बोधगया अंचल में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी प्रेमचंद चौधरी पर प्रशासनिक कारवाई हुई है। जनता दरबार में लगातार राजस्व कर्मचारी की शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद जिला राजस्व शाखा द्वारा राजस्व कर्मचारी प्रेमचंद चौधरी को बोधगया अंचल से हटाकर नीमचक बथानी अंचल में प्रतिनियुक्ति का आदेश जारी कर दिया गया है। हालांकि उनके जगह किसी दूसरे राजस्व कर्मचारी को अबतक बोधगया अंचल नहीं भेजा गया। ऐसे में अब मात्र एक राजस्व कर्मचारी के भरोसे बोधगया का 17 पंचायत व नगर पंचायत हो गया है।
6 हजार दाखिल खारिज पैंडिंग
प्रतिदिन प्राप्त आवेदनों के आलोक में उसका निष्पादन नहीं हो पा रहा है। बोधगया में फिलहाल लगभग 6 हजार दाखिल-खारिज पेंडिंग है। इसके अलावा परिमार्जन का भी काफी आवेदन लंबित है। अब के पहले तक मात्र दो राजस्व कर्मचारी पदस्थापित थे। इसमें भी एक को हटा दिया गया। बोधगया अंचल कार्यालय में लोगों का समय से काम नहीं होने का मुद्दा पिछले दिनों सहकारिता मंत्री डॉ सुरेन्द्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री कुमार सर्वजीत व एमएलसी कुमार नागेंद्र उर्फ रिंकू यादव ने भी उठाया था।
डाटा एंट्री ऑपरेटर मनीष को हटाया गया
हालांकि शिकायत के बाद ही अंचल कार्यालय के डाटा एंट्री ऑपरेटर मनीष कुमार मंगलम को बोधगया से हटाकर अतरी अंचल भेज दिया गया है और उसके जगह अतरी अंचल के सुशील कुमार तिवारी को बोधगया अंचल में नया डाटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में पदस्थापित किया गया है। अबतक बाँकेबजार अंचल की डाटा एंट्री ऑपरेटर सुनीता कुमारी बोधगया अंचल में एडीएम जिला राजस्व शाखा के आदेश पर प्रतिनियुक्त थी। जबकि बोधगया अंचल में पदस्थापित ऑपरेटर मनीष कुमार मंगलम बांकेबजार अंचल में प्रतिनियुक्त था।
काम हो रहा है प्रभावित
बोधगया सीओ कमलनयन कश्यप ने बताया राजस्व कर्मचारी की कमी के कारण काफी काम प्रभावित हो रहा है। वहीं नए डाटा एंट्री ऑपरेटर के आने से ऑनलाइन संबंधित कार्यों में तेजी आने की संभावना है।