बलिया। जिले में गंगा नदी के जलस्तर में सोमवार को भी बढ़ाव का क्रम जारी है। हालांकि रफ्तार में काफी कमी भी आयी है। बावजूद कटान प्रभावित क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें कायम है। कटान की जद में आए मकानों से लोग अपने घरेलू सामानों को सुरक्षित करने में लगे हैं।
गायघाट गेज पर सोमवार शाम चार बजे नदी का जलस्तर 56.250 मीटर दर्ज किया गया। नदी में आधा सेमी प्रति घंटे का बढ़ाव बना हुआ है। पिछले दिनों के अनवरत हुए बढ़ाव के बाद नदी गायघाट गेज पर अपने चेतावनी बिन्दु 56.615 मीटर से मात्र 36 सेमी नीचे बह रही है। यहां खतरा बिन्दु 57.615 मीटर है।
उधर, चेतावनी बिन्दु के करीब पहुंच चुकी नदी ने तटवर्ती क्षेत्र के लोगों की धड़कनें बढ़ा दी है। सबसे विकट स्थिति सदर तहसील के बनिया व सोनार टोला के साथ ही बैरिया के सुघरछपरा, गोपालपुर, उदयीछपरा, दूबेछपरा के लोगों की हो रही है। यहां नदी पिछले चार वर्षों से कहर बरपा रही है। हालांकि इस बीच बाढ़ खण्ड यहां पर करीब दो अरब की लागत की परियोजना के तहत बचाव कार्य कर चुका है। बावजूद बस्तियों को माकूल सुरक्षित नहीं कर पाया है।
उधर, कटान की जद में आये बनिया टोला रामगढ़ के पीड़ित सोमवार को भी अपने घरेलू सामानों को सुरक्षित स्थान ले जाते दिखे। पिछले वर्ष नदी यहां के दो आशियानों को धराशायी कर चुकी है। हालांकि बाढ़ खण्ड देर से ही सही, बचाव कार्य शुरू करा दिया है लेकिन पीड़ितों में पूर्व की आपदा दहशत फैलाए हुए है।
