रोहतास जिला से विशेष संवाददाता चंद्रमोहन चौधरी की रिपोर्ट
शहर के पास से गुजर रही काव नदी में मछली मारने गये पिता पुत्र की डूबने से मौत हो गई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बिक्रमगंज शहर के गोसाईं मोहल्ला निवासी स्व. दुलार सेठ के 40 वर्षीय पुत्र संजय सोनी अपने 15 वर्षीय पुत्र अनमोल सोनी उर्फ छोटू के साथ काव नदी में जाल से मछली मारने गया था। रेलवे पुल के पास दोनों पिता-पुत्र जाल लगा रहे थे, तभी अचानक गहरा गड्डा पड़़ जाने के कारण पुत्र अनमोल डूबने लगा। पुत्र को डूबते देख पिता ने जाल छोड़कर उसे बचाने लगा। इसी बीच वह भी डूब गया। इस घटना को आसपास खेतों में घास काट रही महिलाओं ने देखा और शोर मचाने लगी। जब तक लोग जमा होते दोनों पिता-पुत्र डूब गये थे। युवकों ने काफी प्रयास कर पिता को किसी तरह से बाहर निकाला, तत्काल में पिता जिंदा था, उसे शहर के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने उसे म।त घोषित कर दिया। पुत्र को युवकों के काफी प्रयास से एक घंटे बाद निकाला गया। उसकी मौत घटना स्थल पर हीं हो गई थी।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल था। घटना की सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।