आमस (गया) धर्मेन्द्र कुमार सिंह
शेरघाटी की राजद विधायक मंजू अग्रवाल मंगलवार को गया जिले के आमस प्रखंड की कलवन पंचायत के करमाइन गांव पहुंच लोगों की समस्याएं जानी। राजाराम पासवान, ललन पासवान, गायत्री देवी, कमला देवी, सुबोध आदि ग्रामीणों ने सिंचाई की व्यवस्था की ओर ध्यान देने की मांग की। कहा सिंचाई के अभाव में खेत बंजर होती जा रही है। इस ओर ध्यान देने की जरूरत है। वहीं गांव में नाली-गली नहीं बने होने से परेशानी की बात रखी। कहा नाली नहीं बने होने के कारण मुख्य गली में नाली और वर्षा के पानी बहने से चलना मुश्किल हो गया है। मुखिया व पंचायत समिति सदस्य इस ओर ध्यान नहीं दे रहे।
विधायक ने यहां मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत अपने फंड से निर्मित छायेदार चबूतरे का उद्घाटन भी किया। उन्होंने बताया कि प्रखंड के विभिन्न गांव-टोलों में इस साल 10 छायादार चबूतरा, 5 छठ घाट, 2 शमशाम घाटों पर शेड निर्माण, 2 सामुदायिक भवन व नौगढ़ गांव में लाइब्रेरी निर्माण कराया जाएगा। कहा शेरघाटी विस का कोई भी गांव-टोला विकास योजनाओं से वंचित नहीं रहेंगे।