बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के सिकरहटा गांव के पास शनिवार की सुबह सुबह लहुलूहान हाल में किशोरी पड़ी मिली। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने पीएचसी पर पहुंचाया जहां के डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने भी उपचार के बाद हालत गंभीर देख वाराणसी रेफर कर दिया। किशोरी के साथ दुष्कर्म होने की भी आशंका व्यक्त की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सिकरहटा गांव के लोग सुबह शौच आदि के लिये गांव से बाहर निकले तो सड़क किनारे खून से लथपथ किशोरी पड़ी मिली। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी पहचान करने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। जानकारी होने के बाद किशोरी के परिजनों ने पुलिस को बताया शुक्रवार की रात लड़की गांव में आयोजित रावन दहन तथा मेला देखने निकली थी। रात में वह वापस नहीं लौटी जिसके बाद से घरवाले खोजबीन कर रहे थे। इसी बीच तड़के वह गांव से करीब पांच किमी दूर सड़क किनारे खून से लथपथ पड़ी मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसके शरीर के कपड़े अस्त-व्यस्त थे तथा दाहिने हाथ की नस कटी हुई थी। खून का अधिक रिसाव होने के चलते उसकी हालत खराब हो गयी थी। एएसपी दुर्गा प्रसाद तिवारी का कहना है कि फिलहाल किशोरी को वाराणसी रेफर किया गया है। छानबीन के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी।