राष्ट्रवादी विचार मंच के तत्वाधान में देश के श्रेष्ठ सम्मानों में से एक पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित डॉ भीम सिंह भवेश के सम्मान में बुधवार को डॉ नगेंद्र झा महिला महाविद्यालय के प्रांगण में गौरवशाली अभिनंदन समारोह का आयोजित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने आत्मीय सुख के लिए वैचारिक सुदृढ़ता पर बल दिया। मुसहरों के उत्थान हेतु स्वयं द्वारा किए जा रहे संघर्ष का वर्णन करते हुए इन बातों को उन्होंने रखा। संपूर्ण समाज की संपन्नता राष्ट्र उन्नति का मूल मंत्र बताते हुए उन्होंने कहा कि अपनी गौरवशाली परंपरा को स्थापित करना हम सभी का कर्तव्य बनता है। जिसके अंतर्गत सभी को निचले पायदान तक संपन्नता की ज्योति जलाना होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय जमुहार रोहतास के सचिव गोविंद नारायण सिंह ने व्यक्ति नहीं व्यक्तित्व की उत्थान पर बातें की। अपने व्यस्ततम जीवन में से शेष बचे समय में बनवासियों के बीच किए जा रहे मानवीय कार्यों को बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त किया। दैनिक भास्कर रोहतास जिला कार्यालय प्रभारी नरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन के दौरान मुसहरों के मसीहा नाम से पहचान स्थापित करने वाले पद्मश्री डॉ भीम सिंह के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए मानवता का जीवंत उदाहरण बताया। कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों का परिचय युवा समाजसेवी रविकांत मिश्र, स्वागत गीत महाविद्यालय की छात्राएं, स्वागत भाषण कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष विमलेश कुमार सिंह, संचालन संयोजक संतोष भंडारी, अध्यक्षता प्राचार्य डॉ अमरेंद्र मिश्रा एवं धन्यवाद ज्ञापन समरसता पुरुष संजय तिवारी द्वारा किया गया। आयोजकों द्वारा मोमेंटो एवं अंग वस्त्र प्रदान कर अतिथियों का स्वागत किया गया।