Bakwas News

बिक्रमगंज के वार्ड-27 में किया गया आम सभा का आयोजन

रविवार को बिक्रमगंज के वार्ड-27 में आम सभा का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता खैरुन निशा ने किया। बताते चले कि ऊक्त बैठक वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शेरा खान के द्वारा जनहित की समस्याओं को लेकर तथा वार्ड के उत्थान को लेकर चर्चा करने के लिए बुलाई गई थी।   जिसमें में शेरा खान ने लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि वार्ड-27 में दो अदद चापाकल कल लगाने, पीसीसी निर्माण, नाली मरम्मती एवं पेभर ब्लॉक स्लैब निर्माण आदि जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को कराने की योजना है। इसे नगरपरिषद के बोर्ड की बैठक में शामिल करा दिया गया है।   योजना स्वीकृत होने पर प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। बैठक में नजिर हसन, आदिल खान, टिंकू खान, मोनिर आलम, अमानत खान, मौला अंसारी, बसीर खान, अखलाक खान, मुस्ताक हुसैन आदि उपस्थित थे।

अज्ञात वाहन ने मारी बाइक में टक्कर, बाइक चालक की मौत, घर में पसरा मातम, भोजपुर जिला के हसनबाजार से कार्य कर लौट रहा था घर

आरा-सासाराम पर पर थाना क्षेत्र के मठिया गांव के समीप शुक्रवार की रात अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, बाइक चालक की मौके पर मौत हो गई।   घटना के संबंध में बताया जाता है कि मृतक युवक बिक्रमगंज नगर परिषद क्षेत्र के आरा रोड़ स्थित निवासी भरत साह का 28 वर्षीय पुत्र पिंटू कुमार शुक्रवार को भोजपुर जिला के हसनबाजार से किसी कार्य के लिए अपनी हीरो बाइक से गया हुआ था। कार्य पूरा कर वह अपने घर बिक्रमगंज के लिए लौट रहा था।   इसी क्रम में बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के मठिया गांव के समीप मुख्य आरा-सासाराम मुख्य सड़क पर किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें बाइक चालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना की खबर सुनते ही स्थानीय ग्रामीण लोगों की घटना स्थल पर भीड़ उमड़ पड़ी।   जबकि मृतक के परिजनों को घटना की खबर मिलते ही घर में मातम मच गया। घटना के बाद माता-पिता सहित पत्नी सदमे में डूब गए है। बताया जाता है कि मृतक पिंटू की शादी करीब 3 साल पूर्व ही हुई थी। जिसके दो मासूम बच्चे भी है।   दूसरी तरफ स्थानीय पुलिस को सूचना मिलते ही घटना स्थल पहुंच शव को कब्जे में लेते हुए कानूनी प्रक्रिया कर शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया।

शिक्षक बहाली परीक्षा बिक्रमगंज में शांतिपूर्वक हुई संपन्न

शिक्षक बहाली को लेकर अनुमंडल मुख्यालय में आयोजित परीक्षा पहले दिन शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। दो पालियों में आयोजित परीक्षा में अनुमंडल मुख्यालय के सभी पांच परीक्षा केंद्रों पर कुल 5 हजार 4 सौ 70 परीक्षार्थियों ने भाग लिया।   बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की ओर से एक लाख 70 हजार 461 पदों पर भर्तियां निकाली गईं हैं। अनुमंडल मुख्यालय में लगभग साढ़े पांच हजार परीक्षार्थी शिक्षक नियुक्ति की परीक्षा में हिस्सा लिए। यह परीक्षा पहले दिन शुक्रवार को दो पालियों में आयोजित की गई।   शनिवार को भी दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इसके मद्देनजर बिक्रमगंज नगर में भारी संख्या में लोग जुटे है। बसों, ट्रेनों व होटलों में काफी भीड़ देखने को मिल रही है। काफी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन और मंदिरों में रात गुजारे। वहीं, आज परीक्षा केंद्र भी भीड़ से खचाखच भरे थे।   सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा में शामिल होने के लिए परीक्षा केंद्र पर प्रवेश करने से पहले उम्मीदवारों को सुरक्षा जांच से गुज़रना पड़ा। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा केंद्र पर परीक्षा हॉल में प्रवेश करने से पहले परीक्षार्थियों से बेल्ट खुलवा लिया गया था। इसके साथ ही यहां पार्किंग में परीक्षार्थियों ने अपने बैग टांगे हुए थे।   परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी के साथ महिला पुरुष पुलिस के जवान शामिल तैनात किये गये थे।   उच्च माध्यमिक विद्यालय बिक्रमगंज में दंडाधिकारी बीडीओ बिक्रमगंज अमित प्रताप सिंह, पुलिस अधिकारी सहायक अवर निरीक्षक अयोध्या प्रसाद सिंह, अनजबित सिंह महाविद्यालय बिक्रमगंज में दंडाधिकारी राजस्व अधिकारी दिव्य प्रकाश, पुलिस अधिकारी सहायक अवर निरीक्षक मुन्ना कुमार, डीएवी सेमरा में दंडाधिकारी बिक्रमगंज सीओ आलोक चंद्र रंजन, पुलिस अधिकारी सहायक अवर निरीक्षक महेंद्र प्रसाद, विन्यदा अकादमी बिक्रमगंज में दंडाधिकारी बीडीओ राजपुर रविराज और राजस्व अधिकारी नासरीगंज चंदन कुमार, द डिवाइन पब्लिक स्कूल धावां में दंडाधिकारी बीडीओ नासरीगंज मो जफ्फार इमाम, पुलिस अधिकारी सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार को पुलिस के जवानों के साथ तैनात किये गये थे।   परीक्षा के पहली पाली में सभी परीक्षा केंद्रों पर 2736 तथा दूसरी पाली में 2734 परीक्षार्थी शामिल हुए। सभी परीक्षा केंद्रों पर जिलाधिकारी के निर्देश के अनुसार सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक मशीन और मोबाइल जैमर की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा संपन्न होने पर परीक्षार्थियों और आम लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। लोग जहां परेशान रहे, वहीं पुलिस अधिकारी निष्क्रिय दिखे।

चंद्रयान-3 के इतिहास रचते ही विश्व में भारत ने लिखा सौर गाथा की मिसाल : डॉ० मनीष

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पूरी होते ही भारत ने अंतरिक्ष में विश्व इतिहास रच दिया। जिसकी खबर सुनते ही पूरा भारत खुशियों में झूम उठा। इस अवसर पर बिहार भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ प्रदेश महामंत्री व सीनेट सदस्य वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा डॉ० मनीष रंजन ने खुशी जाहिर करते हुए देशवासियों सहित देश के इसराें वैज्ञानिकों को बधाई दी।   उन्होंने कहा कि 23 अगस्त का यह पल भारतीय इतिहास में गौरव का दिन है गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय स्पेस सेक्टर में आज का दिन नया इतिहास रच दिया। जो क्षण जीत के चंद्रपथ पर चलने के युग को दर्शाता हैं। यह क्षण अभूतपूर्व है। यह भारत के संखनाद का दिन है।   यह नए भारत के जयघोषणा का है। जिसमें देश के पीएम नरेंद्र मोदी ने देश के इसरो वैज्ञानिकों के साथ हौसला अफजाई करते हुए, भारत के लिए इतिहास रचने का अद्भुत कारनामा कर दिखाया है। जो सुनहरा क्षण देश के 140 करोड़ लोगों के समार्थ्य को दर्शाता है। साथ ही साथ देश के लिए यह नई उर्जा में विश्वास का क्षण है। जो भारत के उदयीमान भाग्य का अह्वान का क्षण बन गया है।

भारत मून मिशन की सफलता के लिए द डिवाइन पब्लिक स्कूल में किया गया हवन-पूजन

भारत का मून मिशन यानी चंद्रयान-3 के लैंडर की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग के लिए द डिवाइन पब्लिक स्कूल परिसर में पूजन एवं हवन का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। चंद्रयान -3 के पास साउथ पोल पर सबसे पहले उतरने का मौका है। यहां अबतक कोई नहीं उतर पाया है। मिशन की सफलता के लिए देश में जगह – जगह पर हवन कराए जा रहे हैं।   विदित हो कि 23 अगस्त की शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रयान 3 चांद के साउथ पोल की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करेगा। अब तक कोई भी देश चाँद के साउथ पोल पर नहीं उतरा है। इसरो के वैज्ञानिकों का दावा है कि चाहे कुछ भी हो जाए लैंडिंग होकर रहेगी। यहीं भरोसा भारत को चाँद के दक्षिणी ध्रुव पर उतारने वाला दुनिया का इकलौता देश बना सकता है।   इस ऐतिहासिक अवसर पर द डिवाइन पब्लिक स्कूल के सह निदेशक अखिलेश कुमार ने भी चंद्रयान -3 की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक घड़ी में हम सभी भारतीय एकजुट होकर इस मिशन की सफलता के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हैं।   आज हमारे वैज्ञानिक ऐसा इतिहास रचनेवाले हैं जिसकी गूंज न सिर्फ धरती बल्कि पूरे ब्रह्मांड में सुनाई देगी।चंद्रमा और ब्रह्माण्ड के रहस्यों को खोलने के लिए इस मिशन की सफलता बहुत जरूरी है। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं व शिक्षक – शिक्षिकाओं ने हवन किया।

मुखिया संघ ने अपनी 29 सूत्री मांगों के समर्थन में प्रखंड मुख्यालय पर दिया धरना

बिहार प्रदेश मुखिया संघ के आहवान पर मुखिया संघ बिक्रमगंज ने मंगलवार को प्रखंड मुख्यालय पर धरना दिया। धरना स्थल पर प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष विनय प्रकाश चौधरी की अध्यक्षता में एक सभा की गई। जिसे संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों के अधिकारों में की जा रही कटौती के खिलाफ प्रदेश मुखिया संघ के आहवान पर प्रखंड के मुखिया 16 से 31 अगस्त तक बहिष्कार कर रहे हैं।   ग्राम पंचायत को 73 वां संविधान संशोधन के अनुरूप प्रदत 29 अधिकारों को पूर्ण रूपेण ग्राम पंचायत को दिया जाए, ग्राम सभा की रक्षा हेतु ग्राम सभा से पारित निर्णयों को शत-प्रतिशत सुनिश्चित कराया जाए, ग्राम सभा से चयनित योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए व सरकार ग्राम सभा में अनावश्यक हस्तक्षेप बंद करे, मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में ब्रेडा असफल हो चुकी है, इसे पुनः ग्राम पंचायत को सौंपा जाए एवं इस योजना का नाम ग्राम प्रधान सोलर स्ट्रीट लाइट योजना रखा जाए सहित 29 सूत्री मांगों से संबंधित एक ज्ञापन बीडीओ अमित प्रताप सिंह को दिया गया।   धरना में मुखिया मीना देवी, नीतू कुमारी, आभा देवी, अनिता देवी, लवजी गौतम, मनोज कुमार, नितू देवी, शहनाज खातून, रेखा सिंह, श्वेता सिंह, राजेन्द्र प्रसाद शामिल थे।

बकाया राशि रहने के कारण विद्युत कनेक्शन कटने के पश्चात जलाना पड़ा महंगा, विभाग ने लगाया जुर्माना

बिलिंग गुणवत्ता एवं बकायेदार उपभोक्ताओं की जांच को लेकर चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत विद्युत ऊर्जा चोरी को लेकर कनीय विद्युत अभियंता, सूर्यपुरा प्रदीप कुमार प्रजापति ने बिजली चोरी के आरोप में दो लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।   कनीय अभियंता ने बताया कि बीच शिओबाहर निवासी मनोज शर्मा बकाया पर विद्युत कनेक्शन कटने के पश्चात अवैध रूप से तार जोड़कर जलाते पकड़े गए है। उन पर 49921 तथा सूर्यपुरा के पप्पू कुमार मेहरा पर 14294 रुपये जुर्माना लगाया गया है।   सहायक विद्युत अभियंता, बिक्रमगंज राज कुमार ने बताया कि बिजली की चोरी करते पकड़े गए दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत सूर्यपुरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। विद्युत आपूर्ति अवर प्रमण्डल, बिक्रमगंज अंतर्गत चालू माह में 39 व्यक्तियों पर विद्युत ऊर्जा चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है।

वाटर सह चिल्ड प्लान्ट का सांसद ने किया उद्घाटन

वीर कुंवर सिंह महाविद्यालय धारूपुर, बिक्रमगंज में 9 लाख की लागत से लगे वाटर सह चिल्ड प्लान्ट का काराकाट सांसद महाबली सिंह ने रविवार को उद्घाटन किया।   उद्घाटन के बाद महाविद्यालय में सभा का आयोजन किया गया।इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए सांसद ने बिहार के प्राचीन व्यवस्था का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि एक समय था जब यहां सौहार्द की गंगा बहती थी। जाति, वर्ग एवं संप्रदाय का कोई महत्व नहीं था। सभी सौहार्दपूर्ण वातावरण में एक दूसरे का सहयोग एवं समर्थन करते हुए जीवन यापन करते थे। जिसे बिहार के विकासपुरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में जीवंत करने का काम किया। परंतु विगत कुछ वर्षों से राजनीतिक महत्वाकांक्षा रखने वाले लोगों ने बिहार के सौहार्द को कमजोर करते हुए जातीय, वर्ण एवं सांप्रदायिक उन्माद फैलाने का काम किया है। जिससे वर्तमान में समाज को काफी क्षति पहुंचा है। जिस पर चिंतन करने की आवश्यकता बताया।   वही भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री डॉ मनीष रंजन ने सांसद सहित अतिथियों को अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। सांसद के कार्यों को सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सौभाग्य है कि काराकाट को महाबली सिंह जैसे सांसद प्राप्त हुए हैं।   मौके पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष जवाहर सिंह, सांसद प्रतिनिधि सूर्यवंश कुशवाहा, नगर पंचायत काराकाट के चेयरमैन प्रतिनिधि मुन्ना भारती, लल्लन चौरसिया, प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह, प्राचार्य सुरेंद्र सिंह, मुखिया विनय प्रकाश चौधरी एवं प्राचार्य अमरेंद्र मिश्र सहित कई लोग उपस्थित थे।

चार माह से नगर परिषद के कई वार्डों में पेयजल आपूर्ति ठप

नगर परिषद बिक्रमगंज के वार्ड संख्या 7, 8, 9 और 10 में पिछले चार माह से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। बताया जाता है कि पेयजल आपूर्ति के लिए लगाये गए पाइप लाइन के जगह-जगह लिकेज होने से पानी सड़कों और गलियों में पसरा रहा था। इसकी शिकायत जब स्थानीय लोगों ने संबंधित कंपनी बुडको के अधिकारियों से की तो वे पाइप की मरम्मती कराने के बजाए आपूर्ति हीं बंद कर दिया।   इससे खासकर गरीब और कमजोर वर्ग के लोग शुद्ध पेयजल से वंचित हो गए है। अमीर परिवार के लोग तो बिजली मोटर का उपयोग कर अपनी पेयजल की आवश्यकता की पूर्ति कर लेते हैं, लेकिन गरीब लोग को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वे पीने के पानी मोहल्ले के संभ्रांत लोगों के घर जाकर लेने को विवश हैं। स्नान करना कपड़ा धोना या घरों की साफ-सफाई करना तो काफी मुश्किल हो गया है।   इस संबंध में वार्ड पार्षद सैफ अली बताते है कि पाइप की मरम्मती के लिए लिए पिछले तीन माह पूर्व विभागीय अधिकारियों को पत्र दिया गया। लेकिन वे पाइप बदलने के बजाय आपूर्ति हीं बंद कर दिये। जिससे लोगों को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ रहा है।   पेयजल की समस्या से जूझ रहे नटवार रोड, धनगाईं, अनुमंडलीय अस्पताल रोड के लोगों ने बताया कि यदि विभाग के द्वारा तत्काल शुद्ध पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं किया जाता है तो आन्दोलन के लिए विवश होंगे। जिसमें सड़क जाम विभागीय कार्यालय में ताला बंदी भी की जा सकती है

विद्युत विभाग ने 9 बकाएदार उपभोक्ताओं पर भेजी लीगल नोटिस एवं कर रही है नीलामवाद की कार्रवाई

बिक्रमगंज। विद्युत आपूर्ति अवर प्रमण्डल, बिक्रमगंज अंतर्गत सभी प्रशाखाओं में राजस्व वसूली को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसमे बिजली चोरी को लेकर जुर्माना एवं प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।   बकायेदार उपभोक्ताओं के विरुद्ध विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए विद्युत कनेक्शन काटा जा रहा है। पूर्व में जो बकायेदार उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा गया था एवं अब तक बकाए राशि का भुगतान नहीं किया गया है, उन पर नीलामवाद दायर की जा रही है। सहायक विद्युत अभियंता, बिक्रमगंज राज कुमार ने बताया कि शुक्रवार को बिक्रमगंज शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं पर नीलामवाद दायर करने के लिए सब्जी मंडी के खुशी चंद गुप्ता, ढिबरा मोहल्ला के बृज मोहन राय, बड़ी मस्जिद के निकट के मो. असगर अली, नटवार रोड के गोपाल भट्ट, मनबोध नगर के संतोष कुमार, सोनार मोहल्ला के कुबेर कुमार, नासरीगंज रोड के हरेराम सिंह, जनार्दन पांडेय, सासाराम रोड के चंदन कुमार को लीगल नोटिस भेजी गई है।   ऊक्त उपभोक्ताओं का विद्युत संबंध कटने के बाद भी बकाया राशि जमा नही करने के कारण बिहार और उड़ीसा लोक मांग वसूली अधिनियम, 1914 के तहत नीलामवाद दायर किया जा रहा है। सहायक विद्युत अभियंता बिक्रमगंज राज कुमार ने बताया कि जो भी उपभोक्ताओं का बकाया राशि रहने के कारण विद्युत कनेक्शन काटा जाता है तो सक्षम प्राधिकारी से किस्तीकरण कराने के पश्चात बकाया राशि एवं पुनः विद्युत संयोजन शुल्क जमा करने के पश्चात विद्युत का उपभोग करे एवं अनावश्यक होने वाली परेशानियों से बचें।   राजस्व संग्रहण को लेकर बार बार उपभोक्ताओं से बिजली बिल जमा करने की आग्रह के बावजूद भी बिजली बिल का भुगतान नहीं करने को लेकर चालू सप्ताह में 33 उपभोक्ताओं पर नीलामवाद की कार्रवाई के लिए लीगल नोटिस भेजी गई है।