कलेर,अरवल। बीते दिनों हुई लगातार बारिश से सोन नदी के जल स्तर में उफान आ गया है। प्रति घंटे 30 सेंटीमीटर की रफ्तार से जलस्तर बढ़ रहा है इसकी वजह से सोनतटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के बेलांव,सोहसा, मैंनपुरा,सहित आधा दर्जन गांवों के पास नदी का पानी किनारे तक पहुंच गया है। ग्रामीणों ने बताया कि सोन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बताया जा रहा है कि जल ग्रहण क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद सोन नदी में उफान आ गया है।रविवार की रात नदी का जलस्तर बढ़कर 3 लाख क्यूसेक पर हो गया है। महत्व 24 घंटे के अंदर सोन में पानी की मात्रा 10 गुनी बढ़ गई है।
इससे सोन से जुड़े सभी तटबंधों पर भारी दबाव उत्पन्न हो गया है। सोन के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी जारी था जिसको लेकर इंद्रपुरी बराज के सभी 69 गेट खोल दिए गए हैं। सोन नदी में अप्रत्याशित जलश्राव में वृद्धि को देखते हुए मैंनपुरा पंचायत का मुखिया अशोक कुमार शर्मा ने सोनतटीय इलाकों के गांव में जाकर हो रहे जल स्तर में वृद्धि का निरीक्षण किया एवं लोगों को सतर्क रहने के लिए लोगों से अपील किया। वहीं सोन नदी में आई तूफान से तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंताएं बढ़ गई है। अगर नदी की जलस्तर इसी तेजी से बढ़ता रहा तो तटीय गांव में बाढ़ का पानी आ जाएगा। इसको लेकर आम लोगों के साथ-साथ प्रशासन भी सतर्क हो गया है। मौके पर अरुण यादव, संजय यादव, बृजमोहन पासवान, रणविजय मास्टर, धनंजय यादव, हरदेव साव, वार्ड सदस्य मनीष पासवान, मनोज सिंह के अलावे कई लोग शामिल थे।