Bakwas News

गंगा के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए डीएम ने किया बाढ़ क्षेत्रों का निरीक्षण, दिया निर्देश

गाजीपुर। गंगा के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मुहम्मदाबाद तहसील अन्तर्गत ग्राम गौसपुर, सेमरा, शेरपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंन उपजिलाधिकारी को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित गांव के लेखपाल व अन्य ग्राम स्तरीय अधिकारी बाढ़ प्रभावित अपने गांव में ही भ्रमण करते रहें। बाढ़ से होने वाले नुकसान पर पैनी नजर रखते हुए तत्काल सर्वे सुनिश्चित करें। साथ ही जिलाधिकारी ने सम्बन्धित उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित गांवों में बाढ़ राहत से सम्बन्धित सभी व्यवस्थाओं की तैयारियां रखते हुए स्वयं भी निगरानी रखें, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत पहुंचायी जा सके। जिलाधिकारी ने स्वयं नाव से गंगा किनारे के गांवों का सर्वेक्षण किया। उपस्थित जन समुदाय से अपील की, कि अभी गंगा का जल स्तर बढ़ावा की स्थिति में है। अपने निकट बनाये गये बाढ़ शरणालय में समय रहते चले जायें, ताकि किसी प्रकार की कोई घटना न हो सके।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्त लेखपालों बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बराबर चक्रमण करते रहने को कहें। स्थिति पर नजर रखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनपद में तहसील मुहम्मदाबाद में खोले गये सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय करते हुए कर्मचारियों की ड्यूटी 24 घण्टे के लिए शिफ्टवार लगायी गयी है। सम्भावित बाढ़ के दृष्टिगत जनपद मुख्यालय  में स्थापित कंट्रोल रूम अग्रिम निर्देशों तक 24 घण्टा कार्यशील रहेगा। निरीक्षण के उपरान्त जिलाधिकारी ने बनाये गए बाढ़ शरणालय का निरीक्षण किया। सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ राहत केन्द्रो पर किसी प्रकार की परेशानी न हो। शरणालय पर आने वाले शरणार्थियों को खाने पीने, दवा आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुओ के चारा,पानी, चिकित्सा एवं उनके रहने की उचित व्यवस्था कराई जाए।उन्होने कहा कि बाढ के दौरान  किसी भी दशा में पशुओ की हानि नही हेानी चाहिए। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने प्रावि शेरपुर खुर्द (प्रथम) का औचक निरीक्षण कर वहां शिक्षा की गुणवत्ता की जांच करते हुए संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद हर्षिता तिवारी, तहसीलदार मुहम्मदाबाद, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी मोहम्मदाबाद, अअभि देवकली पम्प नहर कैनाल एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
Bakwas News
Author: Bakwas News

Leave a Comment