कलेर,अरवल। स्थानीय प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत प्लस टू उच्च विद्यालय जयपुर में विश्व पर्यावरण दिवस के शुभ अवसर पर तिब्बत सीमा पुलिस बल के जवानों के द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जयपुर विद्यालय के प्रधानाध्यापक वशिष्ठ शर्मा , पहलेजा पंचायत के मुखिया राजदेव पासवान, कंपनी कमांडर दिनेश कुमार एवं भाजपा जिला कोषाध्यक्ष कुंदन पाठक द्वारा विभिन्न प्रजाति के पौधा लगाकर किया गया।
कार्यक्रम में तदर्थ वाहिनी चौक 601 ब समन्वय भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के समस्त पदाधिकारी, जवान ,छात्र-छात्राएं, अध्यापक गण और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक ने कहा कि भारत समेत पूरे विश्व में प्रदूषण काफी तेजी से फैल रहा है। इस वजह से हमारी प्रकृति को काफी नुकसान हो रहा है आज भीष्म गर्मी का प्रकोप बढ़ा हुआ है इसका मुख्य कारण वृक्षारोपण में कमी है।
प्रकृति को प्रदूषण से बचाने के लिए पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। इस दिन लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक किया जाता है और प्रदूषित होने से बचने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए जागरूक किया जाता है। यही कारण है कि आज हम सब इस विद्यालय परिसर में जुट कर विभिन्न प्रजाति के सैकड़ो पौधा लगाया है जो पर्यावरण को संतुलित करने में सहायक सिद्ध होगा।