Bakwas News

माता-पिता से बच्चे परली नहीं जलाने का करेंगे आग्रह, चला विद्यालयों में जागरूकता अभियान

राष्ट्रीय प्रदूषण नियंत्रण दिवस की पूर्व संध्या पर रोहतास जिला के मानी ग्राम पंचायत में जैव विविधता प्रबंधन समिति, मानी की तरफ से स्कूली बच्चों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। बच्चों को परली से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी दी गई। अपील किया गया कि वे अपने माता-पिता से पराली न जलाने का आग्रह करें। मानी ग्राम पंचायत के मानी, रमन डिहरा, लक्ष्मणपुर, मठिया गांव के सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के बच्चों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जैव विविधता प्रबंधन समिति मानी के अध्यक्ष मृत्युंजय मानी ने बच्चों से अपील किया कि वह अपने माता-पिता से आग्रह करें कि खेतों में पराली न जलाएं। परली से मिट्टी के पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं। मिट्टी की उर्वरा शक्ति काम हो जाती है। मिट्टी धीरे-धीरे बंजारा बना सकती है। इससे वायु प्रदूषण भी फैलता है। संकल्प दिलाया कि अपने जन्मदिन पर एक-एक पौधा लगाएं और उसे पेड़ बनाएं। बच्चों ने संकल्प लिया कि वे अपने माता-पिता से आग्रह करेंगे कि पराली न जलाएं। इस अवसर पर मानी ग्राम पंचायत के मुखिया लवजी कुमार गौतम ने कहा कि पराली से उपजाऊ भूमि को काफी नुकसान होता है। हम लोग को पराली जलाने से बचना होगा। इससे पर्यावरण प्रदूषित होता है। मानी ग्राम पंचायत के उच्च माध्यमिक विद्यालाय मानी कि प्रधानाध्यापिका किरण कुमारी, मध्य विद्यालय मानी के अवधेश कुमार,उत्क्रमित मध्य विद्यालय रमन डिहरा के प्रधानाध्यापक अली हुसैन अंसारी, प्राथमिक विद्यालय सोनी मठिया के प्रधान शिक्षक राघवेंद्र पांडेय, प्राथमिक विद्यालय लक्षमणपुर के प्रधान शिक्षिका रेखा तिवारी वेंकटेश सिंह, मो. युसूफ अफरीदी, स्वामी विवेकानन्द पब्लिक स्कूल लक्ष्मणपुर के निदेशक संजीव कुमार पटेल, सुनील कुमार और ओसियन पब्लिक स्कूल रमन डिहरा के अजीत कुमार ने आयोजित कार्यक्रमों में बढ़चढ़कर भाग लिया तथा प्रदूषण की रोकथाम के उपाय पर बच्चों को जानकारी दी। जैव विविधता प्रबंधन समिति के सदस्य श्याम नारायण सिंह, अशोक कुमार, परशुराम राम ने भाग लिया।

पटेल जयंती समारोह का नोनहर में किया गया आयोजन

बिक्रमगंज प्रखंड क्षेत्र के नोनहर गांव में अवस्थित ‘ कन्या प्राथमिक विद्यालय’ के प्रांगण में ‘पटेल संघ’ के तत्वावधान में लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार पटेल की जयंती बड़े हीं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिसमें काफी बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। उपस्थित गणमान्य लोगों ने अपने-अपने विचार भी व्यक्त किए। मौके पर उपस्थित प्रधान शिक्षक अभिमन्यु भाई पटेल ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल के विचारों को अनुसरण करने जरूरत है। उन्होंने सरदार पटेल की जीवनी व उनके संकल्पों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश और समाज को सदैव एक रहने जरूरत है। वहीं उप मुखिया दिनेश पटेल उर्फ़ नीलकमल ने मौजूदा भारत के मानचित्र को सरदार पटेल का देन बताते हुए कहा कि अगर वो पहले प्रधानमंत्री बने होते तो आज भारत का परिदृश्य कुछ और ही होता। वही भारतीय रेलवे में पदस्थापित स्टेशन मास्टर संतोष पटेल जी ने भी उनके आदर्शों पर चलने की बात को दोहराया, और कहा कि हमें उनके सपनों का भारत बनाने में योगदान करना चाहिए। साथ ही धर्मबीर पटेल द्वारा बतलाया गया कि अपनी दृढ़ता और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण के कारण उन्हें “भारत के लौह पुरुष” की उपाधि दी गई। उपस्थित ग्रामीणों में वार्ड सदस्य राजू चौधरी, अरुण चौधरी, सुरेश चौधरी, संदीप चंद्रकांत, कमलेश चौधरी, अयोध्या चौधरी, अनिल चौधरी, चन्द्रमा चौधरी, उमेश चौधरी, मुकुल ठाकुर, पोरस राम इत्यादि लोगों ने भी विचारों को रखा। इस मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

द डिवाइन पब्लिक स्कूल में इंटर हाउस बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन, आईपीएस विकास वैभव ने किया उद्घाटन

अनुमंडल क्षेत्र स्थित द डिवाइन पब्लिक स्कूल धावां में शनिवार को विद्यालय प्रांगण उत्साह और उमंग से भर उठा, जब एकदिवसीय इंटर हाउस बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष अवसर पर मुख्य अतिथि आईपीएस विकास वैभव तथा विद्यालय के निदेशक अखिलेश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। उद्घाटन के बाद पहला मुकाबला गंगा हाउस और यमुना हाउस के बीच खेला गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, टीम भावना और अनुशासन का अद्भुत प्रदर्शन किया। दर्शक दीर्घा में मौजूद विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए आईपीएस विकास वैभव ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का सबसे बड़ा माध्यम है।” उन्होंने खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और खेल संस्कृति के विकास पर विशेष जोर दिया। विद्यालय के निदेशक अखिलेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि द डिवाइन पब्लिक स्कूल हमेशा से छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धा की भावना, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों और विद्यार्थियों की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में विजेता टीमों को सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई।

मीटर बाईपास कर विद्युत ऊर्जा चोरी को लेकर संझौली में तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

विद्युत ऊर्जा चोरी को लेकर निरंतर चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत विद्युत आपूर्ति प्रशाखा संझौली में बिलिंग गुणवत्ता व बकायेदार उपभोक्ताओं की जाँच को लेकर गठित जाँच दल द्वारा निरीक्षण के क्रम में पाया की परिसर में लगे मीटर के सर्विस तार में कटिंग करके एवं अतिरिक्त तार जोड़कर तथा मीटर बाईपास करते हुए विद्युत ऊर्जा चोरी की जा रही थी, जिसको लेकर तीन लोगों पर जुर्माना के साथ प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है। दर्ज प्राथमिकी में सभहुता निवासी महेंद्र सिंह पिता सौखिन सिंह पर 20725 रुपया, राम सकल सिंह पिता स्व. ओसियर सिंह पर 18845 रुपया, रिंकू कुंवर पति स्व. ओमप्रकाश सिंह पर 15707 रुपया जुर्माना लगायी गयी है। उपरोक्त सभी उपभोक्ताओं के द्वारा मीटर बाईपास करने के कारण वास्तविक मान पठन अवरूद्ध हो रहा था तथा विभाग के राजस्व की क्षति हो रही थी। सहायक विद्युत अभियंता बिक्रमगंज राज कुमार के द्वारा सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया गया है कि जिनके परिसर मे स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगा हुआ है तथा बकाया रहने के कारण विद्युत कनेक्शन डिसकनेक्ट प्रदर्शित हो रहा है वह रिचार्ज कराने के पश्चात ही विद्युत ऊर्जा का उपभोग करें एवं अनावश्यक होने वाली परेशानियों से बचें। जो उपभोक्ता स्मार्ट प्रीपेड मीटर या नॉर्मल मीटर बाईपास कर विद्युत ऊर्जा की चोरी कर रहे हैं वह दुरुस्त कर लें तथा जो व्यक्ति घरेलु, व्यवसायिक, ई-रिक्शा चार्ज, कृषि या औद्योगिक कार्य आदि हेतु बिजली का कनेक्शन नहीं लिए हैं वह कनेक्शन ले लें अन्यथा पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पीसीसी ढलाई में अनियमितता के आरोप पर पहुंचे सहायक अभियंता, किया कार्य का निरीक्षण

बिक्रमगंज नगर परिषद बिक्रमगंज के गुलजार बाग में बिक्रमगंज घुसियां कला पथ में ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा कराये जा रहे पीसीसी ढलाई के कार्य में अनियमितता का आरोप लगाये जाने के बाद रविवार को ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता दीपा नंदन देवेश कार्य स्थल पर पहुंचे और कार्य का निरीक्षण करने के उपरांत अपनी उपस्थिति में निर्धारित मानक के अनुरूप कार्य कराये। इस दौरान मोहल्ला वासी आदिल खां, असगर हुसैन, तनवीर आलम सहित कई लोग वहां मौजूद थे। सहायक अभियंता ने बताया कि पूर्व में ढलाई का कार्य शुरू किया गया था। जिस पर कुछ लोगों द्वारा आरोप लगाया गया कि गुणवत्ता पूर्ण और मानक के अनुसार कार्य नहीं हो रहा है। लोगों की शिकायत को ध्यान में रखते हुए तत्काल काम बंद करा दिया गया था। ठेकेदार को बालू बदलने का निर्देश दिया गया था। एक सप्ताह बाद पुनः यहां उपस्थित होकर कार्य शुरू कराया है। कार्य में मानक का पूरा ख्याल रखा गया है। उन्होंने ने पूर्व के आरोप को भी गलत बताया। कहा कि योजना मात्र 40 लाख की है और आरोप लगाने वाले लोग करोड़ो के घोटाला का आशंका व्यक्त किये थे। जो सच्चाई से कोसो दूर है। अच्छे कार्य में कुछ लोगों को आअड़ंगा डालने की आदत होती है। सहायक अभियंता ने बताया कि 700 मीटर लंबी और 12.4 मीटर चौड़ी पीसीसी ढलाई का प्राकल्लित राशि 49.075 लाख है। मोहल्ले वासियों ने बताया कि बिक्रमगंज घुसिया कला पथ गुलजार बाग में गढ़े में पूरी तरह से तब्दील हो गया था। जिससे आने जाने में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसको लेकर कई बार नगर परिषद प्रशासन से गुहार लगाया गया, लेकिन एक न सुनी गई। मोहल्ले वासियों के आग्रह पर विधायक अरूण सिंह ने ग्रामीण कार्य विभाग से अनुशंसा किये। जिसके बदौलत पीसीसी ढलाई का कार्य किया जा रहा है। इससे लोगों में काफी खुशी है। मोहल्ले के लोग कार्य से संतुष्ट भी है।

बाल दिवस के रूप में मनाया गया प्रथम प्रधानमंत्री की जयंती

बिक्रमगंज शहर के एएस कॉलेज रोड स्थित मॉडर्न किड्स प्ले स्कूल में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल की जयंती बाल दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर विद्यालय के छात्र छात्राओं ने केक काटा तथा लोगों के बीच नेहरू की जीवनी की चर्चा की। प्राचार्य अनिता गुप्ता और उपप्राचार्य अंजली सिन्हा के निर्देश में बच्चों के बीच भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्र छात्राओं ने चाचा नेहरू के जीवनी की चर्चा अपने भाषण में किया। इस मौके पर विद्यालय के निदेशक सीएम चौधरी ने पंडित नेहरू की जीवनी की चर्चा करते हुए उन्हें एक कुशल प्रशासक और राज नेता बताया। कहा की आजाद भारत जो गुलामी के कारण बिल्कुल हीं साधनहीन हो गया था, उस विकास की पटरी पर लाने का काम किया। देश के सभी क्षेत्रों में विकास का चिराग जलाए। जयंती कार्यक्रम को सुरभी पांडेय, सिमरन कुमारी, डिम्पल कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, आकांक्षा श्रीवास्तव सहित कई शिक्षक शिक्षिकाओं ने संबोधित किया। मौके पर विद्यालय के सभी छात्र छात्रा और कई अभिभावक उपस्थित थे।

एनडीए के प्रचंड बहुमत पर बिक्रमगंज में कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न, जमकर हुई आतिशबाजी

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की अभूतपूर्व जीत पर एनडीए कार्यकर्ता और समर्थकों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर और मिठाइयां खिलाकर जीत की खुशियां मनाई। जगह जगह खूब आतिशबाजियां भी की गई। ऐतिहासिक जीत से उत्साहित एनडीए के भाजपा, जदयू, लोजपा, आरएलएम और हम सेक्युलर से जुड़े कार्यकर्ता और समर्थकों ने जीत को पीएम मोदी, सीएम नीतीश और गृह मंत्री अमित शाह के साथ हर छोटे बड़े कार्यकर्ताओं की जीत बतलाया। बिक्रमगंज शहर के तेंदुनी चौक के पास एनडीए कार्यकर्ता और समर्थकों के साथ ग्रामीण क्षेत्र में भी राजग कार्यकर्ता और समर्थकों ने एनडीए की प्रचंड जीत को ऐतिहासिक बतलाते हुए एक दूसरे को अबीर गुलाल और मिठाइयां खिलाकर एनडीए सरकार के प्रचंड बहुमत पर खुशी का इजहार किया। इस दौरान बिक्रमगंज में भाजयूमो के रोहतास जिलाध्यक्ष रितेश राज के नेतृत्व में समर्थकों ने एक दूसरे को मिठाइयां खिलाकर जीत की बधाई दी। रितेश राज ने बताया कि रोहतास जिले की छह सीटों पर एनडीए की जीत ऐतिहासिक है। यह जीत राष्ट्रवाद और विकासवाद का है। इस जीत से यह साबित कर दिया है कि बिहार के लोग अमन चैन के साथ विकास चाहते है और उन्हें भरोसा है कि यह एनडीए की सरकार में हीं संभव है। इस मौके पर पंकज कुमार, सुदर्शन प्रसाद गुप्ता, अमर सिंह, विक्की चौबे, मोहन गुप्ता, शाश्वत राज, पप्पू सिंह, सनी सिंह, सत्यप्रकाश तिवारी जी, आर्यन सिंह उपस्थित रहे।

बिहार में पूर्ण बहुमत से बनेगी एनडीए की सरकार : रक्षा मंत्री

20 वर्षों तक मुख्यमंत्री रहने के बाद भी नीतीश पर नहीं है कोई भ्रष्टाचार का आरोप बिक्रमगंज। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि बिहार में पूर्ण बहुमत की सरकार बन रही है। यह बात मैं नहीं बहुत सारे राजनीतिक विश्लेषक प्रथम चरण के मतदान सम्पन्न होने के बाद कह रहे हैं। रक्षा मंत्री शनिवार को बिक्रमगंज के राजीव गांधी मैदान में आयोजित एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। रक्षा मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार 20 वर्ष से मुख्यमंत्री हैं, इसके बावजूद उन पर एक भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है। कहा कि एनडीए का घोषणा पत्र सिर्फ कागज का दस्तावेज नहीं है बल्कि वह भीष्म प्रतिज्ञा है। हमलोग उसे संकल्प पत्र मानते हैं और एक एक वादे को पूरा करते हैं। उन्होंने राजद के प्रत्येक परिवार से एक सरकारी नौकरी को छलावा बताया और कहा कि यह सम्भव ही नहीं है। उन्होंने बिना राहुल गांधी के नाम लिए कहा कि कांग्रेस के एक नेता अनाप सनाप, अनर्गल और अनावश्यक बात करते हैं। वे कहते हैं कि वोट चोरी हो रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से पूछा कि आपका नाम मतदाता सूची में है कि नहीं। उन्होंने कहा कि ये लोग सच बोलकर राजनीति नहीं करते। जातिगत जनगणना मुद्दे पर कहा कि कांग्रेस हक देने की बात करती है और एक पद नेता विरोधी दल का रिक्त हुआ और अवसर मिला तो खुद बन गए जबकिं भाजपा ने अतिपिछड़ा को प्रधानमंत्री और आदिवासी बहन को राष्ट्रपति बनाया। एनडीए के अलावा कोई दल नहीं जो सबको अवसर देता है। रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा करते हुए कहा कि आतंकियों ने धर्म पूछकर मारा, इसके बावजूद भारत ने आतंकियों को मारा जिनकी संख्या 3 डिजिट में है। हम अनावश्यक किसी को दंडित नहीं करते। जिन मोहि मारे, ते मैं मारे। उन्होंने उपस्थित लोगों से एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील किया। इससे पूर्व राजनाथ सिंह को यहां पहुंचने पर एनडीए नेताओं ने भव्य स्वागत किया। सभा की अध्यक्षता जदयू के जिलाध्यक्ष बृंदा चंद्रवंशी और संचालन भाजपा नेता डॉ मनीष रंजन ने किया। सभा को पूर्व विधायक राजेश्वर राज ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर यूपी सरकार के मंत्री सतीश शर्मा, राजेश्वर सिंह, मदन प्रसाद वैश्य, अनंत कुमार गुप्ता, जगनारायण सिंह, प्रो सुरेश तिवारी आदि थे।

वैश्य परिवार ने एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी को समर्थन देने का किया एलान

काराकाट विधानसभा के वैश्य परिवार की बुधवार की रात बिक्रमगंज स्थित जयराम बंधन के सभागार में एक बैठक हुई। जिसका उद्घाटन शिवनाथ प्रसाद गुप्ता और राजेन्द्र प्रसाद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। बैठक की अध्यक्षता वैश्य परिवार के बिहारी प्रसाद गुप्ता तथा संचालन नगर परिषद बिक्रमगंज के पूर्व सभापति गुप्तेश्वर प्रसाद गुप्ता ने किया।बैठक में काराकाट विधानसभा क्षेत्र में एनडीए समर्थित प्रत्याशी जद यू के महाबली सिंह को समर्थन देने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बैठक में काराकाट विधानसभा के तीनों प्रखंड बिक्रमगंज, संझौली और काराकाट के बड़ी संख्या में व्यापारी, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक मौजूद थे। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बिहार के प्रधानमंत्री नीतीश कुमार ने देश और राज्य के विकास, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सुशासन को प्राथमिकता दी है। उन्होंने समाज के हर वर्ग के बीच संवाद स्थापित कर लोगों का भरोसा जीता है। वक्ताओं ने एनडीए प्रत्याशी महाबली सिंह के कार्यशैली और व्यवहार की प्रसंशा करते हुए कहा कि काराकाट के वैश्य परिवार को अब ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है जो सबको साथ लेकर चले और क्षेत्र की पहचान को नई ऊचाइयों तक पहुचाए। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि वैश्य महासभा का यह निर्णय किसी एक समाज के लिए नहीं, बल्कि काराकाट के सर्वांगीण विकास और स्थायी नेतृत्व के लिए लिया गया है। अंत में सभी ने एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी महाबली सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया और “विकास और एकता के लिए वोट देने का संदेश दिया। बैठक के अंत में पहुंचे एनडीए प्रत्याशी जद यू के महाबली सिंह ने पूर्व में किये गए अपने कार्यों की चर्चा करते हुए वैश्य परिवार के प्रति अभार व्यक्त किया।बैठक को जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य जगनारायण यादव, पूर्व मुखिया गोपेश प्रसाद, अंजनी प्रसाद गुप्ता, संतोष साह, सुनिल गुप्ता, सीता गुप्ता, बगेदन साह दिनेश शर्मा, बिंदेश्वरी साह, पूर्व मुखिया राजेन्द्र साह, सुरेंश साह, हीरा साह, नवीन चंद साह, अमित मिश्रा, रवि भाष्कर, राहल कुमार, पूर्व वार्ड पार्षद राजू प्रसाद, कृष्णा साह, वार्ड पार्षद संदीप सम्राट सहित कई लोगों ने संबोधित किया। बैठक में काराकाट विधानसभा के तीनों प्रखंड बिक्रमगंज, संझौली और काराकाट से सैकड़ो वैश्य परिवार के लोग उपस्थित थे।

स्वास्थ्य विभाग ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली विधानसभा चुनाव के लिए वोटरों को किया जा रहा है जागरूक

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिक्रमगंज और ए एन एम स्कूल बिक्रमगंज के संयुक्त तत्वावधान जागरूकता रैली निकाली गयी। इस रैली का उद्देश्य आम जनों तक संदेश देना है कि मतदान केवल अधिकार नहीं बल्कि हर नागरिक का लोकतांत्रिक कर्तव्य भी है। प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि लोकतंत्र एक महापर्व है। एक-एक वोट लोकतंत्र की बुनियाद को मजबूत करता है। इसलिए सभी मतदाता 11 नवंबर को मतदान अवश्य करना है। रैली अस्पताल परिसर से चलकर धनगाईं, धनगई टोला होते हुए पुनः अस्पताल परिसर में पहुंच कर संपन्न हो गया। रैली में ए एन एम स्कूल की छात्राएं और सभी आशा कार्यकर्ता बढ़ चढ़-कर हिस्सा लिया। वे बैनर के साथ लोकतंत्र में हिस्सेदारी, हम सब की है जिम्मेदारी। “पहले मतदान करें फिर जलपान करें‘’ जैसे नारों से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। इस मौके पर प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक अशोक कुमार, अस्पताल प्रबंधक अनिल कुमार, ए एन एम स्कूल की प्राचार्या प्रीति गुप्ता, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक अनीश नारायण, प्रधान लिपिक प्रणव कुमार, नंदजी सिंह, डाटा ऑपरेटर राजू कुमार सिंह, आशा फैसिलेटर कविता कुमारी, रेणु कुमारी, उषा कुमारी, चंद्रकला कुमारी, संध्या कुमारी, गीता कुमारी सभी आशा कार्यकर्ता एवं ए एन एम स्कूल की छात्राएं शामिल थी।