
आमस, गया
आगामी विस चुनाव की तैयारी में तन, मन, धन के साथ करें काम-डॉ. विनोद प्रसाद यादव
गया जिले के आमस प्रखंड के पथरा मोड़ स्थित जननायक कर्पूरी भवन में गुरुवार को जदयू कार्यकर्ताओं की प्रखंड स्तरीय बैठक पूर्व मंत्री डॉ. विनोद प्रसाद यादव की देखरेख में हुई। यहां आगामी विस चुनाव की तैयारी पर विशेष रूप में बात की गई। शेरघाटी विस प्रभारी व प्रदेश महासचिव राजीवनयन शर्मा ने पंचायत अध्यक्षों से तैयारियों का जायजा लिया। कहा पार्टी प्रमुख व सीएम नीतीश कुमार ने 2025 में 225 सीट जितने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए हमलोगों को दिन-रात काम करने की जरूरत है। पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने पर जोर दिया। हर जाति व हर धर्म के लोगों को पार्टी से जोड़ने की अपील की। गया में होनेवाली जिला स्तरीय सम्मेलन में भारी संख्या में आने का कार्यकर्ताओं को न्योता भी दिया। वहीं पूर्व मंत्री ने संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। इधर कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेताओं द्वारा सम्मान नहीं दिए जाने का मुद्दा उठाया। अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष रणविजय ठाकुर ने कहा कि जरूरत पड़ने पर पार्टी के वरीय अधिकारी मुह मोड़ लेते हैं। साथ ही जनहीत की आवाज उपर नहीं उठा पाते हैं। जिस वजह सैकड़ों वंचित गरीब-गुरबे लोग सरकारी लाभों से दूर हैं। इस ओर ध्यान देने की जरूरत पर जोर दिया। प्रखंड अध्यक्ष रामवृक्ष प्रसाद ने अध्यक्षता व संचालन किया। बैठक में राजेन्द्र प्रसाद यादव, अर्जुन यादव, दिलीप सिंह, बलिराम वर्मा, वसंत ठाकुर, कमल रजक, अरविंद मिश्रा, इंदल प्रसाद, विजय ठाकुर, मनिष, दिनेश, मो. जाकीर, शेरशाह, अजय प्रसाद, संजय यादव, सुरेन्द्र प्रसाद, चंदन, महेश प्रसाद, प्रकाश मांझी आदि रहे।