Bakwas News

भाकपा माले ने किया एक दिवसीय कार्यकर्ता कन्वेंशन का आयोजन

भाकपा माले द्वारा बिक्रमगंज में एक दिवसीय कार्यकर्ता कन्वेंशन का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता जिला सचिव नंद किशोर पासवान तथा संचालन शिव कुमार बैठा ने की। नंद किशोर पासवान ने कन्वेंशन को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार सरकार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा सत्र के दौरान घोषणा की थी कि जाति व आर्थिक सर्वेक्षण के आधार पर 95 लाख गरीब परिवार जिनकी आय 6000 रूपये माहवारी से कम है, वैसे परिवारों को उद्यमी योजना के तहत 2-2 लाख रूपये दिए जायेंगे।   लेकिन डबल इंजन की सरकार ने गरीबों से वादा कर अब उस वादे को निभाने से मुकर रही है। जिस तरह केंद्र की मोदी सरकार ने पंद्रह-पंद्रह लाख देने का वादा किया था। जिसे वादे को जुमला कह कर वादे से मुकर गया। उसी तरह नीतीश कुमार भी अपने वादे को जुमला साबित करने को तत्पर है। लेकिन भाकपा माले नीतीश कुमार को जुमला साबित नहीं करने देगी।   गरीबों की लड़ाई को माले मंजिल तक पहुंचने का प्रयास करेगा। सड़क से लेकर सदन तक नितिन सरकार को घेरने काम करेगा। काराकाट विधायक अरुण सिंह ने कनवेंशन को सम्बोधित करते हुए कहा कि गरीबों को उजाड़ने में अब की सरकारें और पहले की सरकारों में बहुत बड़ा अंतर है। पहले की सरकारें गरीब विरोधी नहीं थी। सरकारी जमीनों में बसे ग़रीबों को उजाड़ती नहीं थीं बल्कि बसें हुए सरकारी जमीनों में गरीबों को आवास भूमि आवंटित कर देती थीं।   लेकिन अब की सरकार नये नये कानून बना कर जल जीवन हरियाली के नाम पर उजाड़ती है। कानून हैं कि गरीबों को जब तक जमीन नहीं देते तब तक ग़रीबों को उजाड़ना नहीं है। लेकिन सरकार ऐसा नहीं कर रही है। बिना जमीन आवास दिए गरीबों को उजाड़ रही है। बिना सोचे समझे कानून बना रही है। सरकारी सम्पत्तियों को निजी हाथों में बेचा जा रहा है। ताकि निजी कम्पनियां लोगों को लूटे और लूटे हुए माल में चुनावी चंदा के नाम पर इलेक्टोरल बांड के जरिए चन्दा लें। पार्टी द्वारा आवास योजनान्तर्गत फार्म भरवाया जा रहा है। जिनका कच्चा मकान हो खपरैल हो टीन से बना हो ऐसे लोगों से फार्म भरने को कहें। जिन्हें आवास भूमि नहीं है आवास के लिए आवेदन करें।   कन्वेंशन को कृष्ण मेहता, अनुग्रह नारायण सिंह, अशोक पासवान, उमेश प्रसाद, अवध बिहारी राम, ठाकुर पासवान, भूअर राम, द्वारीका प्रसाद सिंह, इमरान खान, सुरेश राम, महमूद खां, धर्मेन्द्र राम, परशूराम राम तथा अन्य लोगों ने संबोधित किया।

स्वयंसेवकों के लिए सर्वोपरि है राष्ट्रहित की चिंता- साध्वी लक्ष्मी माता ‌

‌बिक्रमगंज नगर क्षेत्र के धनगाई बस्ती शिव मंदिर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा गुरुपूजन महोत्सव का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित स्वयंसेवकों ने गुरु भगवा ध्वज का पूजन किया। बाहर से आए स्वयंसेवकों का परीचय स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच संतोष भंडारी द्वारा कराया गया। बौद्धिककर्त्ता के रूप में पहुंची पायलट बाबा आश्रम की साध्वी स्वंसेवीका लक्ष्मी माता ने गुरु पूजन का महत्व बताते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भगवा ध्वज पूजन पर प्रकाश डाला। इस दौरान समसामयिक घटनाक्रम पर चर्चा करते हुए स्वयंसेवकों के लिए राष्ट्रहित की चिंता सर्वोपरि बताया।विषम परिस्थितियों में सरल एवं सहज तथा नि:स्वार्थ भाव से असहायों को सहायता पहुंचाने का कार्य करने वाला व्यक्ति सिर्फ व सिर्फ एक संघ का कार्यकर्त्ता हो सकता है और दूसरा कोई नहीं।   इस वाक्य को कहते हुए उन्होंने वर्तमान में में केवल के वायनाड में आई विभिषिका का स्मरण कराते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा पीड़ितों को सहायता पहुंचाने से लेकर इस दौरान दो स्वयंसेवकों की दी गई बलिदान को याद किया। भारतीय के विरुद्ध चल रहे षड्यंत्र पर चर्चा करते हुए देशवासियों को इससे बचने और समाज को बचाने का अह्वान किया। बांग्लादेश में हिन्दू परिवार पर हो रहे जघन्य अत्याचार का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि उन परिस्थितियों से लड़ने के लिए हमें भी सदैव तैयार रहने की आवश्यकता है। जात-पात की भेद को मिटाने एवं हिन्दू – हिन्दू सहोदर भाई की पद्धति पर जीवनयापन करने का अनुरोध किया। मौके पर उपस्थित जिला प्रचारक विभाष ने संघ प्रार्थना का गायन किया एवं समरसता पुरुष संजय तिवारी ने हिन्दू जागरण का संदेश दिया। निलेश सिंह द्वारा अतिथियों का सत्कार तिलक लगाकर किया गया।

फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का किया गया शुभारंभ

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिक्रमगंज में फाइलेरिया उन्मूलन का शुभारंभ किया गया। जिसका उद्घाटन प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक अशोक कुमार ने किया। उन्होंने ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सभी आशा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्र में दवा खिलानी है। माइक्रो प्लान के अनुसार सभी आशा और आंगनबाड़ी सेविका अपने-अपने क्षेत्र में दवा को खिलाना सुनिश्चित करेंगी।   उन्होंने दवा का वितरण करेंगे कुछ सावधानियां बरतनी के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति गंभीर रूप से बीमार हैं। 2 वर्ष से छोटे बच्चे हैं और गर्भवती माताएं हैं। उनको यह दवा नहीं खिलानी है। 2 वर्ष से ऊपर के जितने भी लोग हैं। सभी को अल्बेंडाजोल डीसी की गोली खीलानी है‌। जिससे कि फाइलेरिया मुक्त हमारा प्रखंड बन सके। मौके पर प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक अशोक कुमार, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक अनीश नारायण, पीरामल फाउंडेशन के कुश कुमार और और अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।

अनुमंडल क्षेत्र में धूमधाम के साथ मनाया गया नागपंचमी का पर्व, भक्तिमय हुआ माहौल

बिक्रमगंज अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत बिक्रमगंज, काराकाट सहित सभी प्रखंडों में नागपंचमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। बिक्रमगंज प्रखंड मुख्यालय, नोनहर, काराकाट प्रखंड मुख्यालय गोड़ारी प्राचीन स्थान बकस बाबा मंदिर, कुरूर बाजार शिव मंदिर, मोथा बकस बाबा, चिल्ला बक्स बाबा, अमौरा बक्स बाबा, देवमार्कण्डेय शिव धाम, संझौली प्रखंड के करमैनी, राजपुर प्रखंड मुख्यालय के बक्स बाबा स्थान समेत सभी प्रखंडों के शहरी व ग्रामीण कस्बों में स्थित मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई।   इसके अलावा हर घरों में लोगों ने हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ नागपंचमी का पर्व मनाया। नागपंचमी के पावन अवसर पर कांवरियां संग सभी श्रद्धालुओं ने शुक्रवार को अहले सुबह से ही नाग देवता के मंदिर पहुंच जलाभिषेक करते हुए दूध व लावा चढ़ाया।   इस दौरान सभी भक्तों ने नाग देवता की जय व जय भोलेनाथ की जयघोष लगा रहे थे। मंदिरों के बाहर छोटे व बड़े व्यापारियों ने अपनी दुकानें भी सजाईं थी। जहां लोगों ने जमकर खरीदारी की। मेले में कई खेलों का आमलोगों के साथ – साथ छोटे – छोटे बच्चों ने लुत्फ उठाया।   बता दें कि सावन मास में नागपंचमी का विशेष महत्व है। पूजा समिति सदस्यों ने बताया कि सुबह मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोले गए। मंदिर में भक्तों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूजा समिति के सभी सदस्यों के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन ने भी व्यवस्था बनाने में अहम योगदान दिया।   जानकार के अनुसार बताया बताया गया कि हिंदू पंचांग के अनुसार श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को नाग पंचमी का पर्व हर वर्ष मनाया जाता है। इस दिन भगवान शिव के साथ-साथ नाग देवता की पूजा करने का विधान है। इस दिन पूजा करने से कुंडली से कालसर्प दोष के साथ-साथ राहु-केतु के दुष्प्रभाव कम हो जाते हैं। इसके साथ ही सांपों से संबंधित हर तरह का भय खत्म हो जाता है।

जीविका कार्यालय बिक्रमगंज में स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को दिया गया प्रशिक्षण

गुरुवार को जीविका कार्यालय बिक्रमगंज में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को रोहतास पिरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम लीडर कुश कुमार द्वारा प्रशिक्षण दिया गया । जिसमें बताया गया कि 10 अगस्त 2024 से फाइलेरिया राउंड शुरू होने वाला है । जिसमें आशा के द्वारा सभी घरों में फाइलेरिया की दवा खिलाई जाएगी । उन्होंने कहा कि यह दवा 2 वर्ष से लेकर 5 वर्ष के बच्चों को डीईसी की एक गोली व 6 वर्ष से लेकर 14 वर्ष तक के बच्चों को डीईसी की दो गोली और 15 वर्ष से ऊपर के लोगों को डीईसी की तीन गोली खाना है । साथ ही एल्बेंडाजोल की एक गोली और लंबाई के अनुसार लवेरवेस्टीम की गोली खिलाना है । साथ ही फाइलेरिया की गोली किसको नहीं खाना है इसके ऊपर भी विस्तार से चर्चा की गई । जैसे कि 2 साल से छोटे बच्चे , गर्भवती माताएं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति को गोली नहीं खानी है ।   बैठक में आए हुए समूह के लोगों द्वारा यह आश्वासन दिया गया कि फाइलेरिया की गोली खुद भी खाएंगे और लोगों को भी गोली खाने के लिए जागरूकता फैलाएंगे । सरकार के द्वारा यह बहुत ही अच्छी योजना चलाई जा रही है । जिसमें जीविका के सभी लोग के तरफ से पूर्ण सहयोग दिया जाएगा । मौके पर पीरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम लीडर कुश कुमार, जीविका के एरिया कोऑर्डिनेटर आलोक कुमार ,कृष्ण कुमार ,सीएफ रामाकांत सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे ।

दिनारा का तपेश्वर सिंह बालिका उच्च विद्यालय 43 वर्षों बाद बना नशेडि‌यों का अड्डा, मूलभूत सुविधाओं के बावजूद सरकार के मनमानी के बाद हुआ विद्यालय बंद, बेटियों के लिए प्रखंड क्षेत्र का गौरव था बालिका विद्यालय

बिहार  सरकार, बिहार बोर्ड के मनमानी से रोहतास जिला का एक ऐसा विद्यालय जहां पहले बच्चियों के शिक्षा दिक्षा से विद्यालय परिसर गुलजार हुआ करता था। आज 43 वर्षों बाद उसी शिक्षा मंदिर को नशेड़ियो व जुआड़ियों ने अपना रैन बसेरा बना लिया है। जिसकी अब तक कोई भी खबर तक लेने वाला नही है।   ज्ञात हो कि रोहतास जिला के दिनारा प्रखंड स्थित वित्त रहित तपेश्वर सिंह बालिका उच्च विद्यालय जो 1981 में स्थापना के पश्चात बिहार सरकार से मान्यता 74525 कोड के साथ एक मात्र बालिका विद्यालय स्थापित था। जो विद्यालय बेटियों के शिक्षा के क्षेत्र में लगातार 43 वर्षों से नारी सशक्तिकरण का मिशाल कायम कर अपना भविष्य सवार रही थी। लेकिन बिहार सरकार द्वारा अचानक सत्र 2023 में इस विद्यालय की मान्यता रद्द कर दी गयी है। जिसके कारण दर्जनों गाँवों की बेटियों के सामने पठन-पाठन से जुड़ी समस्या शुरु हो गयी है।   बिहार सरकार द्वारा हुआ था बोर्ड का आवंटन तपेश्वर सिंह बालिका विद्यालय दिनारा को सचिव, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना के ज्ञापांक – 30/244 पटना द्वारा 13.3.2011 को विद्यालय कोड 74525 आवंटित किया गया है। जे अपने भूमि भवन में अवस्थित है। यह विद्यालय बिहार सरकार, शिक्षि विभाग, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के सभी मानकों को पूरा करता है। लेकिन बिहार सरकार अपनी मनमानी से इसे बंद दिया है। जिससे स्थानीय अभिभावकों, प्रबुद्ध नागरिकों और छात्राओं में रोष व्याप्त है।   इस संबंध में दिनारा नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि स्वर्गीय तपेश्वर सिंह सांसद एवं सहकारिता जगत के पुरोधा के कर कमलों द्वारा इस विद्यालय को सन् 1981 में हीं नारी सशक्तिकरण के दिशा में दुरदर्शी सोच के साथ स्थापित किया गया था। आज इस विद्यालय से उत्तीर्ण अनेकों बालिका देश के कोने-कोने में लगभग सभी क्षेत्रों में विभिन्न पदों को सुशोभित कर रही है।   लेकिन सरकार के मनमानी से इसे बंद कर दिया गया है। इस विद्यालय को पुनः चालू करना नितांत आवश्यक है। ताकि दिनारा प्रखंड के साथ साथ सुदूरवर्ती इलाकों के गरीब, दलित, पिछड़ा, अतिपिछड़ा वर्ग की छात्राओं को पठन पाठन में सहूलियत हो।

प्रखंड कार्यालय परिसर में किया गया कृषि चौपाल का आयोजन

बिक्रमगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को प्रखंड स्तरीय कृषि चौपाल का आयोजन किया गया। जिसमें बिक्रमगंज प्रखंड के 12 पंचायत के पंचायत प्रतिनिधि, प्रखंड प्रमुख, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, सहायक विद्युत अभियंता, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, पंचायत सचिव, राजस्व कर्मचारी, किसान सलाहकार एवं डेढ़ सौ किसानों ने भाग लिया। कृषि चौपाल में आए हुए किसानों की समस्या सुना गया और चौपाल में ही निष्पादन करते हुए कार्रवाई की गई।   चौपाल का मुख्य उद्देश्य कृषि में सिंचाई का सुदृढ़ व्यवस्था करना, हर पंचायत को विद्युत फीडर उपलब्ध कराना एवं जमीन से संबंधित समस्याएं जैसे जमाबंदी, एलपीसी के समस्याओं को दूर करने का था। जिसमें सभी पदाधिकारी एवं कर्मी ने आए हुए किसानों को भरपूर सहयोग किया। और अपने-अपने विभाग से चल रहे योजनाओं के बारे में भी किसानों को अवगत कराया।

समारोह आयोजित कर पदाधिकारियों और सदस्यों को दिलाया गया शपथ

व्यवहार न्यायालय बिक्रमगंज में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों को शपथ दिलाया गया। सब जज प्रथम सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम सह प्रभारी न्यायाधीश व्यवहार न्यायालय बिक्रमगंज सुजीत कुमार ने बार एसोसिएशन बिक्रमगंज के पदाधिकारियों और सदस्यों का शपथग्रहण कराया। गौरतलब हो कि बार एसोसिएशन बिक्रमगंज के पदाधिकारियों का निर्वाचन 26 जुलाई को निर्वाचन पदाधिकारी अधिवक्ता रामनरेश सिंह ने कराया था। जिसमें निर्वाचित अध्यक्ष गोपाल कृष्ण भारद्वाज, उपाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह एवं दिनेश कुमार सिंह, महासचिव रविरंजन सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, अंकेक्षक कुमार ब्रजेश इत्यादि सभी पदाधिकारियों का व्यवहार न्यायालय बिक्रमगंज के प्रांगण में पद और गोपनीयता का शपथ दिलाया गया।   शपथग्रहण के पश्चात वर्तमान अध्यक्ष गोपाल कृष्ण भारद्वाज ने पूर्व अध्यक्ष केदारनाथ सिंह एवं उमेश प्रसाद मिश्रा को अंग वस्त्र से सम्मानित किया। इस अवसर पर सब जज द्वितीय सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय राजीव कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे लिए सभी अधिवक्ता समान हैं। हमारी कोशिश हमेशा यहीं रहती है कि आम लोगों को कैसे सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराया जा सके। हम हमेशा अधिवक्ताओं के सुख दु:ख के सहभागी हैं और हमेशा रहेंगे। मौके पर न्यायिक पदाधिकारी, कर्मी और काफी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित थे।

पहले प्रयास में नीट की परीक्षा में सफलता पाने वाले छात्र को किया गया सम्मानित

नीट की परीक्षा पहले ही प्रयास में पास करनेवाले द डिवाइन पब्लिक स्कूल के छात्र अश्विन आर्य का विद्यालय परिसर में समारोह आयोजित कर किया गया सम्मानित। विदित हो कि अश्विन ने कक्षा यू के जी से लेकर कक्षा बारहवीं तक की शिक्षा द डीपीएस से पूरी की। इस दौरान विद्यालय के छात्रावास में रहकर भी उसने पढ़ाई की। सत्र 2021-22 की दसवीं बोर्ड परीक्षा में उसे 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। पुनः बारहवीं बोर्ड में उसे 91 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। अपनी सफलता की रफ्तार को बरकरार रखते हुए अश्विन ने नीट-2024 की परीक्षा पहले ही प्रयास में पास कर ली। कुल 720 अंकों की परीक्षा में उसे 657 अंक प्राप्त हुए।ऑल इंडिया रैंक 20877 तथा सामान्य कैटेगरी के अंतर्गत 2521 रैंक प्राप्त हुआ। अश्विन की यह उपलब्धि पूरे बिक्रमगंज अनुमंडल क्षेत्र के लिए हर्ष और गर्व का विषय है। द डीपीएस प्रबंधन ने भी छात्र की इस उपलब्धि पर बुलाकर उसे सम्मानित किया।   अश्विन को विद्यालय की ओर से प्रशस्ति पत्र, शॉल तथा एक लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अश्विन की माँ भी उपस्थित रहीं। अश्विन से उसकी सफलता से संबंधित पूछे गए सवालों का उसने बेबाकी से जवाब दिया। उसने बताया कि विद्यार्थियों को भटकाव से बचते हुए अपने लक्ष्य पर ध्यान देना चाहिए।सुबह उठकर अपने दिनभर के कार्यों की योजना बनाएं।   24 लाख परीक्षार्थियों में अपनी जगह बनाना पहले मेरे लिए भी भय प्रदान करने जैसा था, लेकिन आपका आत्मविश्वास ही आपको विजेता बनाता है। द डीपीएस की विशेषताओं की भी उसने चर्चा की और बताया कि किसी भी उपलब्धि पर पुरस्कृत करने की परंपरा मुझे बहुत अच्छी लगती है। डॉक्टर बनने पर जरूरतमंदों की कम कीमत पर इलाज की इच्छा अश्विन ने जताई। विद्यालय के सह निदेशक अखिलेश कुमार ने आज के दिन को उत्सव का दिन बताया। उन्होंने आज के दिन को सपने संजोने का दिन बताया।विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अखिलेश कुमार ने कहा कि यह लैपटॉप पुरस्कार मात्र नहीं है, बल्कि यह आपसभी के लिए प्रेरणा है।   अश्विन नाम का अर्थ बताते हुए उन्होंने कहा कि दिव्य चिकित्सकों के समूह को अश्विन कहते हैं। अश्विन के नाम के अनुरूप उसकी यह सफलता उसके उज्ज्वल भविष्य का संकेत करती है।अश्विन के भारत का नंबर एक डॉक्टर बनने की कामना की साथ ही उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपने जीवन में अद्भुत सफलता पाने की प्रेरणा दी ताकि विद्यालय और भी गर्मजोशी से सभी का अभिनंदन कर सके।

कृषि विज्ञान केन्द्र में किया गया एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन

कृषि विज्ञान केंद्र, बिक्रमगंज, रोहतास में औषधीय एवं सुगंधित फसलों की वैज्ञानिक खेती, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं विपणन विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता वरीय वैज्ञानिक सह केन्द्र प्रधान डॉक्टर शोभा रानी ने किया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के वैज्ञानिक औद्योगिक अनुसंधान परिषद, सीएसआईआर -आई आई एम, जम्मू के द्वारा प्रायोजित था।   इस कार्यक्रम में किसानों को संबोधित करते हुए डॉक्टर शोभा रानी ने बताया कि कृषि विविधिकरण के तहत किसानों की आय बढ़ाने और औषधीय एवं सुगंधित तेल की राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए किसानो के द्वारा मौजूदा फसल प्रणाली में औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती बहुत उपयुक्त है। इस प्रकार ग्रामीण स्तर पर इन फसलों की बेहतर किस्म का विकास या प्रदर्शन करके किसानों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति मे सुधार की अपार संभावना है।   जम्मू से आए हुए प्रधान वैज्ञानिक डॉक्टर सभाजीत ने किसानों को बताया कि कई उच्च मूल्य वाली औद्योगिक फसलों और उनकी किस्म का विकास किया गया है। जो पारंपरिक फसलों की तुलना में उच्च मूल्य और अधिक आर्थिक लाभ प्रदान करती हैं। इन फसलों को वर्षा आधारित क्षेत्रों में उगाया जा सकता है। परंपरागत खाद्य फसलों की खेती बिना प्रभावित हुए बंजर भूमि, कम सिंचित क्षेत्र, शुष्क भूमि और वर्षा आधारित क्षेत्र पर की जा सकती है। सुखा सहन करने वाली इन फसलों की खेती इस क्षेत्र की किसानों की आय और कृषि टीकाऊपन के लिए एक वरदान स्वरुप है। इसके अतिरिक्त उद्यमिता विकास को भी आकर्षित करने में यह एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने काफी विस्तार में इन फसलों की वैज्ञानिक खेती एवं उपयुक्त जलवायु की स्थिति के बारे में बताया।   कार्यक्रम का संचालन केंद्र के उद्यान वैज्ञानिक डॉक्टर रतन कुमार ने किया। इस कार्यक्रम में केंद्र के अन्य वैज्ञानिक आर के जलज, डॉ रमाकांत सिंह, डॉक्टर डेनियल, संजू कुमारी ने अपने विचार व्यक्त किया।   इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न गांवो जैसे कोचस, दावथ, नोहटा, मोथा, तराई, बारुद, सुरहुरिया, दिनारा, मसौना, नासरीगंज, हुक्काडिह, करमैनि, शिवेबहार, अलीगंज, जमुआरा, रकासियां इत्यादि से आए हुए 76 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन केंद्र के मृदा वैज्ञानिक डॉ रमाकांत सिंह के द्वारा किया गया।