राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद में एक महिला के साथ निर्भया जैसी दरिंदगी की घटना सामने आई है। गाजियाबाद में भाई के घर जन्मदिन पार्टी मनाने आई 38 वर्षीय महिला के साथ पांच लोगों ने दरिंदगी की सभी हदें पार कर दीं।
दिल्ली लौटने के क्रम में महिला को अगवा कर पांच लोगों ने दो दिन तक जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता के प्राइवेट पार्ट में राड डाले जाने की बात भी कही जा रही है, हालांकि मेडिकल रिपोर्ट में इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इसके साथ ही महिला के दावे और परिवार के बयान पर कई तरह के संदेह हैं।
पीड़ित महिला और उसके भाई के बयान आपस में मेल नहीं खा रहे हैं। इसके साथ ही पीड़ित महिला का एक विशेष अस्पताल में भर्ती होने के लिए जिद करना भी सवाल खड़े कर रहा है। पीड़िता ने खुद को नंदनगरी निवासी बताया था, लेकिन जांच में यह तथ्य भी गलत पाया गया। संदेह के घेरे में आजाद नाम का एक शख्स भी है, जो महिला का दोस्त बताया जा रहा है।