Bakwas News

21 सूत्री मांगों को लेकर बिहार गृह रक्षा वाहिनी संघ के जवानो ने किया विरोध प्रदर्शन

अरवल।  बिहार गृह रक्षा वाहिनी संघ के जवान अपनी 21 सूत्री मांगों को लेकर सोमवार को अरवल शहर में विरोध प्रदर्शन किया प्रखंड कार्यालय के पास आयोजित सभा में संघ के नेताओं ने कहा कि बिहार सरकार गृह रक्षा वाहिनी जवान को बिहार पुलिस के तर्ज पर समान काम को समान वेतन देना सुनिश्चित करें।   संघ के जिला अध्यक्ष कामेश्वर सिंह कहां की उनकी मांगों में पटना उच्च न्यायालय के आदेश को शीघ्र लागू किया जाए इस मौके पर होमगार्ड जवान के रंजीत ठाकुर, विंध्याचल कुमार, रंजीत कुमार शर्मा,मोहम्मद खलील अंसारी, दिनेश पासवान,अशोक कुमार भारत सिंह, नारायण सिंह ,कर्मेंद्र कुमार, रमेश सिंह ,सत्येंद्र सिंह, सियाराम सिंह के द्वारा जिला पदाधिकारी से मिले।

सिपाही परीक्षा के सफल संचालन को लेकर वरीय पदाधिकारियों एवं केन्द्राधीक्षकों के साथ डीएम ने की बैठक

अरवल।  जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, अरवल की संयुक्त अध्यक्षता में केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार, पटना द्वारा बिहार पुलिस के सिपाही संवर्ग के परीक्षा के सफल संचालन हेतु सभी वरीय पदाधिकारियों एवं केन्द्राधीक्षकों के साथ बैठक की गई। यह परीक्षा छः चरणों में 07 अगस्त, 11 अगस्त, 18 अगस्त, 21 अगस्त, 25 अगस्त एवं 28 अगस्त 2024 को 12 बजे से 2 बजे अपराहन तक आयोजित की जायेगी।   अभ्यर्थी उक्त तिथियों को 9:30 बजे पूर्वाह्न से 11 बजे पूर्वाहन तक परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश ले सकते है। किसी भी परिक्षार्थी को 11 बजे के बाद परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति प्रदान नहीं की जायेगी। अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कागजात या किताबें लेकर परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश की अनुमति प्रदान नहीं की जायेगी।   अभ्यर्थी केवल पर्षद द्वारा जारी प्रवेश पत्र एवं कोई भी एक फोटो युक्त पहचान पत्र के साथ परीक्षा परिसर में प्रवेश ले सकते है।   जिला पदाधिकारी द्वारा सभी केन्द्राधीक्षकों को केन्द्रों पर अभ्यर्थियों के बैठने हेतु समुचित व्यवस्था पर्षद द्वारा जारी किये गये निदेश के आलोक में करने हेतु निदेशित किया गया।   जिला पदाधिकारी द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर बिजली, पीने का पानी, जेनरेटर इत्यादि मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराने हेतु केन्द्राधीक्षकों को निदेशित किया गया।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने जेडीयू के शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार

अरवल। जिला जदयू के नवनियुक्त अध्यक्ष मिथलेश कुमार ने इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधानपार्षद सह कोषाध्यक्ष ललन सर्राफ समेत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है।इन्होंने कहा कि जदयू का कार्यकर्ता होना भी गौरव की बात है। ऐसे में अरवल जिला जदयू के अध्यक्ष का पदभार मिलना सचमुच बहुत बड़ी बात है।   उन्होंने कहा कि न्याय के साथ विकास जदयू का मूल मंत्र रहा है, इसका ध्यान रखते हुए हमें अभी से 2025 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाना है। अरवल जिला जदयू शीर्ष नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरे, मैं इसकी हरसंभव कोशिश करूँगा। फिरकापरस्त ताकतें चाहे लाख कोशिश कर लें, वो बिहार की महान जनता को बरगला नहीं सकतीं। बिहार में नीतीश कुमार का कोई दूसरा विकल्प नहीं। 2025 में जदयू सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर कर आएगी।

लगातार हुई बारिश से सोन नदी के जलस्तर में आई उफान

कलेर,अरवल। बीते दिनों हुई लगातार बारिश से सोन नदी के जल स्तर में उफान आ गया है। प्रति घंटे 30 सेंटीमीटर की रफ्तार से जलस्तर बढ़ रहा है इसकी वजह से सोनतटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के बेलांव,सोहसा, मैंनपुरा,सहित आधा दर्जन गांवों के पास नदी का पानी किनारे तक पहुंच गया है। ग्रामीणों  ने बताया कि सोन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बताया जा रहा है कि जल ग्रहण क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद सोन नदी में उफान आ गया है।रविवार की रात नदी का जलस्तर बढ़कर 3 लाख क्यूसेक पर हो गया है। महत्व 24 घंटे के अंदर सोन में पानी की मात्रा 10 गुनी बढ़ गई है।   इससे सोन से जुड़े सभी तटबंधों पर भारी दबाव उत्पन्न हो गया है। सोन के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी जारी था जिसको लेकर इंद्रपुरी बराज के सभी 69 गेट खोल दिए गए हैं। सोन नदी में अप्रत्याशित जलश्राव में वृद्धि को देखते हुए मैंनपुरा पंचायत का मुखिया अशोक कुमार शर्मा ने सोनतटीय इलाकों के गांव में जाकर हो रहे जल स्तर में वृद्धि का निरीक्षण किया एवं लोगों को सतर्क रहने के लिए लोगों से अपील किया। वहीं सोन नदी में आई तूफान से तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंताएं बढ़ गई है। अगर नदी की जलस्तर इसी तेजी से बढ़ता रहा तो तटीय गांव में बाढ़ का पानी आ जाएगा। इसको लेकर आम लोगों के साथ-साथ प्रशासन भी सतर्क हो गया है। मौके पर अरुण यादव, संजय यादव, बृजमोहन पासवान, रणविजय मास्टर, धनंजय यादव, हरदेव साव, वार्ड सदस्य मनीष पासवान, मनोज सिंह के अलावे कई लोग शामिल थे।

समारोह आयोजित कर पदाधिकारियों और सदस्यों को दिलाया गया शपथ

व्यवहार न्यायालय बिक्रमगंज में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों को शपथ दिलाया गया। सब जज प्रथम सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम सह प्रभारी न्यायाधीश व्यवहार न्यायालय बिक्रमगंज सुजीत कुमार ने बार एसोसिएशन बिक्रमगंज के पदाधिकारियों और सदस्यों का शपथग्रहण कराया। गौरतलब हो कि बार एसोसिएशन बिक्रमगंज के पदाधिकारियों का निर्वाचन 26 जुलाई को निर्वाचन पदाधिकारी अधिवक्ता रामनरेश सिंह ने कराया था। जिसमें निर्वाचित अध्यक्ष गोपाल कृष्ण भारद्वाज, उपाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह एवं दिनेश कुमार सिंह, महासचिव रविरंजन सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, अंकेक्षक कुमार ब्रजेश इत्यादि सभी पदाधिकारियों का व्यवहार न्यायालय बिक्रमगंज के प्रांगण में पद और गोपनीयता का शपथ दिलाया गया।   शपथग्रहण के पश्चात वर्तमान अध्यक्ष गोपाल कृष्ण भारद्वाज ने पूर्व अध्यक्ष केदारनाथ सिंह एवं उमेश प्रसाद मिश्रा को अंग वस्त्र से सम्मानित किया। इस अवसर पर सब जज द्वितीय सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय राजीव कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे लिए सभी अधिवक्ता समान हैं। हमारी कोशिश हमेशा यहीं रहती है कि आम लोगों को कैसे सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराया जा सके। हम हमेशा अधिवक्ताओं के सुख दु:ख के सहभागी हैं और हमेशा रहेंगे। मौके पर न्यायिक पदाधिकारी, कर्मी और काफी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित थे।

जिला परिषद ने नवयुवक कांवरिया संघ शिविर का किया उद्घाटन

अरवल । करपी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय के प्रांगण में नवयुवक कांवरिया संघ शिविर का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सुधीर शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। बड़ी संख्या में शिव भक्त कावरियों एवं शिव भक्तों को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि बाबा भोलेनाथ औघड़दानी हैं।सबकी मनोकामना पूरी करते हैं।   भगवान भोलेनाथ की सच्ची भक्ति करने वालों को जीवन में कभी दुख नहीं उठाना पड़ता है। इन्होंने नवयुवक कांवरिया संघ के द्वारा आयोजित इस शिविर के लिए संघ के सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि शिव भक्तों की सेवा करने वाले जो लोग भी होते हैं। उन्हें भी भगवान भोलेनाथ की कृपा प्राप्त होती है। यह संघ लगातार 24 वर्षों से शिविर लगाकर पटना गायघाट से नंगे पांव कांवर में गंगाजल लेकर आने वाले शिव भक्त कावरियो की सेवा करते हैं। कड़ी धूप तथा विपरीत परिस्थितियों में भी 115 किलोमीटर की पद यात्रा कर कांवरियों को जब सहायता की जरूरत पड़ती है तो यह संघ आगे जाकर इन्हें निशुल्क भोजन ,विश्राम करने का स्थान तथा चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध करवाने का कार्य करता है।   इसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए वह कम है ।यहां के स्थानीय लोगों ने आज से 24 वर्ष पहले कावड़ यात्रा की शुरुआत की थी। आज यह कांवड़ यात्रा प्रसिद्ध हो चुकी है। अरवल ही नहीं बल्कि जहानाबाद, औरंगाबाद, भोजपुर इत्यादि अन्य जिले के शिव भक्त भी कांवर में गंगाजल लेकर करपी होते हुए बाबा दूधेश्वर नाथ का जलाभिषेक करते हैं। इसका सुखद पहलू यह है कि देवकुंड को पर्यटन स्थल का दर्जा देने के संबंध में सरकार विचार कर रही है।     इन्होंने आश्वासन दिया कि देवकुंड को पर्यटन स्थल बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। अरवल जिला के निकट औरंगाबाद जिला में स्थित होने के बावजूद देवकुंड को यदि पर्यटन स्थल का दर्जा मिलता है तो औरंगाबाद से ज्यादा इस क्षेत्र का विकास होगा। इस मौके पर आयोजित उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता समाज सेवी गुड्डू शर्मा ने किया। संघ के अध्यक्ष डॉ ज्योति उर्फ शत्रुघन पंडित ने कावर यात्रा की विस्तार से चर्चा की। पूर्व जिला पार्षद आनंद कुमार चंद्रवंशी। भाजपा के वरिष्ठ नेता वेंकटेश शर्मा ,स्थानीय नेता मुक्तेश्वर कुशवाहा, कामता प्रसाद, पंचायत समिति सदस्य परशुराम यादव समेत कई गण्य मान्य लोगों ने भी इस मौके पर अपनी बातें रखी।

सावन अमावस्या पर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कलेर,अरवल । सावन अमावस्या पर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा भाव से भगवान भोले शंकर की पूजा अर्चना की। सुबह से ही श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए शिव मंदिरों पर जुटने लगे। पुरुषों के साथ-साथ काफी संख्या में महिलाओं ने बाबा भोलेनाथ की पूजा अर्चना की।   इस अवसर पर मधुश्रंवा, बेलसार, कलेर, पहलेजा, वालिदाद,कोयल भुपत ,परासी, कामता सहित दर्जनों शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। सावन मास के अमावस्या तिथि को हरियाली अमावस्या भी कहा जाता है जिसको लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने तुलसी, बेल,आंवला का पौधा भी लगाया। वैसे तो प्रखंड क्षेत्र के सभी मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही किंतु विशेष तौर पर मधुश्रवा स्थित बाबा मधेश्वर नाथ मंदिर में पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।जहां पूजा अर्चना के साथ श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक भी किया।     इस संबंध में आचार्य कुंदन पाठक में बताया कि सावन देवी देवताओं से आशीर्वाद लेने का काफी शुभ महीना माना जाता है।   सावन अमावस्या के दिन पीपल पेड़ की पूजा करने से ब्रह्मा, विष्णु, महेश तीनों खुश हो जाते हैं जिससे श्रद्धालुओं के हर क्लेश मिट जाता है और जीवन में खुशहाली आ जाती है।   आज रविवार के दिन अमावस्या पड़ने से कई तरह के शुभ मुहूर्त मैं श्रद्धालुओं में पूजा अर्चना कर जीवन में सुख शांति की कामना किया है।

ठनका गिरने से भैंस की मौत

करपी,अरवल। थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव निवासी भौनाथ मांझी के भैंस पर आकाशीय बिजली गिरने के कारण उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार भैंस महमदपुर गांव के बधार में चारा चर रही थी। इसी बीच शाम पांच बजे आई मामूली बारिश के समय भैंस पर ही ठनका गिर गई।   जिसके फलस्वरूप उसकी मौत घटना स्थल पर ही हो गई। राजद के वरिष्ठ नेता अलख पासवान ने बताया की पीड़ित परिवार भूमिहीन है। जो मजदूरी एवं दूध बेच कर घर गृहस्ती चलाता था। राजद नेता ने पीड़ित परिवे को प्रशासन से उचित मुआबजा देने की मांग की है।

कांवरिया विश्राम शिविर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन

करपी,अरवल । स्थानीय प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय के प्रांगण में रविवार को आयोजित कांवरिया विश्राम शिविर में क्षेत्र के प्रसिद्ध लोक गायक मनीष शर्मा ने अपनी गायकी का जलवा दिखाया। इनके द्वारा उद्घाटन समारोह के अवसर पर एक से बढ़कर एक शिव भक्ति से संबंधित गीत प्रस्तुत किए गए ।इसके अतिरिक्त अनूप जलोटा तथा अन्य प्रसिद्ध भजन गायकों के द्वारा गाये गए भजन को गाकर शिव भक्त कांवरियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। शिविर में काफी संख्या में शिव भक्त कांवरिया उपस्थित थे।   इनके द्वारा प्रस्तुत गीतों पर शिव भक्त कांवरिया झूमते नजर आए। भगवान भोलेनाथ के वेशभूषा में उपस्थित पंकज गुप्ता ने शिव भक्त कांवरियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। उधर खजूरी पावर हाउस खेल मैदान में आयोजित कांवरिया शिविर में गायक लखन रसीला की गायकी में भी काफी संख्या में श्रोता उपस्थित हुए। श्रावण मास के तीसरी सोमवारी के पूर्व करपी में आयोजित कांवरिया शिविर में सांस्कृतिक कार्यक्रम से भक्तिमय माहौल बना रहा।

मिथिलेश बने जेडीयू का जिलाध्यक्ष, लोगों ने दी बधाई

अरवल। मिथिलेश यादव को जनता दल यू अरवल जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है बिहार के मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास पुरुष नीतीश कुमार के निर्देशानुसार बिहार जनता दल यूनाइटेड प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के द्वारा मिथलेश यादव को अरवल जिला जदयू अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर जदयू जिला प्रवक्ता मनोरंजन कुमार उर्फ गुड्डू पटेल ने बहुत बहुत बधाई और शुभकामनायें दिया,तथा गुड्डू पटेल ने कहा कि मिथलेश यादव को जिला अध्यक्ष बनाए जाने से पार्टी के युवा कार्यकर्ता मे नई जोश एवं जुनून आयेंगे तथा पार्टी पूरी तरह अरवल में मजबूत होगी।   मिथलेश यादव को अरवल जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास पुरुष नीतीश कुमार, राष्टीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मुख्यालय प्रभारी सुशील कुमार सुनील ,प्रदेश महासचिव जितेंद्र पटेल सहित सभी प्रदेश कमीटी की माननीय सदस्यगण बधाई दी गयी है।   बधाई देने वाले में जदयू नेता नीतीश पटेल, सुजीत कुमार मौर्य, चंदन चंद्रवंशी, पार्टी के जिला उपाध्यक्ष टूटू शर्मा, महेंद्र यादव, प्रखंड अध्यक्ष रणधीर पटेल, निरंजन कुशवाहा सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल हैं। नव मनोनीत जिला अध्यक्ष मिथिलेश यादव ने जनता दल युग के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेताओं को आभार प्रकट करते हुए कहा है कि मुझे जो जिम्मेवारी दी गई है उसकी निष्ठा पूर्वक निर्वहन करुंगा संगठन के मजबूती के लिए दिन-रात कार्य करूंगा।