करपी,अरवल। प्रखंड क्षेत्र के परियारी पंचायत में जिला प्रशासन के द्वारा जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनसंवाद में पंचायत के सभी गांव के की जनता उपस्थित हुई एवं सभी विभागों के पदाधिकारी भी उपस्थित हुए। जन संवाद में उपस्थित लोगों को संबोधित करती हुई जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने कहीं कि जन सेवा के लिए जिला प्रशासन कृत संकल्पित है।
सरकार के द्वारा ढेर सारी कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। ऐसा देखा जा रहा है कि जानकारी के अभाव में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। इसे लेकर जिला प्रशासन के द्वारा प्रत्येक पंचायत में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में परियारी पंचायत में भी जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यहां उपस्थित सभी विभागों के पदाधिकारी लोगों की समस्याओं को सुनेंगे तथा उसका निराकरण करेंगे।
जिलाधिकारी ने कई प्रमुख जन कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए लोगों से इसका लाभ लेने की अपील की। इन्होंने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को जिला समाहरणालय में जनता दरबार का आयोजन किया जाता है ।जिन लोगों को भी समस्या हो वह अपनी समस्या को लेकर पहले प्रखंड विकास पदाधिकारी से मुलाकात करें। उनके स्तर से समस्या का समाधान नहीं होने पर शुक्रवार को जनता दरबार में पहुंचे।समस्याओं का त्वरित निष्पादन किया जाएगा।
जन संवाद कार्यक्रम में उपस्थित लोगों की समस्याएं भी सुनी गई तथा उनके आवेदन को संबंधित विभागों के पास निपटारा के लिए भेज दिया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी के द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तृत लेखा-जोखा लोगों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद कासिम ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सभी थाना में प्रत्येक शनिवार को भूमि विवाद का निपटारा करने के लिए जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है।
इन्होंने लोगों से अपील किया कि अशांति फैलाने वाले लोगों की त्वरित सूचना संबंधित थाने को दें। अगर थाना स्तर से कार्रवाई नहीं होती है तो मेरे कार्यालय कक्ष में आकर शिकायत कर सकते हैं। जिसका समाधान किया जाएगा। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम करने में लोगों की सहयोग की अपेक्षा पुलिस अधीक्षक के द्वारा की गई। इस मौके पर उपविक विकास आयुक्त रविंद्र कुमार सिविल सर्जन डॉक्टर राय कमलेश्वर नाथ सहाय जिला परिवहन पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह सफेद सभी विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।