकलता है। जो पर्यावरण के दृष्टिकोण से काफी हानीकारक होता है। बावजूद इसके नपं कर्मियों द्वारा धड़ल्ले से कचरा जलाया जा रहा हैं। पूरे नगर का कचरा यहीं डंप किया जाता है। जिससे महीनों से जमा कचरा के दुर्गंध से आम लोगों का जीना मुहाल हो गया है। एक तरफ डेंगू के डंक से बचाने के लिए विभाग की ओर से नगर पंचायत को जगह-जगह फॉगिंग व एंटी लार्वा छिड़काव का निर्देश दिया गया है। वहीं सड़क के किनारे कचरा की ढेर संक्रमण को न्यौता दे रहा है। स्वच्छता पदाधिकारी मोइन ने बताया कि कचरा डंपिंग यार्ड बनाने के लिए सरकारी से जमीन उपलब्ध नहीं हुआ है। जमीन मिलते ही डंपिंग यार्ड बनाने की कार्य किया जायेगा।

दो अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को किया जब्त

कछवां पुलिस ने थाना क्षेत्र के कंचन टोला के पास से शनिवार को दोपहर 2 बजे अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक भागने में सफल रहे। थानाध्यक्ष मितेश कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रोहतास रौशन कुमार केक्षनिर्देश पर बालू के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जांच शुरू किया गया। जिसमें कंचन टोला के पास से अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर को जब्त किया गया, जबकि दोनों ट्रैक्टर के चालक पुलिस की गाड़ी को आते देख कंचनटोला के पास गाड़ी छोड़ कर भाग गए। पुलिस गाड़ी को जब्त कर थाने लाई। इस संबंध में चालक और ट्रैक्टर मालिक के विरुद्ध मामला दर्ज कर विभागीय अधिकारी को रिपोर्ट भेज दिया गया है। जब्त ट्रैक्टर को पुलिस की निगरानी में रखा गया है।

सेवा सप्ताह कार्यक्रम में किया गया पाठ्य सामग्री का वितरण

सुशील कुमार मोदी जयंती समारोह के अंतर्गत सेवा सप्ताह प्रस्तावित कार्यक्रम बाल बच्चों एवं छात्र-छात्राओं के बीच पाठ्य पुस्तक का वितरण का कार्यक्रम का आयोजन ओबीसी मोर्चा की तत्वावधान में संझौली में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नवीन चंद्र शाह तथा संचालन मंडल अध्यक्ष सत्येंद्र पाठक ने की। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुआ। तत्पश्चात सभी अतिथियों का अंग वस्त्र एवं फूलमाला से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ने सुशील कुमार मोदी के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला तथा इन्हें सड़क से संसद तक अपनी बातें रखने में दक्ष बताया। छोटे परिवार में जन्म लेकर भी बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री तथा वित्त मंत्री पद को सुशोभित किया। पाठ पुस्तक वितरण के समय प्रखंड के शिक्षा पदाधिकारी भी अपनी सहभागिता दर्ज की। बच्चों को भी सुशील कुमार मोदी स्मृति शोध संस्थान पटना से अवगत कराया गया। तत्पश्चात स्लेम बस्ती में दीन दुखियों के बीच वस्त्र का वितरण किया गया। साथ ही साथ वंचित वर्ग के लोगों को अंग वस्त्र एवं फूल माला से सम्मानित किया गया। उनके बाल बच्चों को भी सामाजिक समरसता के तहत पेन, कॉपी, कलम, कटर इत्यादि दिए गए। इस कार्यक्रम के शुभ अवसर पर संस्कृति प्रकोष्ठ के राकेश शर्मा, कार्यकर्ता तारानंद शाह, रामसूरत सिंह, शिक्षक सोनू, लव मिश्रा, पुष्पा पटेल, सत्य समीर, चांदनी कुमारी, अंकित गुप्ता, राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी सहानुभूति सदस्य सुशील कुमार मोदी के प्रति अर्पित की।

उर्वरक निगरानी समिति की हुई बैठक

प्रखंड कृषि कार्यालय बिक्रमगंज के प्रांगण में प्रखंड प्रमुख राकेश कुमार सिंह उर्फ लाली सिंह की अध्यक्षता में उर्वरक निगरानी समिति की बैठक की गई। जिसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित प्रताप सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी वेद प्रकाश एवं सभी कृषि समन्वय, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक एवं किसान सलाहकार के साथ-साथ सभी उर्वरक के थोक एवं खुदरा विक्रेता उपस्थित थे। प्रखंड कृषि पदाधिकारी के द्वारा यह सख्त निर्देश दिया गया कि किसी भी परिस्थिति में किसानों को युरीया या अन्य तरह की उर्वरक सभी को उचित मूल्य पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। सभी कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार को यह निर्देशित किया गया कि आप लोग अपने-अपने आवंटित दुकानों पर सतत निगरानी हेतु भ्रमण करते हुए दैनिक स्टॉक का निरीक्षण करना सुनिश्चित करेंगे। निरीक्षण प्रति अधो हस्ताक्षरी के कार्यालय में उपस्थित करेंगे। साथ ही साथ यह भी निर्देश दिया गया कि नैनो यूरिया का प्रयोग करने के लिए किसानों के बीच प्रचार प्रसार करना सुनिश्चित करेंगे।

प्रखंड क्षेत्र के संझौली में तीन पर विद्युत ऊर्जा चोरी की प्राथमिकी दर्ज

बिजली चोरी के खिलाफ चलाये जा रहें विशेष अभियान के तहत प्रखंड-संझौली मे अवैध रूप से बिजली चोरी करने को लेकर जुर्माना लगाते हुए तीन लोगो पर प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है। बताते चलें की ग्राम-चरपुरवा में मीटर बाईपास कर अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा चोरी करने को लेकर कमलेश महतो पर 11375, श्रीराम सिंह पर 12988 रुपये राजस्व की क्षति लगायी गयी है। उक्त उपभोक्ता के द्वारा मीटर से पहले एक अतिरिक्त तार खिंचकर मीटर को बाईपास करते हुए अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा की चोरी की जा रही थी, जिसके कारण वास्तविक पठन अवरुद्ध हो रहा था तथा विभाग के राजस्व की क्षति हो रही थी। आगे बताते चलें की बिना कोई विद्युत कनेक्शन लिए अवैध रूप से विद्युत तार संयोजित कर विद्युत ऊर्जा चोरी करने को लेकर ग्राम-चैता बहोरी के रामप्रवेश राम पर 14760 रुपये राजस्व की क्षति लगायी गयी है। सहायक विद्युत अभियंता, बिक्रमगंज राज कुमार के द्वारा सभी व्यक्तियों से आग्रह किया गया है कि जो भी व्यक्ति विद्युत कनेक्शन नहीं लिए हैं वह सुविधा एप्प के माध्यम से आवेदन समर्पित कर विद्युत कनेक्शन ले लें तथा जो मीटर बाईपास कर विद्युत का उपभोग कर रहे हैं वह दुरुस्त कर ले अन्यथा जाँच के दौरान पाए जाने पर भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। कनीय विद्युत अभियंता संझौली प्रमुदित रक्त पटेल के द्वारा बताया गया की विद्युत कनेक्शन लेने के पश्चात ही विद्युत ऊर्जा का उपभोग करें एवं अनावश्यक होने वाली परेशानियों से बचें।

पुलिस ने वाहन जांच एवं नो एंट्री को लेकर 01 लाख 47 हजार रुपए वसूला जुर्माना

बिक्रमगंज पुलिस ने तेंदुनी चौक पर वाहन जांच एवं नो एंट्री को लेकर चलाए गए विशेष अभियान में विभिन्न वाहनों से 1 लाख 47 हजार रुपया जुर्माना वसूल किया है। एसडीपीओ कुमार संजय ने बताया कि पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल के जवानों द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान नो इंट्री के आदेश का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों से जुर्माना वसूल किया गया। इसके साथ हीं वाहन अधिनियम का अनुपालन नहीं करने वाले दो पहिया वाहनों से भी जुर्माना वसूल किया गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल के जवानों द्वारा वाहन चेकिंग एवं नो एंट्री को लेकर करीब 1 लाख 47 हजार रुपए का ऑनलाइन चालान काटा गया ।

गोड़ारी में सावित्री बाई फूले की मनाई गई जयंती

काराकाट प्रखंड मुख्यालय गोडारी में सावित्रीबाई फूले की 193वीं जयंती मनाई गई। जयंती समारोह की अध्यक्षता श्रीभगवान सिंह तथा मंच संचालन तुलसी सिंह ने किया। इस मौके पर उपस्थित लोगों ने उनके तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी जीवनी की चर्चा की।वक्ताओं ने कहा कि माता सावित्रीबाई फुले ने इस देश में बालिकाओं के लिए पहला विद्यालय खोली और लड़कियों को शिक्षित करने का सफल प्रयास किया। वह एक महान समाज सेविका थी और देश को पहली महिला शिक्षिका भी थी। उन्होंने रूढ़िवादी समाज का विरोध कर बालिकाओं के लिए महाराष्ट्र प्रांत में 18 बालिका महाविद्यालय खोलकर लड़कियों के लिए शिक्षा प्राप्त करने का दरवाजा हमेशा के लिए खोल दी। जो हमेशा से बंद था। देश की सभी महिलाएं जो आज पढ़ लिखकर देश और समाज के उन्नति में अपना अहम योगदान दे रही है उन्हें सावित्रीबाई फुले की ऋणी होनी चाहिए। सावित्रीबाई फुले जब बच्चियों को पढ़ने जाती थी तो विरोध में उनके ऊपर गोबर और कीचड़ फेंके जाते थे। सावित्रीबाई फुले गोबर और कीचड़ को फूल समझकर स्वीकार कर लेती थी, क्योंकि उनका मानना था कि समाज के शिक्षित करना अच्छा काम है और अच्छे काम में बधाएं आती ही है। वह एक महान शिक्षिका समाज सेविका राष्ट्र निर्माण पथ प्रदर्शक और नेत्री भी थी। कार्यक्रम को संजय सिंह, अरविंद चक्रवर्ती, काशीनाथ गौतम, सौरभ कांत, सागर, उमेश शर्मा, दिवाकर पटेल, नंदलाल बौद्ध, विशाल कुशवाहा, मुन्ना सिंह, प्रोफेसर जमुना सिंह, नंदा पासवान, सुनील राम सहित कई लोग उपस्थित थे।

कौलेश्वरी रामानंद मेमोरियल संस्थान जरलाही मठिया के सौजन्य से किया गया कंबल वितरण

बिक्रमगंज प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय सोनी मठिया के प्रांगण में कौलेश्वरी रामानंद मेमोरियल संस्थान जरलाही मठिया के सौजन्य से कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिक्रमगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार संजय एवं विशिष्ट अतिथि बिक्रमगंज प्रखंड प्रमुख सह जिलाध्यक्ष राकेश सिंह उर्फ लाली शिरकत किए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का स्कूली बच्चियों द्वारा स्वागत गान से अभिवादन एवं वंदन किया गया। उसके उपरांत स्वागत गीत में शामिल बच्चियों द्वारा मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य लोगों को गुलाब का फूल स्वागत के तौर पर भेंट की गई। तत्पश्चात मुख्य अतिथि डीएसपी कुमार संजय ने मानी पंचायत के मानी गांव निवासी दिलीप बैठा की पुत्री जूही कुमारी को डायरी, कलम, बुकें एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। साथ ही साथ कार्यक्रम के आयोजनकर्ता पूर्व सदस्य रेलवे सलाहकार बोर्ड भारत सरकार अनंत कुमार गुप्ता द्वारा जूही कुमारी को पुरस्कार के रूप में ₹2100 की नगद राशि प्रदान की गई। जो अपने पंचायत में बोर्ड की वार्षिक परीक्षा में टॉपर रही। उसके बाद आयोजनकर्ता द्वारा मुख्य अतिथि डीएसपी कुमार संजय को बुकें एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अन्य अतिथियों को बुकें एवं अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया। उसके बाद मुख्य अतिथि डीएसपी कुमार संजय एवं विशिष्ट अतिथि बिक्रमगंज प्रखंड प्रमुख राकेश सिंह उर्फ लाली के द्वारा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल देकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। आयोजनकर्ता के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर करीब 250 गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल वितरण किया गया। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए बिक्रमगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार संजय ने कहा कि सूबे में पड़ रही कड़ाके की ठंड को लेकर कौलेश्वरी रामानंद मेमोरियल संस्थान के द्वारा जो यह आयोजन किया गया है वह काफी सराहनीय है। क्योंकि हमारे शास्त्रों में वर्णित है कि गरीब एवं असहायों की सेवा करना कभी व्यर्थ नहीं जाता। साथ ही साथ उन्होंने कहा कि हम सबका परम कर्तव्य बनता है कि अपनी संतानों को उच्च शिक्षा दें। साथ ही साथ हमारा यह भी परम कर्तव्य बनता है कि अपने संतानों को अच्छा संस्कार दें। अगर हम अपने संतानों को अच्छा संस्कार देंगे तो हमारे आने वाली पीढ़ी स्वयं अपने आप आगे बढ़ेगी, जिससे हमारा देश आगे बढ़ेगा। साथ ही साथ उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर यह भी कह डाला कि 26 जनवरी के उपरांत पुलिस और पब्लिक एक साथ बैठकर सभी बिंदुओं पर बातचीत करेगी। डीएसपी ने बताया कि अनुमंडल के सभी प्रखंड अंतर्गत आने वाले शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय जनप्रतिनिधि के सहयोग से पुलिस और पब्लिक के बीच बैठकर उनकी समस्याओं का निराकरण करते हुए पुलिस एवं पब्लिक के बीच मैत्री संबंध स्थापित किया जाएगा। मौके पर उक्त पंचायत के बीडीसी तिलक पासवान,परमेश्वर प्रसाद गुप्ता, शिक्षक अनिल कुमार प्रभाकर, रंगलाल सिंह, सुरेश सिंह, अमित कुमार, मुकेश गुप्ता, सत्यनारायण सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।

संझौली बीडीओ ने जरूरतमंदों के बीच बांटे कंबल

संझौली प्रखंड परिसर में शनिवार को बढ़ती ठंड से राहत पहुंचाने को लेकर जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। बीडीओ प्रभा कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि समाजिक सुरक्षा योजन के तहत करीब एक दर्जन से ऊपर जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। सरकार द्वारा योजनांतर्गत प्रखंड में बढ़ती ठंड के मद्देनजर कंबल उपलब्ध कराया जा रहा है। जिसमें प्राथमिकता के आधार पर कंबल का वितरण किया जाना है। प्रखंड में कुल 78 कंबल का वितरण किया जाना है। जिसमें 15 जरूरतमंदों को कंबल दिया गया। वहीं वितरण के दौरान वृद्धोंजनों ने बीडीओ को साधुवाद दिया।

रोहतास जिला फुटबॉल संघ की हुई बैठक

रोहतास जिला फुटबाल संघ के पदाधिकारियों की एक बैठक संत पॉल स्कूल के उमा ऑडिटोरियम में की गई। जिसकी अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष एस पी वर्मा ने की। बैठक में बिहार फुटबॉल संघ के तत्वावधान में 8 जनवरी से न्यू स्टेडियम फजलगंज में आयोजित होने वाली 72 वीं बिहार राज्य मोइनुल हक ट्रॉफी टूर्नामेंट की तैयारी को लेकर विचार विमर्श किया गया। अध्यक्ष ने बताया कि रोहतास जिला फुटबाल संघ द्वारा टूर्नामेंट 8 जनवरी से लेकर 12 जनवरी तक चलेगा। जिसमें बिहार का पांच जिला रोहतास, कैमूर, भोजपुर, औरंगाबाद अरवल की टीम भाग लेगी। सभी टीमें एक दूसरे से लीग मैच खेलेगी। पहला मैच 11.00 बजे अपराह्न से और दूसरा मैच 2.30 बजे पूर्वाहन से शुरू होगा। प्रतिदिन दो मैच होगा। सभी टीम के खिलाड़ियों के ठहरने खाने का उतम व्यवस्था किया गया है। साथ ही न्यू स्टेडियम फजलगंज सासाराम के फुटबॉल ग्राउंड को सुसज्जित किया जा रहा है। जिससे खिलाड़ियों को खेलने में कोई असुविधा न हो। बैठक में रोहतास जिला फुटबाल संघ के सचिव नौशाद आलम, कोषाध्यक्ष विमल कुमार सिंह, संरक्षक एनाम अहमद, उपाध्यक्ष आफताब आलम, सहायक सचिव उपेंद्र कुमार यादव, आदिल इमाम, उपेंद्र कुमार, अंतिम कुमार शामिल थे।