Bakwas News

बलिया : बिल्थरारोड में भजन कीर्तन के दौरान माइक में आया करंट, एक महिला की मौत व 2 महिलाएं गंभीर रुप से झुलसीं

हादसे में दो अन्य महिलाएं गंभीर रुप से झुलसीं। डीह बाबा के स्थान पर महिलाएं कर रही थी शिव चर्चा। उभांव के चैनपुर गुलौरा गांव के मठिया में हुआ हादसा। बिल्थरारोड। माइक में उतरे करंट की चपेट में आकर  एक महिला की मौत हो गयी। हादसे में दो अन्य महिलाएं गंभीर रुप से झुलस गयीं। दोनों का इलाज सीएचसी सीयर पर चल रहा। उभांव थाना क्षेत्र के चैनपुर गुलौरा के मठिया मौजा में स्थित डीह बाबा स्थान पर  शिव चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें करीब दो दर्जन महिलाएं शामिल होकर भजन-कीर्तन कर रही थीं। इसी बीच किसी प्रकार लाउडस्पीकर के माइक में करंट उतर गया। इसकी जद में आकर मठिया निवासी 55 वर्षीय फुलपरी, 50 वर्षीय शांति तथा 45 वर्षीय लीलावती झुलस गयी। इसके बाद मौके पर भगदड़ मच गयी तथा शोर मचाते हुए महिलाएं इधर-उधर भागने लगी। जानकारी होने के बाद पहुंचे ग्रामीणों ने तीनों को सीएचसी सीयर पर पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद फुलपरी को मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी होने के बाद परिजन भी रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गये। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। लाउडस्पीकर मशीन से माइक तक पहुंचा करंट उभांव थाना क्षेत्र के चैनपुर गुलौरा गांव के मठिया में डीह बाबा के स्थान पर शिव चर्चा के लिये किराए पर लाउडस्पीकर मंगाया गया था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो लाउडस्पीकर बैट्री से चल रहा था, लेकिन उसमें बिजली का तार भी जोड़ा गया था। भजन-कीर्तन के दौरान ही अचानक बिजली आ गयी तथा मशीन की गड़बड़ी से करंट माइक स्टैंड तक पहुंच गया। सबसे नजदीक बैठी फुलपरी उसकी चपेट में आ गयी। उनको बचाने के प्रयास में दो अन्य महिलाएं भी झुलस गयी।  

फ्लाइओवर से नीचे गिरी 40 यात्रियों से भरी बस, 25 घायल और 1 की मौत

शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 40 यात्रियों से भरी एक बस फ्लाइओवर से नीचे गिर गई । बस में करीब 40 यात्री सवार थे जिनमें से 25 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अलीगढ़ एसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने मीडिया से बातचीत में कहा- हमें फर्रुखाबाद जा रही एक बस के फ्लाईओवर से गिरने की सूचना मिली। बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। इनमें से  25 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक ये हादसा अलीगढ़ के रोरावर इलाके में दिल्ली-कानपुर अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर हुआ। खचाखच भरी बस तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर फ्लाइओवर से नीचे गिरी। बस के नीचे गिरते ही उसके परखच्चे उड़ गए। इस दौरान चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने किसी तरह बस से लोगों को निकाला। सूचना मिलती ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और किसी तरह घायल यात्रियों को अलीगढ़ के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में एडमिट करवाया। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई है जबकि 25 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों में से 5 यात्रियों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। यूपी के बरेली में एक और सड़क हादसा हुआ है जहां हरिद्वार से गंगा जल लेकर लौट रहे एक परिवार की कार बरेली हाईवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में एक कांवड़िये की मौत की खबर है वहीं सात लोग घायल बताए जा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल 12 आईएएस के साथ 5 जिलें के डीएम भी बदले गए

शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासनिक सेवा में बड़ा ही फेरबदल किये है।  12 आईएएस अधिकारियों समेत पांच जिलों के डीएम के तबादले कर दिये गए हैं। 20 वरिष्ठ पीसीएस अफसरों को भी नई तैनाती मिली है। आईएएस के तबादलों में सबसे बड़ा नाम परिवहन निगम के प्रबंध निदेश राजेंद्र प्रताप सिंह को चित्रकूट का आयुक्त बनाया गया है। वाराणसी के डीएम कौशल राज शर्मा को प्रयागराज का आय़ुक्त बनाया गया है। उनकी जगह एस राजलिंगम को वाराणसी का जिलाधिकारी बनाया गया है। प्रबंध निदेशक परिवहन निगम राजेंद्र प्रताप सिंह को आयुक्त चित्रकूट बनाया गया है। सचिव वित्त विभाग संजय कुमार को प्रबंध निदेशक परिवहन निगम बनाया गया है। आयुक्त प्रयागराज संजय गोयल को आयुक्त झांसी मंडल बनाया गया है। जिलाधिकारी वाराणसी कौशल राज शर्मा को प्रयागराज का आयुक्त बनाया गया है। जिलाधिकारी कुशीनगर एस राजलिंगम को वाराणसी का जिलाधिकारी बनाया गया है। जिलाधिकारी उन्नाव रविंद्र कुमार को जिलाधिकारी कुशीनगर बनाया गया है। जिलाधिकारी फतेहपुर अपूर्व दुबे को उन्नाव जिलाधिकारी बनाया गया है। जिलाधिकारी बलरामपुर श्रुति को जिलाधिकारी फतेहपुर बनाया गया है। मुख्य विकास अधिकारी कानपुर नगर महेंद्र कुमार को जिलाधिकारी बलरामपुर बनाया गया है। मुख्य विकास अधिकारी अंबेडकरनगर सुधीर कुमार को मुख्य विकास अधिकारी कानपुर नगर बनाया गया है। उपाध्यक्ष मेरठ विकास प्राधिकरण मृदुल चौधरी को परियोजन प्रकाशक लखनऊ बनाया गया है। अपर आय़ुक्त वाणिज्यकर सुधा वर्मा को संयुक्त राज्य निर्वाचक आयुक्त बनाया गया है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जौनपुर को हिमांशु नागपाल को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कानपुर बनाया गया है। झाँसी के कमिश्नर 31 को रिटायर होंगे। जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी का तबादला 31 जुलाई से प्रभावित होगा।

गाजीपुर : महार रेजीमेंट के जवान की ड्यूटी के दौरान मौत से गाजीपुर के बेवडा में मचा कोहराम

बकवास संवाददाता  जनपद के जखनिया तहसील अंतर्गत भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के  रामपुर बलभद्र( मलकानी) गांव निवासी कन्हैया लाल यादव  नासिक के देवलाली में कार्यरत थे। कन्हैया लाल यादव 2003 में सेना में भर्ती हुए थे। लेकिन अपने पीछे दो बच्चों को छोड़कर आज दुनिया से चल बसे। गाजीपुर शहीदों की धरती को हर कोई सलाम करता है। यह धरती ऐसे-ऐसे वीर सपूतों को पैदा करती है, जो देश की रक्षा करते-करते सीने में गोली खाकर खुशी-खुशी मौत को गले लगा लेते हैं। कन्हैया लाल यादव अपने पीछे एक पुत्र विश्वजीत यादव 16 वर्ष और एक पुत्री रोशनी यादव 12 वर्ष को छोड़ गए हैं जिनका रो-रोकर बुरा हाल बना रहा। वही पत्नी रिंकू यादव पति के याद में बेहोश हो जाती रही। कहा जाता है कि पिता को सबसे बड़ा दु:ख तब होता है जब पुत्र की अर्थी उठानी पड़ती है। आज वही दिन नंदलाल यादव को देखना पड़ा रहा कि पुत्र की अर्थी उठाते समय पिता के ऊपर क्या गुजरी होगी। कन्हैया यादव का शहीद होना बहुत ही बड़ा दु:ख परिजनों एवं क्षेत्रवासियों को हुआ, लेकिन गर्व भी है कि कन्हैया यादव देश के लिए अपने प्राणों को नि:छावर किए हैं, धन्य है वह मां जो ऐसे लाल  को पैदा करती हैं। माता दुर्गावती देवी ने रोते हुए शब्दों में बकवास न्यूज़ के संवाददाताओ को बताया कि मेरा पुत्र देश की सेवा करता था और करते करते देश के लिए अपना जान दे दिया।

बलिया : राजभर बस्ती में बिना बिजली सप्लाई के आये हजारो रुपए का बिजली बिल, ग्रामीणों में आक्रोश

बलिया। राज्य में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार तेजी से प्रयास कर रही है और इसका असर धरातल पर देखने को मिल भी रहा है । परंतु बिजली विभाग का एक अनूठा कार्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। दरसल सोहाव ब्लाक केनरहीं गांव के खमीरपुर मौजे में सत्र 2018 में प्राइवेट कंपनी द्वारा बिजली का पोल और तार राजभर बस्ती में पहुंचाया गया । ग्रामीणों का आरोप है कि बिना सप्लाई चालू हुए और बिना ट्रांसफार्मर के ही लोगों को कनेक्शन बांट दिया गया । वर्तमान स्थिति यह है की उक्त बस्ती में अभी भी सप्लाई तो नही पहुंची परंतु लोगों के घरों में 10 से लेकर 15 हजार तक बिल पहुंच गया । विगत दिन जब विभाग के कर्मचारी चेकिंग के लिए पहुंचे तो ग्रामीणों ने यह समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी। समस्या का निदान ना होते देख आज लगभग दो दर्जन लोग ग्राम सभा के प्रधान के पास पहुंचे और इस समस्या के निदान के लिए गुहार लगाई। ग्राम प्रधान नरहीं रामनारायण पासवान ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया की उक्त प्रकरण में उच्चाधिकारियों से बात कर समस्या का हल कराया जाएगा। इस मौके पर दिनेश, शिवनाथ, गुलाबचंद, बीरबल, भोला, अर्जुन, लीलावती, विद्यावती सहित दो दर्जन लोग अपने कनेक्शन के कागजात के साथ पंचायत भवन पहुंचे।

लखनऊ : प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा देने वाले जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक काम पर लौटे

लखनऊ । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को संबोधित इस्तीफा देकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा देने वाले जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक काम पर लौट आए हैं। विभाग में हाल ही में हुए तबादलों में अवैध वसूली, नमामि गंगे योजना में भ्रष्टाचार, अफसरों द्वारा बात न सुनने और दलित मंत्री होने की वजह से भेदभाव जैसे गंभीर आरोप लगाकर उन्होंने प्रदेश की राजनीति में खलबली मचा दी। राज्यमंत्री दिनेश खटीक के उठाए गए विभाग में भ्रष्टाचार व अफसरों द्वारा मंत्री की अनदेखी के मुद्दे को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद गंभीरता से लिया था। सीएम योगी ने दिनेश खटीक की एक-एक बात बंद कमरे में सुनी थी। उन्होंने हर आरोप की जांच का आश्वासन देने के साथ उनका त्याग-पत्र अस्वीकार कर दिया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले आश्वासन के बाद राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने बुधवार को कामकाज संभाल लिया। वह कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह और राज्यमंत्री रामकेश निषाद के साथ सिंचाई विभाग की समीक्षा बैठक में शामिल हुए। इस दौरान राज्य में कम बारिश वाले जिलों में फसलों को लेकर तैयारियों की समीक्षा की।

दिल्ली के तिहाड़ जेल में भूख हड़ताल पर बैठे यासीन मलिक की तबियत बिगड़ी, राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती

आतंकी संगठन जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट के चीफ यासीन मलिक को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। तिहाड़ जेल में भूख हड़ताल पर बैठे मलिक की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। तबीयत खराब होने के बाद मलिक को दिल्ली राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली स्थित तिहाड़ जेल में यासीन मलिक 6 दिन से भूख हड़ताल पर था। कश्मीर के अलगाववादी नेता यासीन मलिक को ड्रिप (नलियों) के जरिए लिक्विड डाइट दिया जा रहा था। मलिक ने रुबैया सईद के अपहरण से जुड़े मामले में जम्मू की अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का अनुरोध किया था, लेकिन केंद्र सरकार से इस पर कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने भूख हड़ताल शुरू कर दी। मलिक इस मामले में आरोपी है। प्रतिबंधित जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के प्रमुख मलिक (56) ने शुक्रवार को सुबह भूख हड़ताल शुरू की थी। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया, ”कड़ी सुरक्षा के बीच जेल नंबर 7 में एक अलग सेल में रखा गया मलिक शुक्रवार की सुबह से कुछ नहीं खा रहा है। वह अब भी भूख हड़ताल पर है और चिकित्सक उसके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखा जा रहा है।”

तीन दिनों के दौरान जांच एजेंसी ने सोनिया से पूछे अहम सवाल, खत्म हुई ED की पूछताछ

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ पूरी हो चुकी है। नेशनल हेराल्ड मामले में तीसरे दिन कांग्रेस प्रमुख से करीब 3 घंटे तक सवाल पूछे गए। खबर है कि अगला समन जारी होने तक उन्हें केंद्रीय जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं होना होगा। खबर है की जांच एजेंसी ने तीन दिनों के दौरान करीब 12 घंटों में सोनिया से 100 से ज्यादा सवाल पूछे हैं। सोनिया गांधी बुधवार को करीब 3 घंटे की पूछताछ के बाद ईडी दफ्तर से निकल चुकी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें आगे पेशी पर नहीं बुलाया जाएगा। हालांकि, रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से यह कहा जा रहा है कि जांच एजेंसी जरूरत पड़ने पर समन जारी कर सकता है। हाल ही में एक खबर आई थी कि ईडी कार्यालय में सोनिया से सवाल-जवाब का दौर बुधवार को खत्म हो सकता है। एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया था कि कांग्रेस प्रमुख जल्दी जवाब दे रही हैं। खबर है कि तीन दिनों के दौरान जांच एजेंसी ने सोनिया से अहम सवाल पूछ लिए हैं। वहीं, राहुल से ईडी ने 5 दिनों के दौरान करीब 150 सवाल पूछे थे। कांग्रेस ने कहा- सोनिया गांधी की उम्र का लिहाज करना चाहिए सोनिया गांधी की ईडी के सामने पेशी को लेकर कांग्रेस पार्टी ने हमला बोलते हुए कहा कि बार-बार उम्रदराज को बुलाना स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है. कांग्रेस ने कहा कि उनकी उम्र का लिहाज किया जाना चाहिए. इसके साथ ही, केन्द्रीय जांच एजेंसी के गलत इस्तेमाल का आरोप पार्टी की तरफ से लगाया गया.  

भोजपुर : प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी चरपोखरी के खिलाफ उप प्रमुख ने खोला मोर्चा

  प्रखंड उप प्रमुख पप्पू कुमार साह ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के मनमानी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उप प्रमुख ने कहा कि हर कार्यों में आपूर्ति पदाधिकारी अपनी मनमानी करते हैं। महीने में एक भी दिन प्रखंड में नहीं रहते हैं जिससे आम जनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। राशन कार्ड लेकर लोग इधर-उधर भटकते फिरते हैं लेकिन उनका कहीं पर अता पता नहीं रहता है। अगर वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं तो मजबूरन हमको जनता के साथ में सड़कों पर उतरना पड़ेगा

राष्ट्रपति पद की द्रौपदी मुर्मू ने ली शपथ, कहा : आज मैं खुद को भारत का नेतृत्व करते हुए गौरवान्वित महसूस कर रही हूं

शपथ ग्रहण समारोह के मौके पर द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ‘आज मैं खुद को भारत का नेतृत्व करते हुए गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। मैं आज देश की महिलाओं और युवाओं को याद दिलाती हूं कि मेरे लिए उनके हित सर्वोपरि हैं। मेरे सामने राष्ट्रपति पद की ऐसी महान विरासत है, जिसने दुनिया में भारत के लोकतंत्र की प्रतिष्ठा को मजबूत किया है। संविधान के आलोक में मैं पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्य का निर्वहन करूंगी। मेरे लिए लोकतांत्रिक आदर्श और समस्त देशवासी ऊर्जा का स्रोत रहेंगे।’ उन्होंने इस दौरान कारगिल विजय दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। बता दे कि द्रौपदी मुर्मू ने देश की पहली महिला आदिवासी के तौर पर राष्ट्रपति पद की शपथ ले ली है। चीफ जस्टिस एनवी रमना ने उन्हें शपथ दिलवाई। इस दौरान द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि मेरे लिए महिलाओं के हित सर्वोपरि होंगे। इसके साथ ही दलितों, पिछड़ों और गरीबों के हितों के लिए भी काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की शक्ति ने मुझे यहां तक पहुंचाया। देश के गरीब आदिवासी, दलित और पिछड़े मुझमें अपना प्रतिबिंब देख सकते हैं। मेरे इस निर्वाचन में पुरानी लीक से हटकर आज के दौर में आगे बढ़ने वाले युवाओं का भी योगदान शामिल हैं। द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मैं देश की ऐसी पहली राष्ट्रपति भी हूँ जिसका जन्म आज़ाद भारत में हुआ है।