Bakwas News

केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

कुर्था,अरवल। विकसित भारत संकल्प यात्रि सोनभद्र वंशी सूर्यपुर प्रखंड क्षेत्र के सोनभद्र पंचायत के सोनभद्र गांव एवं चमंडी पंचायत के पोंदिल गांव पहुंची। इस दौरान सोनभद्र पंचायत में इस संकल्प यात्रा का मुखिया शोभा देवी एवं चमंडी पंचायत में रीना देवी के द्वारा ड्राइवर को माला पहनाकर स्वागत किया गयागयावहीं जीविका दीदी ने खूबसूरत विकसित भारत का रंगोली के माध्यम से लोगों को भारत को अलग अलग रंगों के माध्यम से बेहतर भारत बनाने का संदेश दिया। इस दौरान बीपीआरओ मनीष रंजन के द्वारा उपस्थित लोगों को विकसित भारत बनाने एवं स्वच्छ भारत के संकल्प की शपथ दिलाई गई ।     इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए जहाँ पर लोगों ने केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे योजनाओं से रूबरू हुए। कार्यक्रम में लोगों ने एलईडी वैन के जरिए केंद्र सरकार की उपलब्धियों की लघु फिल्मों को देखा।   इस फिल्मों के जरिए लोगों को सरकार की तमाम उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं विकसित भारत संकल्प यात्रा में लोगों के बीच भारत सरकार के द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के लिए पुस्तक एवं नए वर्ष के कैलेंडर भी वितरित किए गए।   इस मौके पर सोनभद्र पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रामईश शर्मा उर्फ कीकू शर्मा, सरदार रणविजय सिंह,चमंडी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विमल यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर जदयू नेताओं ने नीतीश कुमार को दी बधाई

कुर्था,अरवल। जदयू प्रदेश सचिव सत्येंद्र कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई दी है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में जदयू राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत और विस्तारित होगी आने वाले समय में पार्टी और बेहतर राजनीतिक प्रदर्शन करेगी।   उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के अध्यक्ष बनने पर पार्टी में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है और इसका फायदा 2024 लोकसभा चुनाव में मिलेगा। बधाई देने वालों में जदयू नेता पूर्व मुखिया रविशंकर कुमार, प्रखंड अध्यक्ष मोहन सिंह,पूर्व प्रखंड अध्यक्ष जितेन्द्र कुशवाहा, राजनाथ महतो सहित कई कार्यकर्ता शामिल हैं।

दूसरे दिन भी नहीं निकली धूप , लोग ठंड से परेशान

अरवल । इलाके में पिछले दो दिनों से बिल्कुल ही एक मिनट के लिए भी धूप से भेंट नहीं हुई शनिवार को सुबह से कुहासा तो नहीं था लेकिन तापमान में काफी गिरावट थी जिसके चलते जन जीवन काफी प्रभावित रहा दिहाड़ी मजदूर खेतों में काम करने वाले लोग बाइक से अपने-अपने दफ्तर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा कई लोगों का अनुमान है कि अब यह शीतलहरी का प्रकोप मकर संक्रांति के बाद ही समाप्त होगा संध्या के पांच बजते ही बाजारों चौक चौराहा से लोग सीधे अपने-अपने घरों के लिए प्रस्थान कर जा रहे थे।   छह बजते बजते संध्या को किंजर बाजार कुर्था मोड शांतिपूरम शंकरपुर इमामगंज हाजीपुर आदि बाजारों में सन्नाटा पसर जा रहा है इन बाजारों में अधिकतर दुकानदार भी छह बजे तक अपनी दुकान बंद कर दे रहे हैं दुकानदार पिंटू कुमार राजू कुमार ने बताया कि जब ग्राहक ही नहीं नजर आ रहे हैं तो दुकान को खुले रखने से क्या फायदा।

नटवार मे समाज सेवी ने किया कंबल का वितरण

बिक्रमगंज अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत दिनारा प्रखंड के नटवार बाजार में समाज सेवी नारायण शाह उर्फ महावीर प्रसाद ने बढ़ती ठंढ को देखते हुए गरीब व असहाय लोगों के बीच शनिवार को कंबल का वितरण किया। करीब 300 गरीब असहाय लोगों को कंबल का वितरण किया गया।   मौके पर हरिहर प्रसाद, उमा शंकर सिंह, हिमांशु सिंह, धीरज गुप्ता, अधिवक्ता मैथली शरण पाठक, एच के सिंह, विद्या शंकर सिंह, गौरव कुमार पाठक, अमन कुमार गुप्ता बसंती देवी, राधिका देवी आदि उपस्थित थे। समाज सेवी के पुत्री राधिका देवी ने बताया कि पिता जी हर साल ठंढी मे असहाय लोगों के बीच कंबल के वितरण करते है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी वितरण किया गया।

देश, काल, दिशा, पात्र के अनुसार निर्णय लेने वाला बुद्धिमान – जीयर

बिक्रमगंज प्रखंड के बरना में आयोजित श्री लक्ष्मी महायज्ञ के दूसरे दिन लक्ष्मी प्रपन्न श्री जीयर स्वामी जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि देश ,काल दिशा, पात्र के अंतर्गत निर्णय लेने वाला व्यक्ति बुद्धिमान होता है। किताबी ज्ञान अर्जन करना अथवा किसी विषय वस्तु का ज्ञानी होना दूसरी बात है। ऐसे व्यक्तियों को बुद्धिमान की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता।   इसके संदर्भ में उन्होंने श्रीमद् भागवत तथा रामायण सहित अन्य धर्म ग्रंथो के प्रसंग को रखा। इसके साथ ही धर्म और कथा को मानव का मूल पूंजी बताया। इसके अभाव में सांसारिक समृद्धि को महत्वहीन बताते हुए स्वामी जी ने कहा कि जिस व्यक्ति में धर्म, संस्कृति, सभ्यता और मर्यादा का अभाव हो वह व्यक्ति सांसारिक सुख का भोग नहीं कर सकता। आत्मा में सत्कर्म का निवास नहीं हो तो मानव शरीर का कोई महत्व नहीं है। इसके लिए मनुष्य को अपने जीवन काल में धर्म तथा धर्म के लिए कथा से जुड़े रहने का उन्होंने निवेदन किया।

बोलेरो से ओवरटेक कर धान लदे ट्रक को लूटने वाले 4 बदमाशों को पुलिस ने दबोचा, छापेमारी जारी

ARWAL: अरवल जिले में बोलेरो सवार बेखौफ अपराधियों ने धान से लदे ट्रक को लूट लिया था। ट्रक पर लदे धान को उतारा जा रहा था तभी पुलिस ने ट्रक में लगे जीपीएस लोकेटर की जरिये ट्रक को उसी दिन बरामद कर लिया था वही आज बोलेरो सवार 4 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बोलेरो को भी जब्त कर लिया है साथ ही चार स्मार्ट फोन को भी बरामद किया है।   मामला अरवल जिले के किंजर थाना क्षेत्र के NH-110 स्थित बारह माईल पुल के पास का है जहां बोलेरो पर सवार अपराधियों ने धान से लदे ट्रक को लूट लिया और मौके से फरार हो गये थे। बताया जाता है कि टेकारी से धान लोडकर बक्सर जा रहे ट्रक को पहले बोलेरो सवार अपराधियों ने रुकवाया फिर ट्रक के ड्राइवर को पास बुलाते हुए कहा कि साहब गाड़ी के पास बुला रहे हैं।   ड्राइवर जब पास आया तो उसे जबरन बोलेरो में अपराधियों ने बैठा लिया फिर खलासी को भी गाड़ी में बिठाया। दोनों को करपी थाना क्षेत्र के मंगा विगहा मोड़ के पास सुनसान जगह पर बोलेरो से उतार दिया। ट्रक चालक का मोबाइल भी ट्रक में ही छूट गया। जिसके बाद ड्राइवर और खलासी ने ट्रक के मालिक को घटना की सूचना दी।   ट्रक के मालिक ने करपी थाना पुलिस को बताया कि ट्रक में जीपीएस लगा हुआ है। पुलिस ने जीपीएस लोकेटर के माध्यम से महेंदिया थाना क्षेत्र के नट बिगहा पहुंची तो देखा कि BR44GA/ 1310 रजिस्ट्रेशन नंबर की ट्रक पर लदे धान को कुछ लोग गोदाम में उतार रहे हैं। पुलिस ने तत्काल ट्रक को जब्त किया और गोदाम में काम करने वाले कर्मचारियों को गिरफ्तार किया। ट्रक को लेकर पुलिस महेंदिया थाना पहुंची और इसकी सूचना ट्रक के मालिक को दी। पुलिस ट्रक लूटेरों की गिरफ्तार में लगी हुई थी और आखिरकार घटना के 12 घंटे के बाद 4 लूटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।   बताया जाता है कि घटना 26 दिसंबर की है जब ट्रक का चालक रमेश सिंह उम्र-37 वर्ष पिता-स्व० लक्ष्मण सिंह ग्राम-कोनी थाना-मुरार, जिला-बक्सर ट्रक पर बड़गाँव टेकारी से धान लोड कर रात्रि 09:30 बजे बक्सर के लिए प्रस्थान किया था। उक्त ट्रक जब किंजर थानान्तर्गत बारह माईल अतौलह के बीच बड़ा पुल से करीब 100 गज आगे पहुँची थी तभी एक बोलेरो गाड़ी पर सवार 06 अज्ञात अपराधियों के द्वारा ट्रक को रुकवाकर ट्रक पर सवार चालक एवं सह-चालक को बोलेरो में जबरदस्ती बैठाकर धान लोडेड ट्रक को लेकर भाग गया था और चालक एवं सह चालक को बोलेरो से बीच रास्ते में उतार दिया था।   तब चालक के द्वारा इसकी सूचना डायल 112 पर दिया गया। करपी थाना डायल 112 की गाड़ी तत्काल घटनास्थल पर पहुँचकर ट्रक चालक एवं सह-चालक को थाना पर लाया गया था। उक्त घटना के संबंध में चालक रमेश सिंह के फर्द बयान के आधार पर किंजर थाना में केस दर्ज कराया गया। कांड दर्ज होने के बाद अरवल पुलिस अधीक्षक मो० कासिम के निर्देशानुसार अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।   गठित टीम के द्वारा त्वरित गति से कांड का उदभेदन करते हुए घटना में संलिप्त सिल्वर रंग का बोलेरो गाड़ी रजिस्ट्रेशन नं0-BR02R8078, लूटी गयी ट्रक रजिस्ट्रेशन नं0-BR44GA1310 के साथ चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से बरामद से सिल्वर रंग का बोलेरो गाड़ी रजिस्ट्रेशन नं0-BR02R8078 और लूटी गयी ट्रक रजिस्ट्रेशन नं0-BR44GA1310 (धान रहित),चार स्मार्ट मोबाईल फोन भी बरामद किया गया है। अन्य लूटेरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है इसके पूरे रैकेट को खंगालने में पुलिस जुटी है।

असामाजिक तत्वों ने धान के बोझा में लगाया आग

करपी,अरवल। थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव निवासी कृषि मजदूर जवाहर चौधरी एवं रंजन राम के धान का बोझा में आसामाजिक तत्वों ने गुरुवार की रात आग लगा दी ।प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों कृषि मजदूर मजदूरी के बाद मिले धान के बोझा को खेत के किनारे आल पर रखे हुए थे।   इसी बीच मध्य रात्रि के बाद किसी आसामाजिक तत्वों ने धान के बोझा में आग लगा दी। जवाहर चौधरी का डेढ़ सौ बोझा एवं रंजन राम का डेढ़ सौ बोझा धान का रखा हुआ था।   शुक्रवार को अहले सुबह इस घटना की जानकारी मिली इसके उपरांत लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई ।लोगों ने जुटकर आग बुझाई। इस घटना में 100000 रुपए का नुकसान होने का अनुमान व्यक्त किया जा रहा है।   घटना की सूचना मिलते ही खजूरी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सह राजद के प्रदेश सचिव रामाशीष सिंह रंजन घटनास्थल पर पहुंचे तथा दोनों मजदूरों को सरकार से मदद दिलवाने का भरोसा दिया। इन्होंने जिला प्रशासन से मांग किया है कि दोनों कृषक मजदूर थे। दोनों के द्वारा कमाई गई मजदूरी का धान पूरी तरह जलकर राख हो गया है। दोनों को तत्काल सहायता उपलब्ध करवाई जाए।

सोन नहर किसान मोर्चा की बैठक

अरवल । प्रखंड क्षेत्र के बासाटाड नहर पर सोन नहर किसान मोर्चा की बैठक रविवार को आयोजित की जाएगी।   किसान मोर्चा के संयोजक पुण्य देव सिंह ने उक्त आशय की जानकारी देते हुए बताया कि कोचहसा , माली एवं इमामगंज रजवाहा में अपेक्षित कार्य नहीं किया जा रहा है ।बहुत सारी कमियां देखने को मिल रही है। ऐसे में इस बैठक का आयोजन कर आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। इन्होंने इस क्षेत्र के सभी किसानों से इस बैठक में शामिल होने का अनुरोध किया है।

दरोगा की मौत पर गांव में मातम

करपी,अरवल । नालंदा जिले के इस्लामपुर थाने में तैनात दरोगा ललन कुमार के निधन का समाचार मिलते ही सोनभद्र बंशी सूर्यपुर प्रखंड क्षेत्र के बखोरी बीघा गांव में मातम का माहौल कायम हो गया ।जिन लोगों ने यह खबर सुनी उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था कि यह घटना अचानक कैसे घट गई। समाजसेवी एवं अरवल जिला फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव राजीव कुमार रंजन ने बताया कि यह एक अच्छे फुटबॉलर थे।   गांव में ही नहीं बल्कि इस इलाके में लोकप्रिय थे। परिजनों ने बताया कि पुलिस विभाग में 1995 में सिपाही के तौर पर उनकी बहाली हुई थी तथा प्रमोशन पाकर सब इंस्पेक्टर बने थे। उनकी पत्नी के अतिरिक्त तीन पुत्र और एक पुत्री भी हैं। गांव में शव पहुंचते ही मातम का माहौल कायम हो गया तथा परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है ।परिजनों के रुदन क्रंदन को देखकर गांव के अन्य लोगों के आंसू भी नहीं थम रहे हैं।

करपी पुलिस ने चलाया वाहन जांच अभियान

अरवल । स्थानीय थाना मुख्यालय के प्रवेश द्वार पर पुलिस के द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया गया। वाहन जांच अभियान में₹3000 जुर्माना के रूप में राशि वसूली की गई। थाना अध्यक्ष उमेश राम ने बताया कि वाहन जांच के क्रम में कुछ स्कूली बच्चे भी बिना हेलमेट लगाए गाड़ी चलाते हुए पकड़े गए। ऐसे बच्चे परीक्षा देने विभिन्न स्थानों पर जा रहे थे। इन्हें यातायात के नियमों की जानकारी दी गई तथा अगले बार से बिना हेलमेट लगाए गाड़ी नहीं चलने की चेतावनी भी दी गई।   इन्होंने सभी लोगों से अपील किया है कि वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग निश्चित रूप से करें। क्योंकि दुर्घटना कभी भी घट सकती है ।ऐसे में जो लोग हेलमेट लगाए रहते हैं दुर्घटना होने पर जान जाने की संभावना कम हो जाती है। लेकिन जो लोग हेलमेट नहीं पहनते हैं सड़क दुर्घटना में ऐसे लोगों की मृत्यु काफी हो रही है। ऐसा देखा भी जा रहा है। हालांकि वाहन जांच को देखते हुए कई लोग दूर से ही गाड़ी घुमा कर भागते नजर आए।