Bakwas News

बलिया : घाघरा के बढ़ते जलस्तर से सहमे तटवर्ती लोग

जिले में उफनाई घाघरा नदी के जलस्तर में बढ़ाव का क्रम जारी है, जिससे तटवर्ती लोगों में खलबली मच गई है। पिछले चार दिनों से नदी का पानी बढ़ते हुए लाल निशान छूने को आतुर है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार नदी का जलस्तर 63.990 मीटर रिकार्ड किया गया। जबकि खतरे का लाल निशान 64.010 है। नदी खतरे के निशान से दो सेमी नीचे बह रही है। आयोग ने अगले 24 घंटों में जलस्तर में आधा सेमी प्रति घंटे बढ़ाव का पूर्वानुमान किया है।

बढ़ते जलस्तर के चलते चैनपुर, गुलौरा टीएस बंधा तथा तुर्तीपार, खैराडीह, मधुबनी, मुजौना गांव तक पानी धीरे-धीरे पहुंच रहा है। हाहानाला राजभर बस्ती, गुलौरा के यादव बस्ती व मल्लाह बस्ती तक पानी पहुंच गया है। तुर्तीपार गांव के किनारे तक नदी का पानी बढ़ रहा है। हाहानाला, तुर्तीपार व हल्दीरामपुर रेगुलेटरों पर पानी का दबाव बढ़ गया है। माना जा रहा है कि ऐसे ही जलस्तर में वृद्धि का सिलसिला जारी रहा तो तटवर्ती लोगों को बाढ़ की समस्या से जूझना पड़ जायेगा।

उधर, एसडीएम राजेश कुमार गुप्त ने तटवर्ती क्षेत्रों का दौरा करने के बाद मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट है। तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ चौकियां स्थापित कर दी गई हैं। संभावित बाढ़ के खतरे से निपटने के लिए प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है।

Bakwas News
Author: Bakwas News

Leave a Comment