Bakwas News

मुकेश अंबानी के परिवार को धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने बिहार से किया गिरफ्तार

मुकेश अंबानी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस ने बिहार के दरभंगा से एक शख्स को हिरासत में लिया है। मुंबई पुलिस की टीम उसे लेकर लौट रही है। बुधवार को एक अंजान शख्स ने सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल के लैंडलाइन पर फोन करके अस्पताल को बम से उड़ाने और अंबानी परिवार को मारने की धमकी दी थी। इसके बाद  पुलिस ने तलाश शुरू की।

डीसीपी नीलोत्पल ने कहा, अंबानी परिवार को धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने तुरंत ऐक्शन लिया और आधी रात के करीब दरभंगा से आरोपी गिरफ्तार किया गया। उसने मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया को भी उड़ाने की धमकी दी थी। बता दें कि मुकेश अंबानी के घर के बाहर से पहले भी जिलेटिन रॉड्स मिल चुकी हैं इसलिए यह इलाका संवेदनशील क्षेत्रों में आता है।

पिछले दो महीने में इस अस्पताल में दो बार धमकी भरे फोन आ चुके हैं। अगस्त में इसी तरह का फोन आया था तब 56साल के एक सोनार को गिरफ्तार किया गया था जिसका नाम विष्णु विधु भौमिक था। आरोपी ने फोन करके खुद को अफजल गुरु बताया था और कहा था कि अगले तीन घंटे में वह विस्फोट करेगा।

हाल ही में सरकार ने मुकेश अंबानी की सुरक्षा बढ़ाई है। उन्हें Z+ सुरक्षा दी गई है। इसके अलावा उनकी पत्नी नीता अंबानी को वाई प्लस कैटिगरी की सुरक्षा दी गई है। बुधवार  को धमकी मिलने के बाद एंटीलिया की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अस्पताल में फोन आने के बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई थी। तब तक अस्पताल का कर्मचारी फोन पर ही  बात करता रहा और पुलिस को लोकेशन का पता चल गया।

Bakwas News
Author: Bakwas News

Leave a Comment