आमस, गया
हादसे में बाइक सवार भी गंभीर रूप से हुआ घायल
गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के नवगढ़ गांव के पास जीटी रोड दक्षिणी लेन पर बुधवार को तेज रफ्तार बाइक के धक्के से रामपुर टोला गंगा बिगहा निवासी किसान राजकुमार यादव (59) गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें स्थानीय लोगों ने सीएचसी में भर्ती करा दिया। यहां के चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेश कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल गया रेफर कर दिया। बताया जाता है कि यहां इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद से पत्नी नगिना देवी, पांचो पुत्र समेत घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। छोटे पुत्र धर्मेन्द्र ने बताया कि धान की खेती देखकर पापा रोड के किनारे से घर लौट रहे थे। तभी शेरघाटी से मदनपुर की ओर जा रही बाइक ने पिछे से धक्का मार दिया। इससे उनके सिर में गंभीर चोटें आ गई और कोमा में चले गए। इधर धक्का मारने के बाद बाइक समेत सवार अमोद कुमार भी रोड पर गिर गया। इससे उसे भी गंभीर चोटें आई है। पुलिस ने बाइक और सवार को हिरासत में ले लिया है। मुखिया डब्लू पासवान व पंचायत समिति प्रतिनिधि रूपलाल चौहान ने बताया कि राजकुमार घर का इकलौता कमाऊ सदस्य थे।