Bakwas News

आमस के कलवन पैक्स अध्यक्ष मो. अताउल्ला खां किसानों के लिए बने है प्रेरणा

आमस, गया

गया जिले के आमस प्रखंड के कलवन पैक्स अध्यक्ष व सिहूली गांव निवासी मो. अताउल्ला खां अपने बेहतर किसानी के बदौलत अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बने हुए हैं। पैक्स अध्यक्ष के साथ वे एक अच्छे किसान भी हैं। धान, गेहूं, सरसों, मसूर, आलू आदि फसलों के उपजाने में कई घंटे खेतों में काम करते हैं। शनिवार को घने कोहरे के बीच खेतों में खुद मसूर व सरसों की बुआई करते देखे गए। इससे पूर्व उन्होंने घंटों कुदाल चलाकर खेतों को समतल भी किया। मो. अताउल्ला कहते हैं कि भारत कृषि प्रधान देश है। इसलिए खेतों में काम कर वे गौरवान्वित महसूस करते हैं। कहा आज नई तकनीक से खेती करने में मजा आता है, साथ ही कम पूंजी में अच्छी उपज का लाभ भी मिलता है। पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि तब खेती करने के लिए संसाधनों की कमी होती थी, इसके बाद भी लोग खूब मेहनत के साथ फसलों को उपजाया करते थे। आज जब संसाधन बढ़ गए हैं और सरकार की ओर से खेती करने के लिए संसाधन और बीज, खाद की खरीद पर अनुदान दिए जा रहे हैं तो लोग खेती करना छोड़ने लगे हैं। मो. अताउल्ला पूर्व में प्रखंड उपप्रमुख के अलावा लोजपा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। राजनीति में अच्छी पकड़ के बाद भी खेती से इनका गहरा लगाव है। जिसे लेकर खूब चर्चित भी हैं। इन्होंने किसानों से सरकारी लाभ उठाकर खेती करने की अपील की है।

Leave a Comment