Bakwas News

उर्वरक निगरानी समिति की हुई बैठक

प्रखंड कृषि कार्यालय बिक्रमगंज के प्रांगण में प्रखंड प्रमुख राकेश कुमार सिंह उर्फ लाली सिंह की अध्यक्षता में उर्वरक निगरानी समिति की बैठक की गई। जिसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित प्रताप सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी वेद प्रकाश एवं सभी कृषि समन्वय, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक एवं किसान सलाहकार के साथ-साथ सभी उर्वरक के थोक एवं खुदरा विक्रेता उपस्थित थे। प्रखंड कृषि पदाधिकारी के द्वारा यह सख्त निर्देश दिया गया कि किसी भी परिस्थिति में किसानों को युरीया या अन्य तरह की उर्वरक सभी को उचित मूल्य पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। सभी कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार को यह निर्देशित किया गया कि आप लोग अपने-अपने आवंटित दुकानों पर सतत निगरानी हेतु भ्रमण करते हुए दैनिक स्टॉक का निरीक्षण करना सुनिश्चित करेंगे। निरीक्षण प्रति अधो हस्ताक्षरी के कार्यालय में उपस्थित करेंगे। साथ ही साथ यह भी निर्देश दिया गया कि नैनो यूरिया का प्रयोग करने के लिए किसानों के बीच प्रचार प्रसार करना सुनिश्चित करेंगे।

प्रखंड क्षेत्र के संझौली में तीन पर विद्युत ऊर्जा चोरी की प्राथमिकी दर्ज

बिजली चोरी के खिलाफ चलाये जा रहें विशेष अभियान के तहत प्रखंड-संझौली मे अवैध रूप से बिजली चोरी करने को लेकर जुर्माना लगाते हुए तीन लोगो पर प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है। बताते चलें की ग्राम-चरपुरवा में मीटर बाईपास कर अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा चोरी करने को लेकर कमलेश महतो पर 11375, श्रीराम सिंह पर 12988 रुपये राजस्व की क्षति लगायी गयी है। उक्त उपभोक्ता के द्वारा मीटर से पहले एक अतिरिक्त तार खिंचकर मीटर को बाईपास करते हुए अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा की चोरी की जा रही थी, जिसके कारण वास्तविक पठन अवरुद्ध हो रहा था तथा विभाग के राजस्व की क्षति हो रही थी। आगे बताते चलें की बिना कोई विद्युत कनेक्शन लिए अवैध रूप से विद्युत तार संयोजित कर विद्युत ऊर्जा चोरी करने को लेकर ग्राम-चैता बहोरी के रामप्रवेश राम पर 14760 रुपये राजस्व की क्षति लगायी गयी है। सहायक विद्युत अभियंता, बिक्रमगंज राज कुमार के द्वारा सभी व्यक्तियों से आग्रह किया गया है कि जो भी व्यक्ति विद्युत कनेक्शन नहीं लिए हैं वह सुविधा एप्प के माध्यम से आवेदन समर्पित कर विद्युत कनेक्शन ले लें तथा जो मीटर बाईपास कर विद्युत का उपभोग कर रहे हैं वह दुरुस्त कर ले अन्यथा जाँच के दौरान पाए जाने पर भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। कनीय विद्युत अभियंता संझौली प्रमुदित रक्त पटेल के द्वारा बताया गया की विद्युत कनेक्शन लेने के पश्चात ही विद्युत ऊर्जा का उपभोग करें एवं अनावश्यक होने वाली परेशानियों से बचें।

पुलिस ने वाहन जांच एवं नो एंट्री को लेकर 01 लाख 47 हजार रुपए वसूला जुर्माना

बिक्रमगंज पुलिस ने तेंदुनी चौक पर वाहन जांच एवं नो एंट्री को लेकर चलाए गए विशेष अभियान में विभिन्न वाहनों से 1 लाख 47 हजार रुपया जुर्माना वसूल किया है। एसडीपीओ कुमार संजय ने बताया कि पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल के जवानों द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान नो इंट्री के आदेश का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों से जुर्माना वसूल किया गया। इसके साथ हीं वाहन अधिनियम का अनुपालन नहीं करने वाले दो पहिया वाहनों से भी जुर्माना वसूल किया गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल के जवानों द्वारा वाहन चेकिंग एवं नो एंट्री को लेकर करीब 1 लाख 47 हजार रुपए का ऑनलाइन चालान काटा गया ।

गोड़ारी में सावित्री बाई फूले की मनाई गई जयंती

काराकाट प्रखंड मुख्यालय गोडारी में सावित्रीबाई फूले की 193वीं जयंती मनाई गई। जयंती समारोह की अध्यक्षता श्रीभगवान सिंह तथा मंच संचालन तुलसी सिंह ने किया। इस मौके पर उपस्थित लोगों ने उनके तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी जीवनी की चर्चा की।वक्ताओं ने कहा कि माता सावित्रीबाई फुले ने इस देश में बालिकाओं के लिए पहला विद्यालय खोली और लड़कियों को शिक्षित करने का सफल प्रयास किया। वह एक महान समाज सेविका थी और देश को पहली महिला शिक्षिका भी थी। उन्होंने रूढ़िवादी समाज का विरोध कर बालिकाओं के लिए महाराष्ट्र प्रांत में 18 बालिका महाविद्यालय खोलकर लड़कियों के लिए शिक्षा प्राप्त करने का दरवाजा हमेशा के लिए खोल दी। जो हमेशा से बंद था। देश की सभी महिलाएं जो आज पढ़ लिखकर देश और समाज के उन्नति में अपना अहम योगदान दे रही है उन्हें सावित्रीबाई फुले की ऋणी होनी चाहिए। सावित्रीबाई फुले जब बच्चियों को पढ़ने जाती थी तो विरोध में उनके ऊपर गोबर और कीचड़ फेंके जाते थे। सावित्रीबाई फुले गोबर और कीचड़ को फूल समझकर स्वीकार कर लेती थी, क्योंकि उनका मानना था कि समाज के शिक्षित करना अच्छा काम है और अच्छे काम में बधाएं आती ही है। वह एक महान शिक्षिका समाज सेविका राष्ट्र निर्माण पथ प्रदर्शक और नेत्री भी थी। कार्यक्रम को संजय सिंह, अरविंद चक्रवर्ती, काशीनाथ गौतम, सौरभ कांत, सागर, उमेश शर्मा, दिवाकर पटेल, नंदलाल बौद्ध, विशाल कुशवाहा, मुन्ना सिंह, प्रोफेसर जमुना सिंह, नंदा पासवान, सुनील राम सहित कई लोग उपस्थित थे।

कौलेश्वरी रामानंद मेमोरियल संस्थान जरलाही मठिया के सौजन्य से किया गया कंबल वितरण

बिक्रमगंज प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय सोनी मठिया के प्रांगण में कौलेश्वरी रामानंद मेमोरियल संस्थान जरलाही मठिया के सौजन्य से कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिक्रमगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार संजय एवं विशिष्ट अतिथि बिक्रमगंज प्रखंड प्रमुख सह जिलाध्यक्ष राकेश सिंह उर्फ लाली शिरकत किए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का स्कूली बच्चियों द्वारा स्वागत गान से अभिवादन एवं वंदन किया गया। उसके उपरांत स्वागत गीत में शामिल बच्चियों द्वारा मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य लोगों को गुलाब का फूल स्वागत के तौर पर भेंट की गई। तत्पश्चात मुख्य अतिथि डीएसपी कुमार संजय ने मानी पंचायत के मानी गांव निवासी दिलीप बैठा की पुत्री जूही कुमारी को डायरी, कलम, बुकें एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। साथ ही साथ कार्यक्रम के आयोजनकर्ता पूर्व सदस्य रेलवे सलाहकार बोर्ड भारत सरकार अनंत कुमार गुप्ता द्वारा जूही कुमारी को पुरस्कार के रूप में ₹2100 की नगद राशि प्रदान की गई। जो अपने पंचायत में बोर्ड की वार्षिक परीक्षा में टॉपर रही। उसके बाद आयोजनकर्ता द्वारा मुख्य अतिथि डीएसपी कुमार संजय को बुकें एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अन्य अतिथियों को बुकें एवं अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया। उसके बाद मुख्य अतिथि डीएसपी कुमार संजय एवं विशिष्ट अतिथि बिक्रमगंज प्रखंड प्रमुख राकेश सिंह उर्फ लाली के द्वारा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल देकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। आयोजनकर्ता के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर करीब 250 गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल वितरण किया गया। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए बिक्रमगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार संजय ने कहा कि सूबे में पड़ रही कड़ाके की ठंड को लेकर कौलेश्वरी रामानंद मेमोरियल संस्थान के द्वारा जो यह आयोजन किया गया है वह काफी सराहनीय है। क्योंकि हमारे शास्त्रों में वर्णित है कि गरीब एवं असहायों की सेवा करना कभी व्यर्थ नहीं जाता। साथ ही साथ उन्होंने कहा कि हम सबका परम कर्तव्य बनता है कि अपनी संतानों को उच्च शिक्षा दें। साथ ही साथ हमारा यह भी परम कर्तव्य बनता है कि अपने संतानों को अच्छा संस्कार दें। अगर हम अपने संतानों को अच्छा संस्कार देंगे तो हमारे आने वाली पीढ़ी स्वयं अपने आप आगे बढ़ेगी, जिससे हमारा देश आगे बढ़ेगा। साथ ही साथ उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर यह भी कह डाला कि 26 जनवरी के उपरांत पुलिस और पब्लिक एक साथ बैठकर सभी बिंदुओं पर बातचीत करेगी। डीएसपी ने बताया कि अनुमंडल के सभी प्रखंड अंतर्गत आने वाले शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय जनप्रतिनिधि के सहयोग से पुलिस और पब्लिक के बीच बैठकर उनकी समस्याओं का निराकरण करते हुए पुलिस एवं पब्लिक के बीच मैत्री संबंध स्थापित किया जाएगा। मौके पर उक्त पंचायत के बीडीसी तिलक पासवान,परमेश्वर प्रसाद गुप्ता, शिक्षक अनिल कुमार प्रभाकर, रंगलाल सिंह, सुरेश सिंह, अमित कुमार, मुकेश गुप्ता, सत्यनारायण सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।

संझौली बीडीओ ने जरूरतमंदों के बीच बांटे कंबल

संझौली प्रखंड परिसर में शनिवार को बढ़ती ठंड से राहत पहुंचाने को लेकर जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। बीडीओ प्रभा कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि समाजिक सुरक्षा योजन के तहत करीब एक दर्जन से ऊपर जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। सरकार द्वारा योजनांतर्गत प्रखंड में बढ़ती ठंड के मद्देनजर कंबल उपलब्ध कराया जा रहा है। जिसमें प्राथमिकता के आधार पर कंबल का वितरण किया जाना है। प्रखंड में कुल 78 कंबल का वितरण किया जाना है। जिसमें 15 जरूरतमंदों को कंबल दिया गया। वहीं वितरण के दौरान वृद्धोंजनों ने बीडीओ को साधुवाद दिया।

रोहतास जिला फुटबॉल संघ की हुई बैठक

रोहतास जिला फुटबाल संघ के पदाधिकारियों की एक बैठक संत पॉल स्कूल के उमा ऑडिटोरियम में की गई। जिसकी अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष एस पी वर्मा ने की। बैठक में बिहार फुटबॉल संघ के तत्वावधान में 8 जनवरी से न्यू स्टेडियम फजलगंज में आयोजित होने वाली 72 वीं बिहार राज्य मोइनुल हक ट्रॉफी टूर्नामेंट की तैयारी को लेकर विचार विमर्श किया गया। अध्यक्ष ने बताया कि रोहतास जिला फुटबाल संघ द्वारा टूर्नामेंट 8 जनवरी से लेकर 12 जनवरी तक चलेगा। जिसमें बिहार का पांच जिला रोहतास, कैमूर, भोजपुर, औरंगाबाद अरवल की टीम भाग लेगी। सभी टीमें एक दूसरे से लीग मैच खेलेगी। पहला मैच 11.00 बजे अपराह्न से और दूसरा मैच 2.30 बजे पूर्वाहन से शुरू होगा। प्रतिदिन दो मैच होगा। सभी टीम के खिलाड़ियों के ठहरने खाने का उतम व्यवस्था किया गया है। साथ ही न्यू स्टेडियम फजलगंज सासाराम के फुटबॉल ग्राउंड को सुसज्जित किया जा रहा है। जिससे खिलाड़ियों को खेलने में कोई असुविधा न हो। बैठक में रोहतास जिला फुटबाल संघ के सचिव नौशाद आलम, कोषाध्यक्ष विमल कुमार सिंह, संरक्षक एनाम अहमद, उपाध्यक्ष आफताब आलम, सहायक सचिव उपेंद्र कुमार यादव, आदिल इमाम, उपेंद्र कुमार, अंतिम कुमार शामिल थे।

भारत की प्रथम अध्यापिका सावित्रीबाई फुले की मनाई गई जयंती

भारत की प्रथम अध्यापिका सावित्रीबाई फुले की जयंती शुक्रवार को सासाराम रोड स्थित मुन्नी सिंह मार्केट में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। माली मालाकार कल्याण समिति जिला अध्यक्ष संतोष भंडारी द्वारा आयोजित जयंती समारोह में कई लोगों ने भाग लिया। इस दौरान माता सावित्रीबाई फुले एवं महान सामाजिक सचेतक महात्मा ज्योतिबा फुले के तैल चित्र पर लोगों ने पुष्प अर्पित किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को संदेश देते हुए अधिवक्ता जयराम प्रसाद ने कहा कि एक समय था जब शोषितो सहित महिलाओं को शिक्षा से वंचित रखा जाता था। सदियों से चली आ रही इस अमानवीय व्यवस्था को सावित्रीबाई फुले ने अपने पति ज्योतिबा फुले के साथ कम से कम मिलाते हुए संघर्ष के बल पर समाप्त करने का काम किया। परिणाम स्वरूप महिलाओं सहित शोषित वर्ग को शिक्षा ग्रहण करने का अधिकार प्राप्त हुआ। वहीं मौके पर उपस्थित अयूब खान, शिक्षक अरविंद कुमार सिंह ने फूले दंपति का जीवन वर्तमान में भी लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत बताया। संतोष भंडारी ने कहा कि शिक्षा के लिए सावित्रीबाई फुले ने जो संघर्ष किया उसके सापेक्ष उन्हें भारत में सम्मान प्राप्त नहीं हुआ। इसके लिए सरकार द्वारा इन्हें भारत रत्न से विभूषित करना चाहिए। मौके पर द्विज राज, मंटू कुमार, राहुल कुमार, चिंटू यादव, चंदन कुमार कुंदन कुमार, विक्की यादव सलीम अली एवं मुन्ना शर्मा सहित कई लोग उपस्थित थे।

पेपर लेस निबंधन प्रणाली के विरोध में दस्तावेज नवीसों ने किया निबंधन कार्यालय में प्रदर्शन

बिक्रमगंज निबंधन कार्यालय में पेपर लेस निबंधन प्रणाली के विरोध में दस्तावेज लेखकों ने प्रदर्शन किया और काला बिल्ला लगाकर निबंधन कार्य किया। बिहार दस्तावेज नवीस महासंघ के आह्वान पर शुक्रवार को दस्तावेज नवीसों ने काला बिल्ला लगाकर निबंधन कार्यालय के सामने पेपर लेस निबंधन प्रणाली वापस लेने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया व नारेबाजी की। दस्तावेज लेखकों ने पूरे दिन काला बिल्ला लगाकर विरोध करते हुए कार्य किया। महासंघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष सह शाखा सचिव रामाकांत भारती ने इस कार्यक्रम का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि पेपर लेस निबंधन प्रणाली में दस्तावेज लेखको की भूमिका स्पष्ट नहीं है। प्रदर्शन में अखिलेश कुमार सिन्हा, शम्भू प्रसाद सिन्हा, राम बिहारी सिंह, राधा मुनि सिंह, मुंद्रिका सिंह, अरुण कुमार, राजेन्द्र सिंह, लालधारी सिंह, कृष्णा सिंह सहित कई दस्तावेज लेखक, प्रशिक्षु और निबंधन कार्य से जुड़े लोगों ने भाग लिया।

राधिका रमण के पूण्यतिथि पर किया गया क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन गरीबों के बीच कंबल, चुड़ा तिलकूट का किया गया वितरण

आर० आर० शर्मा सोसल एण्ड वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वाधान में लघु उद्योग के अधीक्षक राधिका रमण शर्मा के 5वीं पूण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव प्रखंड क्षेत्र के नोनहर में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इसके साथ हीं गरीबों के बीच कंबल, चुड़ा और तिलकूट का वितरण किया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष रविरंजन शर्मा ने बता कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी 50 गरीब कमजोर वर्ग के लोगों के बीच कंबल, चुड़ा और तिलकूट का वितरण किया गया। इसके साथ हीं क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। जिसमें नोनहर गांव के हीं पांच टीमों ने भाग लिया। टूर्नामेंट का फाइनल मैच मुंबई इंडियन और सीएसके के बीच खेला गया। सीएसके ने जीत दर्ज कर ट्रौफी पर कब्जा जमाया। संस्थान के द्वारा विजेता टीम के कप्तान मनजी कुशवाहा को ट्रौफी के साथ 15 सौ रुपये बतौर पुरस्कार के रूप में दिया गया। वहीं उपविजेता टीम के कप्तान प्रिंस कुमार को भी सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट का मैन औफ द सीरीज गोलक साह, जबकि मैन औफ द मैच छोटक कुशवाहा रहे। एंपायर की भूमिका सुशील कुमार भारती और हरेंद्र राय ने निभाया। स्क्रोरर मनजी गुप्ता तथा कमन्ट्रेटर गोबिंदा राय रहे। मौके पर संस्थान के कोषाध्यक्ष राजेश रंजन, आशुतोष शर्मा, शत्रुधन शरण, कृत्ति राज, लक्ष्य राज, रमेश कुशवाहा, नोनहर के पैक्स अध्यक्ष अमन राज सहित कई लोग उपस्थित थे।