Bakwas News

पत्नी के नाजायज संबंध का पति के द्वारा विरोध करने पर पति की गला रेतकर हत्या

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के रामपुर गड़हुआ गांव में  घर के बरामदे पर सोये युवक की गला रेत कर हत्या कर दी गई। मृतक संजय झा मुजफ्फरपुर में मेडिकल स्टोर पर काम करता था। पत्नी के रोने की आवाज को सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जुटे। ग्रामीणों ने हत्या का आरोप पत्नी, पड़ोसी और उनके पुत्र पर लगाया है। घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीयों ने हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीण महिलाएं भी नाजायज संबंध का विरोध करने पर संजय की हत्या करने का आरोप पत्नी सहित अन्य आरोपितों पर लगा रही हैं।

सूचना मिलने पर कुढ़नी थानेदार अरविंद पासवान घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने छानबीन के बाद मृतक की पत्नी, पड़ोसी और उनके पुत्र को हिरासत में ले लिया है। तीनों आरोपितों को देख ग्रामीण आक्रोशित हो गये और पुलिस के सामने ही तीनों की पिटाई कर दी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है।

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि बीती रात पति- पत्नी आपस में काफी झगड़ रहे थे। उनके बीच रोजाना झगड़ा होता था। मृतक संजय झा की पत्नी ने पुलिस को बताया कि संजय मेला देखने गये थे। वहां से आने के बाद वह खाना खाकर सो गये। वह भी अंदर वाले कमरे में जाकर सो गई। सुबह फूल तोड़ने उठी तो पति को खून से लथपथ देखा। पुलिस के अनुसार संजय और पत्नी के बीच बराबर विवाद होता था। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि झगड़ा होने के बाद पत्नी आरोपित पड़ोसी सहित गांव के कुछ लड़कों को बुलाकर पति को पिटवाती थी।

पुलिस को छानबीन के दौरान जानकारी मिली है कि मृतक की पत्नी करीब 10 महीने पहले पड़ोसी युवक के दिल्ली स्थित घर पर चली गयी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पत्नी के पड़ोसी से अवैध संबंध हैं। सामाजिक व पारिवारिक दबाव पर चार महीने बाद पत्नी लौटी थी। इसके बाद से पति और पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। मृतक का 11 साल का बेटा है। थानेदार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पत्नी और पड़ोस के पिता-पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी पत्नी सहित सभी की फोन कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही है।

Bakwas News
Author: Bakwas News

Leave a Comment