भोजपुर के नारायणपुर थाना क्षेत्र के मड़नपुर गांव स्थित आहर में डूबने से मंगलवार की शाम दो चचेरी बहनों की मौत हो गयी। दोनों भाइयों के प्यार के त्योहार कर्मा-धर्मा के अवसर पर नहाने के दौरान आहर में डूब गयी। मृतकों में मड़नपुर गांव निवासी मनोज सिंह की 20 वर्षीय पुत्री अंजू देवी और सत्यनारायण यादव की 15 वर्षीय पुत्री आरती कुमारी शामिल हैं। इनमें आरती आठवीं की छात्रा थी, जबकि अंजू देवी विवाहिता थी। उसकी शादी अजिमाबाद थाना क्षेत्र के डिहरा गांव अखिलेश सिंह के साथ हुईं थी।
बताया जा रहा है कि कर्मा-धर्मा त्योहार को लेकर मंगलवार की शाम गांव की काफी महिलाएं आहर में नहाने गयी थी। नहाने के क्रम में आरती कुमारी व अंजू देवी गहरे पानी में चली गयी और डूबने लगी। उसे देख आहर में नहा रही अन्य महिलाओं ने शोर मचाना शुरू किया। इससे गांव में अफरातफरी मच गयी और काफी संख्या में लोग पहुंच गये। स्थानीय लोगों दोनों दोनों को बचाने का प्रयास किया गया।
बाद में थानाध्यक्ष नीता कुमारी के नेतृत्व में पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों को आहर से बाहर निकाला गया। तबतक काफी देर हो चुकी थी और दोनों की जान जा चुकी थी। उसके बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं घटना के बाद गांव में मातम छा गया।