कुर्था,अरवल। अयोध्या में श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुधीर शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कुर्था प्रखंड क्षेत्र के धमौल शक्ति केंद्र के माध्यम से घर-घर जाकर पूजित अक्षत वितरण किया। पवित्र अक्षत के साथ राम मंदिर का चित्र और उससे संबंधित पत्रांक के साथ एक स्नेह निमंत्रण भी दिया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने सभी से आग्रह किया कि वह मकर संक्रति पर इन अक्षत में से कुछ हिस्सा लेकर अपने यहां खिचड़ी भोग बनाएं।
इस दौरान उन्होंने अयोध्या में निर्माणाधीन भव्य राम मंदिर के चित्र लोगों को दिखाए और उन्हें राम मंदिर के दर्शन के लिए निमंत्रण पत्र दिया। अक्षत लेने के लिए लोगों ने काफी उत्साह दिखाई। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष सुधीर शर्मा ने बताया कि रामभक्त एक जनवरी से 15 जनवरी तक अयोध्या से आए अक्षत का वितरण करेंगे। इसके साथ ही लोगों को राम मंदिर दर्शन करने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है ताकि लोग 22 जनवरी के बाद अयोध्या जाकर मंदिर के दर्शन करें।
अयोध्या में 500 वर्ष बाद राम मंदिर का निर्माण हुआ है। ऐसे में यह देश की आस्था का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अयोध्या में श्रीराम प्राण-प्रतिष्ठा वाले दिन यानी 22 जनवरी को अपने अपने घरों और मंदिरों में दीये जलाने की अपील की।
इस दौरान जिला महामंत्री रामाशीष दास,युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष किशोर कुमार किसान प्रकोष्ठ के मंडल अध्यक्ष संजीत कुशवाहा आशुतोष मिश्रा,महेश प्रसाद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।