गाजीपुर। गहमर कोतवाली क्षेत्र के गांव देवल में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता की हत्या कर दी, यह आरोप मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर लगाया है। गले पर चोट निशान होना भी बताया गया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के बाद से सभी आरोपित घर छोड़ फरार बताए जा रहे हैं। जिला भभुआ बिहार के फुल्ली कुदरा गांव निवासी रामध्यान कुम्हार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी पुत्री ज्योति की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले गहमर कोतवाली क्षेत्र के गांव देवल निवासी सूरज प्रजापति के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे।
मृतका के पिता ने बताया कि शुक्रवार की शाम सूरज के मामा ने फोन कर बताया कि उनकी पुत्री की मौत हो गई है। इसके बाद मैं अन्य परिजनों के साथ ज्योति के ससुराल पहुंचा, जहां देखा कि मेरी पुत्री मृत पड़ी थी और उसके गले पर चोट का निशान था। घटना की सूचना तत्काल क्षेत्रीय पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक गहमर पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि पिता रामध्यान की तहरीर पर पति सूरज प्रजापति, ससुर सुभाष प्रजापति और सास किरन देवी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।