Bakwas News

बलिया : नरहीं थाना क्षेत्र के बिलरियां में ठगों ने लाखों रुपए के गहने उड़ाए

सफाई के नाम पर झांसा देकर बाइक सवार उचक्कों ने महिलाओं के लाखों के जेवर पर ही हाथ साफ कर दिया। इसकी जानकारी होने के बाद खलबली मच गयी। ग्रामीणों के साथ पुलिस ने उच्चकों की खोजबीन किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

नरहीं थाना क्षेत्र के बिलरियां में रविवार की सुबह बाइक सवार दो युवक तारकेश्वर यादव के घर पहुंचे। उस समय घर के पुरुष सदस्य खेत में धान की रोपनी करा रहे थे। दरवाजे पर पहुंचे उचक्कों ने महिलाओं से गहने की सफाई करने की बात कही।

बताया जाता है कि तारकेश्वर यादव की पुत्री चंदा ने पहले चांदी के जेवर दिए जिसको उचक्कों ने साफ करके वापस लौटा दिया। इसके बाद उन्होंने अपने सोने के जेवरात महिलाओं से साफ़ करने को मांगा। ठगों के झांसे में आ चुकी महिलाओं ने सोने के गहने दे दिया । इसके बाद उन्होंने गहनों को पीले रंग के पानी में डाल दिया। इसके बाद उन्होंने पानी गर्म करके लाने को कहा। कुछ देर बाद महिलाएं पानी गर्म कर बाहर पहुंची तो उचक्के सोने के आभूषण समेटकर फरार हो चुके थे।

इसके बाद महिलाएं शोर मचाने लगी जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। खेत से परिवार के पुरुष सदस्य भी घर पहुंच गये। घटना के बाद महिलाएं अपनी ग़लती पर पछतावा करती दिखीं । इस संबंध में नरहीं थाना प्रभारी मदन पटेल ने बताया कि ठगी की इस घटना में किसी ने तहरीर नहीं दी है। उनका कहना है कि मामले की जानकारी है तथा इसकी छानबीन भी की जा रही है।

Bakwas News
Author: Bakwas News

Leave a Comment