Bakwas News

महागठबंधन की सरकार में राजद, जदयू और कांग्रेस से मंत्री बनने वालों की नाम का कभी भी हो सकता है खुलासा

बिहार में नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव की महागठबंधन सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार 16 अगस्त को हो सकता है। तेजस्वी यादव सरकार में हिस्सेदारी और संभावित मंत्रियों पर सोनिया गांधी और लालू यादव से दिल्ली में चर्चा करने के बाद पटना लौट आए हैं। सूत्रों का कहना है कि नीतीश कुमार और लालू यादव के बीच ये तय हुआ है कि आरजेडी और जेडीयू के बीच 50-50 फॉर्मूले पर मंत्री बनाए जाएंगे। कांग्रेस और हम को जेडीयू अपने कोटे से मंत्री बनाएगी जबकि वामदल आरजेडी कोटे से मंत्री बनेंगे। सूत्र ने यह भी बताया है कि नीतीश और तेजस्वी समेत सरकार में कुल 35 मंत्री बनाए जा सकते हैं। तेजस्वी यादव की आरजेडी से कौन-कौन बन सकते हैं मंत्री सूत्रों का कहना है कि आरजेडी को बिहार विधानसभा में स्पीकर का पद समेत 12-15 मंत्री पद मिल सकता है। राजद को अपने कोटे से सीपीआई-एमएल, सीपीआई या सीपीएम जैसी लेफ्ट पार्टियों को मंत्री पद देना होगा जो भी सरकार में शामिल होना चाहें। वैसे सीपीआई-एमएल महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने पटना में साफ कहा है कि माले सरकार को बाहर से समर्थन देगी और सरकार में शामिल नहीं होगी। राजद से स्पीकर बनता है तो अवध बिहार चौधरी का नाम सबसे आगे है। राजद से मंत्री बनने वाले नेताओं की संभावित लिस्ट में तेज प्रताप यादव, आलोक कुमार मेहता, कुमार सर्वजीत, अख्तरुल इस्लाम शाहीन, ललित यादव, अनिता देवी, जितेंद्र राय, अनिल साहनी, चंद्रशेखर, भाई वीरेंद्र, भरत भूषण मंडल, वीणा सिंह, शाहनवाज, रणविजय साहू, सुरेंद्र राम, सुनील सिंह, केदार सिंह, बच्चा पांडे, राहुल तिवारी, कार्तिक कुमार और सौभर कुमार के नाम शामिल हैं। नीतीश कुमार की जेडीयू से कौन-कौन बन सकते हैं मंत्री नीतीश कुमार की जेडीयू को अपने ही कोटे में कांग्रेस और जीतनराम मांझी की हम को भी मंत्री का पद देना है। जेडीयू के जिन नेताओं का नाम महागठबंधन सरकार में मंत्री बनने की संभावित लिस्ट में है उसमें बिजेंद्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी, उपेंद्र कुशवाहा, संजय कुमार झा, लेसी सिंह, सुनील कुमार, जयंत राज, जमा खान और अशोक चौधरी शामिल हैं। कांग्रेस से कौन-कौन बनेगा नीतीश सरकार में मंत्री सूत्रों का कहना है कि संभव है कि विधानसभा स्पीकर का पद आरजेडी के बदले कांग्रेस को मिल जाए। उस स्थिति में कांग्रेस के तीन मंत्री बनेंगे। अगर स्पीकर आरजेडी के पास जाता है तो कांग्रेस से चार नेता मंत्री बन सकते हैं। उन चार नेताओं में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा, विधायक दल के नेता अजित शर्मा, राजेश राम और शकील अहदम खां का नाम शामिल है।

16 अगस्त को होगा नीतीश-तेजस्वी की नयी सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार

बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई वाली महागठबंधन की नई सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार 16 अगस्त को हो सकता है। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के साथ राज्य सचिवालय में बैठक के बाद नीतीश ने मंगलवार को कैबिनेट विस्तार का मन बनाया है। कुछ लेफ्ट पार्टियों के बाहर से समर्थन के स्टैंड से अचानक सरकार में शामिल होने के रुख से अगर मामला लटका तो फिर तारीख बदल सकती है। महागठबंधन में जेडीयू, आरजेडी, कांग्रेस, सीपीआई-एमएल, हम, सीपीआई और सीपीएम कुल सात पार्टियां हैं। मंत्री पद की संभावित सूची में शामिल एक नेता ने बताया कि मुख्यमंत्री मंगलवार को शपथ ग्रहण को लेकर राज्यपाल फागू चौहान से आग्रह करने वाले हैं। डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव दिल्ली से लौट आए हैं। आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव, कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, लेफ्ट के सीताराम येचुरी, डी राजा समेत कई नेताओं से तेजस्वी की दिल्ली में मुलाकात हुई है। तेजस्वी ने सभी नेताओं को भरोसा दिया है कि महागठबंधन सरकार में सबको सम्मानजनक प्रतिनिधित्व मिलेगा।

बिहार के 21 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान

बिहार में मॉनसून लगातार कमजोर होता जा रहा है। इस वजह से राज्य में मूसलाधार बारिश पिछले 15 दिनों में नहीं हुई है। कुछ जिलों में बारिश हुई है लेकिन अधिकांश जिलों में सूखे की स्थिति बन रही है। इस बीच मौसम विभाग द्वारा दिए गए रिपोर्ट से कुछ उम्मीद जगी है। ताजा रिपोर्ट में राज्य के 21 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि कहीं भी तेज या मूसलाधार वर्षा का पूर्वानुमान नहीं किया गया है। उत्तर पूर्व बिहार से कई जिलों में आज वज्रपात हो सकती है। नागरिकों से सचेत रहने की अपील की गई है। राज्य के जिन जिलों में मौसम विभाग पटना ने  वर्षा होने के अनुमान लगाया है उनमें किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, अररिया, मधेपुरा, सुपौल, सहरसा, बेगूसराय, रोहतास, कैमूर लखीसराय, बक्सर, भोजपुर, नवादा, गया जहानाबाद, अरवल और औरंगाबाद शामिल हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में इन जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग द्वारा उत्तर पूर्व बिहार में वज्रपात की संभावना जताई गई है। इसमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा और पूर्णिया शामिल हैं। इन जिलों में नागरिकों को वज्रपात से सचेत रहने की सलाह दी गई है। बताया गया है कि यहां 30 से 40 किमी प्रतिघंटा के दर से हवा चलेगी और मेघगर्जन भी होगा। मौसम विभाग के पूर्वानूमान में राज्य का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और  न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहने का पूर्वानुमान है। शनिवार को सीतामढ़ी सबसे गर्म जिला रहा। वहां का तापमान 41 डिग्री सेल्सियद दर्ज किया गया। आज राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।  

8 वीं बार नीतीश कुमार बने बिहार के मुख्यमंत्री, तेजस्वी ने चाचा “नीतीश” का पैर छूकर लिया आशिर्वाद

नीतीश कुमार ने 8वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली है। पटना स्थित राजभवन में राज्यपाल फागू चौहान ने बुधवार दोपहर में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की है। वे दूसरी बार राज्य के डिप्टी सीएम बने हैं। महागठबंधन की नई सरकार में मंत्रिपरिषद का गठन बाद में किया जाएगा। शपथ लेने के बाद तेजस्वी यादव ने ‘चाचा’ नीतीश का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे। पूर्व सीएम राबड़ी देवी, उनके बेटे तेज प्रताप यादव, तेजस्वी यादव की पत्नी समेत आरजेडी के कई बड़े नेता शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे। नीतीश कुमार बोले- विपक्ष मजबूत होगा शपथ ग्रहण के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार की जनता नई सरकार से बहुत खुश हैं। 2020 का जो चुनाव हुआ जेडीयू के साथ गलत व्यवहार हुआ। हमारी पार्टी के विधायक बोलते रहे लेकिन कि बीजेपी का साथ छोड़ दिया जाए। आखिरकार हमने बीजेपी का साथ छोड़ दिया। नीतीश कुमार ने कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि विपक्ष खत्म हो जाएगा, लेकिन अब हम भी विपक्ष में आ गए हैं। विपक्ष और मजबूत होगा। #NITISH#KUMAR

शपथ लेने राजभवन पहुचे नीतीश और तेजस्वी, राजभवन में तेजप्रताप और राबड़ी भी मौजूद

बीजेपी नीत एनडीए से नाता तोड़ने के बाद जेडीयू के नीतीश कुमार आरजेडी के तेजस्वी यादव के साथ मिलकर बिहार में दूसरी बार महागठबंधन की सरकार बनाने जा रहे हैं। नीतीश कुमार को आरजेडी के अलावा कांग्रेस, वाम दल, हम का समर्थन मिला है। नीतीश कुमार बुधवार दोपहर दो बजे राजभवन में 8वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इस समारोह में तेजस्वी यादव भी डिप्टी सीएम पद की शपथग्रहण करेंगे। इसके बाद मंत्रिपरिषद का गठन किया जाएगा। इसपर चर्चा जारी है। नीतीश कुमार गृह मंत्रालय अपने पास ही रख सकते हैं। नए मंत्रिपरिषद में सामाजिक समीकरणों का ख्याल रखा जाएगा। तेजस्वी यादव आरजेडी कोटे से मंत्री बनने वाले नेताओं के नाम फाइनल कर रहे हैं।

नीतीश कुमार कल दोपहर 2:00 बजे राजभवन में लेंगे मुख्यमंत्री पद का शपथ, तेजस्वी होंगे उपमुख्यमंत्री

नीतीश कुमार आठवीं बार बिहार की बागडोर संभालने के लिए तैयार हैं। जेडीयू के नेता नीतीश बुधवार दोपहर दो बजे बिहार के नए मुख्यमंत्री पद के रूप में शपथ लेंगे। जबकि, राजद नेता तेजस्वी यादव बिहार के उपमुख्यमंत्री होंगे। सूत्र बता रहे हैं कि बुधवार को सिर्फ नीतीश और तेजस्वी ही शपथ लेंगे। कैबिनेट विस्तार बाद में किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स हैं कि नीतीश कुमार कल दोपहर दो बजे राजभवन में आठवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद के रूप में शपथ लेंगे। जबकि राजद नेता तेजस्वी यादव बिहार के डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे। हालांकि पहले शपथ ग्रहण का समय शाम 4 बजे था लेकिन अब दो बजे किया गया है। यह जानकारी आरजेडी ने साझा की है। मीडिया सूत्रों से पता लगा है कि बुधवार को सिर्फ नीतीश और तेजस्वी ही पद और गोपनीयता की शपथ लेने वाले हैं। कैबिनेट विस्तार बाद में किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार ने फोन पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी से भी बात की है। 164 विधायकों का समर्थन इससे पहले राजभवन में विधायकों के समर्थन वाली चिट्ठी सौंपने के बाद नीतीश कुमार ने दावा किया कि उनके साथ सात पार्टियों का समर्थन है। जिसमें 164 विधायक हैं। इसके अलावा एक निर्दलीय विधायक का भी सपोर्ट है

राजभवन पहुच नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा

बिहार में एनडीए गठबंधन छोड़ते हुए नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मुलाकात करके सीएम पद से इस्तीफा दिया। साथ ही उन्होंने 160 विधायकों के समर्थन के साथ नई सरकार बनाने का दावा भी पेश किया। नीतीश कुमार महागठबंधन के साथ फिर बिहार में नई सरकार बनाने जा रहे हैं। इस्तीफे के बाद तेजस्वी के घर पहुंचे नीतीश कुमार राजभवन से एनडीए गठबंधन छोड़ने के बाद नीतीश कुमार तेजस्वी यादव से मिलने राबड़ी आवास पहुंचे हैं। यहां उनका भव्य स्वागत किया गया। यहां वे आगे की रणनीति पर तेजस्वी यादव संग चर्चा कर रहे हैं। नीतीश और तेजस्वी करेंगे प्रेस कांफ्रेंस मीडिया रिपोर्ट्स हैं कि नीतीश कुमार और राजद नेता तेजस्वी यादव प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। दोनों इस बात की घोषणा करेंगे कि शपथ ग्रहण कब होने वाला है। नई सरकार में आगे की रणनीति को लेकर नीतीश और तेजस्वी महागठबंधन के नेताओं को भी संबोधित करेंगे। एनडीए का साथ छोड़ने का फैसला पार्टी काः नीतीश कुमार राजभवन से बाहर आते हुए मीडियाकर्मियों से नीतीश कुमार ने कहा कि वो अब एनडीए गठबंधन से बाहर आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी सांसद और विधायक चाहते थे कि एनडीए गठबंधन छोड़ दिया जाए। ये फैसला पार्टी का है

बिहार में जदयू और भाजपा का टुटा गठबंधन, औपचारिक ऐलान अभी बाकी

बिहार में आखिरकार बीजेपी-जेडीयू गठबंधन टूट गया है। जानकारी के मुताबिक सीएम नीतीश कुमार के आवास पर जेडीयू विधायक दलों की बैठक में बीजेपी से अलग होने का फैसला ले लिया गया है। विधायक दल की बैठक में फैसला लिया गया है कि जेडीयू अब बीजेपी के साथ नहीं रह सकती। हालांकि पार्टी की तरफ से गठबंधन खत्म करने को लेकर औपचारिक ऐलान अभी बाकी है। खबर है कि आज शाम चार बजे नीतीश कुमार तेजस्वी यादव के साथ राज्यपाल से मिलने जा रहे हैं। राज्यपाल से मिलकर नीतीश पुरानी सरकार का इस्तीफा और नई सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं।

बिहार की सियासी भूचाल : आज दोपहर राज्यपाल से मिलेंगे नीतीश और तेजस्वी

बिहार में नया गठबंधन के आकार लेने और एनडीए में टूट की आहट साफ सुनाई दे रही है। सीएम आवास पर जेडीयू की अहम बैठक हो रही है। इस बीच सूत्रों से  मिल रही जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मिलने के लिए समय मांगा है। राज्यपाल की ओर नीतीश कुमार को दोपहर 1 बजे मिलने का समय दे दिया है। वहीं सूत्रों के अनुसार आज राबड़ी आवास पर चल रही विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार के नाम पर मुहर लग गई है। सूत्रों ने यह भी बताया है कि नीतीश कुमार के साथ तेजस्वी यादव भी राज्यपाल से मिलने जा सकते हैं। इस बीच राजद खेमे से एक बड़ी खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि तेजस्वी यादव ने राजद के सभी विधायकों से समर्थन पत्र पर साइन करवा लिया है। सूत्रों ने बताया है कि तेजस्वी यादव समर्थन पत्र नीतीश कुमार को सौंपेंगे। इस बीच खबर यह भी सामने आ रही है कि बीजेपी मंत्री गठबंधन टूटने से पहले इस्तीफा दे सकते हैं।

बिहार के राजनीतिक गलियारे में किसी के लिए मंगलवार शुभ तो किसी के लिए हो सकता है अशुभ

बिहार के राजनैतिक गलियारे में मंगलवार किसी के लिए शुभ -मंगलवार तो किसी के लिए अशुभ -मंगलवार साबित हो सकता है। राज्य में सियासी सरगर्मी भूचाल बनने की ओर अग्रसर है। एक नए गठबंधन की सुगबुगाहट तेज हो गई है। शाम तक बिहार की सियासत में बड़े फेर-बदल की संभावना जताई जा रही है। इस बीच राबड़ी देवी के आवास पर महागठबंधन की बैठक के लिए विधायक पहुंच गए हैं। पहले सिर्फ राजद विधायक दल की बैठक होनी थी। लेकिन, इसमें माले के विधायक भी पहुंच गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस के विधायक भी बैठक में शामिल हैं। जानकारी के अनुसार जेडीयू और आरजेडी के बीच सौदेबाजी शुरू हो गयी है। गठबंधन बदलने से पहले आरजेडी ने नीतीश कुमार के सामने अपनी शर्त रख दी है। उसके मुताबिक तेजस्वी यादव फिर से बिहार के डिप्टी सीएम बन सकते हैं। तेजस्वी ने समर्थन देने की बात नीतीश तक पहुंचा दी है, लेकिन गृह मंत्रालय भी मांग लिया है। नीतीश लंबे समय से गृह मंत्रालय का जिम्मा अपने पास रखे हुए हैं और कभी किसी डिप्टी सीएम या दूसरे मंत्री को नहीं मिला है। उनके राजनीतिक जीवन के सबसे भरोसेमंद डिप्टी सीएम सुशील मोदी को भी गृह मंत्रालय कभी नहीं मिला। कुल मिलाकर सीन यह बन रहा है कि तमाम तल्खियां भूलकर एक बार फिर से चाचा-भतीजा बिहार के सीएम और डिप्टी सीएम के रूप में एक साथ नजर आ सकते हैं।इधर, राबड़ी आवास पर जारी बैठक में मोबाइल ले जाने से मना किया गया है। आवास के बाहर ही कई विधायकों को अपना मोबाइल सुरक्षाकर्मियों और समर्थकों को थमाते हुए देखा गया। राबड़ी आवास के भीतर विधायकों की गिनती भी की गई है। पूछे जाने पर विधायकों ने बहाने बना दिए।