आमस (गया) धर्मेन्द्र कुमार सिंह
गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के पथरा मठ पर गांव में सोमवार को नव दंपति के शव घर के सटे कुएं से मिले हैं। जिनकी पहचान योगेन्द्र यादव के छोटे पुत्र मिथिलेश कुमार (20) और उसकी पत्नी प्रियंका कुमारी (18) के रूप में की गई है। इनकी शादी तीन माह पूर्व 12 जून को ही हुई थी। यह हृदयविदारक घटना आमस पंचायत के पथरा मठ पर गांव की है। सूचना पर पहुंची आमस थाने की पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सीढ़ी व झगर के सहारे कुएं से दोनों के शवों की खोज की, इसके बाद बाहर निकाला और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल गया भेज दिया। इधर कुएं से दंपति के शव निकाले जाने के बाद देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ लग गई।
एएसपी ने की जांच
नव दंपति के कुएं से शव मिलने की खबर पर पहुंचे एएसपी शैलेन्द्र सिंह मिथिलेश के माता-पिता व भाई अखिलेश से करीब घंटे भर पूछताछ किया। इस दौरान प्रियंका के मायके वाले भी पहुंच गए। विवाहिता की मां सिंगारो देवी ने पुलिस को बताया कि रविवार की रात बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी। उसने तीनों भाईयों द्वारा आपस में मारपीट करने की बात बताई थी। बिलखते हुऐ एएसपी को बताया कि सर ससुराल वालन बेटी-दामाद के मार के कुइयां में फेंक देलथुन हे। हम्मर बेटी-दामाद में कोई विवाद न हलो। रहत हल त बेटी जरूर बतावत हल। प्रियंका के पिता अनिल यादव, दादा सहोदर यादव व चाचा रामस्वरूप यादव ने भी ससुराल वालों पर बेटी-दामाद की हत्या का अरोप लगा रहे थे।
कहते हैं ससुराल वाले
पुलिसिया पूछताछ में मिथिलेश के पिता योगेन्द्र यादव व मां कुंती देवी ने बताया कि रात में तीनों बेटे एक साथ खाना खाया था। इसके बाद छोटे पुत्र मिथिलेश पत्नी के कमरे में चला गया। सुबह होने पर उनके कमरे से कोई आहट नहीं मिलने पर झांका तो गायब मिले। जिसके बाद उनकी खोजबीन करने लगे। हालांकि ससुराल वालों ने दोपहर तक इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी थी। यह भी अपने आप में बड़ा प्रश्न है। पुलिस को दूसरे से मिली गुप्त सूचना पर जांच-पड़ताल किया तो दंपति के गायब रहने की जानकारी मिली और घर के सटे कुएं में खोजबीन शुरू कर दिया। करीब घंटे भर के प्रयास के बाद कुएं से ही दोनों के शव मिले। बाद में गया से आई एफएसएल की टीम ने भी घंटे भर जांच की।
मां की दहाड़ से रो पड़े देखनेवाले लोग
बेटा-पतोहु के शव कुएं से निकाले जाने के बाद नजर पड़ते ही मिथिलेश की मां कुंती देवी दहाड़ उठी। वहीं बेटी-दामाद के शवों से लिपट कर प्रियंका की मां भी दहाड़ उठी। रोते-रोते दोनों की मायें बदहोश हो जा रही थीं। पास की महिलाएं उन्हें ढाढस बंधाने में जुटी थीं। इनकी क्रंदन सुन देखने आए लोगों के आखों में भी आंसू आ गए। विवाहिता प्रियंका की मां सिंगारो देवी ने बताया कि तीन पूजा करे के बाद दामाद जबदस्ती बेटी को लेकर ससुराल आ गए। उसकी इच्छा बेटी को ससुराल भेजने की नहीं थी। कहा अभी बेटिया के तीज पूजा अउ वियाह के रंग भी न उतरल हल। ससुराल वालों से पुलिस अधिकारियों से उच स्तरीय जांच करने की मांग की है।
कारण का नहीं चला है पता
पुलिस के अनुसार खबर लिखे जाने तक नव दंपति के कुएं में डूब कर हुई मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका था। प्रभारी थानेदार प्रियनंदन आलोक ने बताया कि किसी ने अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
बाइक से भाग कर पहुंचे सीओ
कुआं से नव दंपति के शव मिलने की खबर पाते ही आमस सीओ अरशद मदनी बाइक से भाग कर घटना स्थल पहुंचे। हालांकि तब तक पति-पत्नी के शव निकाले जा चुके थे। सीओ ने बताया कि इतनी बड़ी घटना की खबर मिलने पर उन्होंने सरकारी गाड़ी का इंतजार नहीं किया। जल्दी पहुंचने के लिए गार्ड के साथ बाइक से ही निकल गए। इन्होंने कड़ी धूप के बीच पुलिसिया जांच के दौरान मजिस्ट्रेट के रूप में मुस्तैद रहे। इधर जनसुराज नेता व सरपंच संघ अध्यक्ष रामाधार सिंह, अजित मिश्रा, बड़े, श्याम यादव, रंजित गुप्ता आदि गई लोग मौके पर पहुंच दंपति के ससुराल व मायके वालों को ढाढस बंधाया। ससुराल वालों से मिली जानकारी के अनुसार मिथिलेश की शादी इसी वर्ष 12 जून को झारखंड के हंटरगंज थाने के डाहा गांव निवासी अनील यादव की पुत्री प्रियंका से हुई थी।