Bakwas News

ट्रेन से कटकर युवती की मौत

बलिया। सहतवार  स्टेशन के एक किलोमीटर पश्चिम एक 45 वर्षीय युवती‌‌ की ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी । रेलवे पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला चिकित्सालय भेज दिया । बताया जा रहा है कि नगर पंचायत सहतवार के वार्ड नंबर 4 निवासी कलावती देवी पत्नी हीरालाल चौहान रोज की भाति अपने बकरियों को लेकर स्टेशन की तरफ चराया करती थी । आज भी लगभग दोपहर 1:10 के करीब15115 लोकनायक अप एक्सप्रेस सहतवार रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी । अभी व सहतवार व बघाव के बीच में ही पहुंची थी कि ट्रेन की चपेट में आ गयी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई । स्थानीय लोगों द्वारा बताया जा रहा है कि युवती गूंगी तथा बहरी थी । घटना के समय युवती के परिजन बैरिया ईट भट्टे पर काम कर रहे थे । स्थानीय लोगों के सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तब जाकर शव की शिनाख्त की गयी। रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया । इस दुर्घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है ।

पीड़िया विसर्जन को लेकर नदी घाटों पर उमड़ी भीड़

बलिया । भाई के लम्बी उम्र व सुख समृद्धि का रूद्रव्रत पर्व (पीड़िया)का विसर्जन जिले भर में गंगा, सरजू व तमसा नदी के घाटों पर बहनों ने मंगलगीतों के साथ किया। इसके बाद गुरुवार को व्रत रखी बहनों ने परम्परानुसार चिउड़ा व मिष्ठान से पारण कर व्रत को पूरा किया। प्रशासन की ओर से अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम किये गये थे। भोर से शहर के एनएच सहित विभिन्न मार्गों पर जाम का झाम लग गया था, जिसके चलते आवागमन में लोगों को काफी परेशानी होती नजर आयी। बता दें कि गोवर्धन पूजा के एक माह बाद पीड़िया पर्व होता है। बहनें अपने भाइयों की दीर्घायु के लिए व्रत रखती हैं। इसी क्रम में गुरुवार को बहनों ने व्रत रखा तथा शुक्रवार को पीड़िया को नदी में प्रवाहित किया। भोर के चार बजे से ही शासन के निर्देशों की अनदेखी करते हुए गांवों से ट्रैक्टर ट्रालियों पर सवार लड़कियां और महिलाएं पारंपरिक गीत गाते हुए घाटों पर पहुंची तथा विधि-विधान से पूजन के बाद पीड़िया को नदी में प्रवाहित किया। इसके बाद एक दूसरे को पर्व की बधाई दी। सोलहिया निगलने का निभाई परम्परा बलिया। भाई की लम्बी उम्र, खुशहाली व सुख-समृद्धि की प्रबलता का प्रतीक रुद्रव्रत पीड़िया का विसर्जन शुक्रवार की भोर में हुआ। इस दौरान बहनों ने नए चावल व गुड़ का रसियाव बनाईं। दिन भर उपवास रहने के बाद शाम को सोरहिया के साथ रसियाव ग्रहण की। व्रत रखी बहनों ने अपने जितने भाई हैं उस संख्या के हिसाब से  प्रति भाई 16 धान से चावल निकालकर सोरहिया निगलकर व्रत की परम्परा का  निर्वहन किया।

गंगा नदी में डूबी दो किशोरी, लोगों ने बचाया

बलिया। पीड़िया विसर्जन करने पहुंची दो किशोरी गंगा नदी में डूब गयी। हालांकि मौजूद मल्लाहों ने उन्हें बचा लिया। इसके बाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के बाद स्वस्थ होने पर डॉक्टरों ने घर भेज दिया। गड़वार थाना क्षेत्र के सरयां गांव की एक दर्जन अधिक युवती व किशोरी वाहन से पीड़िया विसर्जन करने शहर से सटे गंगा नदी के माल्देपुर घाट पर पहुंची थी। नदी में स्नान करते वक्त 16 वर्षीय सरगम पुत्री उमेश सिंह नदी में डूबने लगी। यह देख पास में नहा रही 17 वर्षीय चांदनी पुत्री राजू सिंह बचाने पहुंची तो वह भी डूबने लगी। दो लड़कियों को डूबता देख खलबली मच गयी तथा मौजूद अन्य लड़किया शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर नदी में मछली मार रहे मल्लाह नाव लेकर पहुंचे तथा काफी प्रयास के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल पहंुचाया गया। हादसे की जानकारी होते ही गांव-घर के लोग पहुंच गये। पहले तो डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद वाराणसी ले जाने की सलाह दी, हालांकि बाद में उनके ही उपचार से दोनों पूरी तरह से स्वस्थ हो गयी। इसके बाद चिकित्सकों ने घर भेज दिया।

मृत फौजी का शव देख फूटा गुस्सा, एनएच पर चक्का जाम

बलिया। बरेली रेलवे स्टेशन पर टीटीई द्वारा कथित तौर पर धक्का देने से मृत जवान भरसौंता निवासी सोनू कुमार का पार्थिव शरीर पहुंचा। नाराज ग्रामीणों ने शव लेकर पहुंची एम्बुलेंस को हल्दी चट्टी पर ही रोक लिया तथा एनएच-31 को जाम कर दिया। ग्रामीण आरोपित टीटीई के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। जाम के चलते बलिया-बैरिया मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। अफसरों के अश्वासन पर करीब तीन घंटे बाद जाम समाप्त हो सका। इसके बाद जवान का अंतिम संस्कार कर दिया है। राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे सोनू को 17 नवम्बर को बरेली रेलवे स्टेशन पर टीटीई ने धक्का दे दिया। हादसे में उनका एक पैर कट गया जबकि दूसरा पैर बुरी तरह से जख्मी हो गया। इलाज के दौरान दूसरे पैर को भी डॉक्टरों ने काट दिया। इसके बाद उनकी हालत खराब हो गयी। 23 नवम्बर को सोनू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजन शव को लेकर शुक्रवार की सुबह पहुंचे। इसकी जानकारी होते ही भरसौंता व हल्दी के साथ ही आसपास के गांवों के लोग चट्टी पर पहुंच गये तथा शव लदी एम्बुलेंस को रोककर एनएच को जाम कर दिया। उनकी मांग आरोपित टीटीई को गिरफ्तार करने की थी। इसकी जानकारी होते ही पुलिस के साथ पहुंचे एसडीएम सदर प्रशांत नायक व एसडीएम बैरिया आत्रेय मिश्र ने बातचीत कर भरपूर मदद का भरोसा दिया। इसके बाद सुबह नौ बजे से चल रहा जाम दोपहर करीब साढ़े 12 बजे समाप्त हो सका। इसके बाद फौजी के शव को घर ले जाया गया। वहां पर अंतिम दर्शन के बाद हुकूमछपरा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। सेना के जवानों ने गार्ड आफ आनर दिया। मुखाग्नि भाई विपिन ने दी।

दो पक्षो में हुई मारपीट में पांच लोग घायल, पुलिस ने घायलों का कराया इलाज 

बलिया। पकड़ी थाना क्षेत्र के दो गांवो के दो पक्षो में हुई मारपीट में पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का इलाज कराया। जानकारी के मुताबिक गुरुवार की शाम जोगेसरा गाँव निवासी बहादुर चौहान एवं रामप्रीत चौहान के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गया। इस मारपीट में रामप्रीत चौहान 55 वर्ष तथा राधिका चौहान23 वर्ष घायल हो गए। वही शुक्रवार की सुबह नेहरूनगर (सहुलाई) निवासी अजित तिवारी एवं रामप्रकाश तिवारी के बीच विवाद के बाद मारपीट में अजित तिवारी 35 वर्ष , संध्या तिवारी 20 वर्ष तथा पुष्पा तिवारी30 वर्ष पत्नी रामप्रकाश तिवारी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजवाते हुए अन्य विधिक कार्यवाही शुरू कर दी।

बोलेरो के धक्के से बाइक सवार घायल

बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के चैनपुर गुलौरा के बिशुनपुरा मठिया के समीप बोलेरो और बाइक की भिड़ंत में दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आनन-फानन में ग्राम प्रधान सियाराम यादव और ग्रामीण लोगों ने उसी बोलेरो से इलाज के लिए मऊ लेकर चले गए।दोनों युवकों की हालत नाजुक बनी हुई है।बतादें कि चैनपुर गांव में एक 15 वर्षीय किशोरी की शुक्रवार की सुबह हुई मौत को के बाद किशोरी के अंतिम संस्कार के लिए गांव के लोग जा रहे थे कि इस बीच मठिया गांव के समीप मोड़ पर सामने से आ रही बोलेरो ने बाइक सवार 55 वर्षीय ओम प्रकाश गुप्ता और 52 वर्षीय रामनाथ पाल की बोलेरो से टक्कर हो गई जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गए ग्रामीणों ने भाग रहे बोलेरो को रुकवा कर उसी बोलेरो से इलाज के लिए मऊ भेज दिया। दोनों घायलों को सर और पैर में जबरदस्त चोट लगी है जिसमें रामनाथ पाल की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

धान क्रय केंद्र पर कर्मचारी-किसानों में मारपीट

बलिया। रेवती विप्पणन कार्यालय स्थित धान क्रय केन्द्र पर किसानो तथा क्रय केन्द्र के कर्मचारियो के बीच धान की गुणवत्ता की मानक को लेकर मारपीट हो गयी। बताया जाता है कि कम्प्यूटर आपरेटर स्लो कुमार पइया धान के नाम पर तौल में 6 प्रतिशत की कटौती कर रहे थे।इसी बात को लेकर कुछ किसानो ने विरोध किया।आरोप है कि तल्ख नोक झोक के बीच मारपीट हो गयी।मौके पर मौजूद लोगो ने बीच बचाव किया।पूरे दिन तौल का कार्य ठप रहा।मार्केटिंग इंस्पेक्टर अमित वर्मा ने बताया कि यह घटना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है।घटना क्रम से जुड़े दोषी किसानो के संबंध में उच्चाधिकारियो को अवगत करा दिया गया।

ट्रैक्टर के धक्के से महिला की मौत

बलिया। नरही थाना क्षेत्र के कोटवानारायणपुर एन एच 31 पर ट्रैक्टर के धक्के से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई । सिकन्दरपुर गांव निवासी 80 वर्षीय सलमा पत्नी रबानी कोटवा बाजार से अपने घर की तरफ जा रही थी कि तेज रफ्तार से आ रहे ट्रैक्टर ने धक्का मार दिया और घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई। परिजनों द्वारा शव को घर ले जाकर सुपुर्दे खाक कर दिया गया। इस संबंध में जब कोरंटाडीह पुलिस चौकी से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। परिजनों ने भी पुलिस को कोई सूचना नहीं दी।

झारखंड में हुई हत्या का मुख्य आरोपित बलिया से गिरफ्तार

चाईबासा के कमलदेव गिरी हत्याकांड में आरोपी था सतीश प्रधान शहर से सटे परमंदापुर गांव में किसी परिचित के यहां ली थी शरण जिले की पुलिस संग झारखंड पुलिस ने सोमवार की रात दबोचा बलिया। झारखंड प्रांत के पश्चिमी सिंहभूमी (चाईबासा) के कमलदेव गिरी हत्याकांड के मुख्य आरोपित को पुलिस ने सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया। वह एक परिचित के जरिये यहां पहुंचाकर एक मकान में रह रहा था। पकड़ने के बाद झारखंड पुलिस आरोपित को साथ लेकर चली गयी। चाईबासा के चक्रधरपुर के भारत-भवन चौक के पास 12 नवंबर को हिंदुवादी नेता कमलदेव गिरी की बम मारकर हत्या कर दी गयी। इस घटना के बाद चाईबासा में विरोध-प्रदर्शन भी हुए थे। झारखंड पुलिस ने करीब आधा दर्जन के खिलाफ केस दर्ज किया था। आरोपितों में मुख्य साजिशकत्र्ता के रुप में चक्रधरपुर प्रखंड के कुरुलिया निवासी सतीश प्रधान का नाम शामिल था। सूत्रों की मानें तो सतीश का एक शिक्षक से सम्बंध था जो बांसडीह रोड इलाके का रहने वाला है। छानबीन में झारखंड पुलिस को पता चला कि वारदात के बाद सतीश की अंतिम बार उक्त शिक्षक से ही बातचीत हुई थी। इस आधार पर पुलिस ने सर्विलांस के जरिये मोबाइल नम्बर को ट्रेस करने के बाद तीन दिनों पहले यहां पहुंच गयी। इसके बाद उसने शिक्षक तथा उसके परिजनों से पूछताछ की तो पता चला की सतीश शहर से सटे परमंदापुर गांव में किसी के यहां छिपा हुआ है। इसके बाद स्थानीय पुलिस के साथ पहुंची झारखंड पुलिस ने उक्त मकान पर छापा मारकर सोमवार की रात सतीश को दबोच लिया। इसके बाद झारखंड पुलिस उसको अपने साथ लेकर चली गयी।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के समधी के घर में चोरी, मौके पर पहुँची पुलिस

ताला तोड़कर दिन-दहाड़े चोरों ने की वारदात बैंक गयी थी मकान में रह रही परिवार की महिला शहर के रामदहिनपूरम कालोनी में मंगलवार को बलिया। देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के समधी के घर में मंगलवार को दिन-दहाड़े चोरी हो गयी। इसकी जानकारी होते ही पुलिस पहुंच गयी तथा घटना की छानबीन करने में जुट गयी। दिन के उजाले में हुई चोरी की इस घटना से लोग दहशत में हैं। रक्षामंत्री के छोटे पुत्र नीरज की शादी मूलरुप से बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के खरौनी निवासी विजय प्रताप सिंह की बेटी से हुई है। वैसे तो उनका परिवार सोनभद्र में रहता है, लेकिन शहर के रामदहिनपूरम कालोनी में निर्मित उनके मकान में चचेरे भाई हरेकृष्ण सिंह परिवार के साथ रहते हैं। कुछ दिनों पहले हरेकृष्ण अपना इलाज कराने दिल्ली चले गये। घर में उनके पुत्र तथा दिल्ली में ही सीआरपीएफ में तैनात कमलेश सिंह की पत्नी मोना अकेले रहतीं थीं।   मंगलवार की दोपहर वह घर में ताला बंदकर बैंक किसी काम से चलीं गयीं। कुछ देर बाद वह वापस लौटी तो मुख्य गेट के साथ ही मकान के तकरीबन सभी कमरों का ताला टूटा हुआ था तथा कीमती सामान गायब था। इस मामले से उन्होंने परिजनों को अवगत कराया। इसके बाद नगर कोतवाल प्रवीण कुमार सिंह फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट आदि के साथ पहुंच गये। लोगों का कहना है कि चोरों ने ताला को तोड़ने के बजाय कटर से काट दिया था। दिन में हुई इस चोरी की जानकारी होते ही लोगों की भीड़ जुट गयी। पुलिस ने घर के अलावे आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिये चोरों का सुराग लगाने में जुटी है। विजयप्रताप सिंह के भतीजा राकेश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।