बिक्रमगंज प्रखंड क्षेत्र के नोनहर गांव के छठिया तालाब पर छठ महोत्सव के मौके पर छात्र युवा संगठन के तत्वावधान में सोमवार की रात एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन दिव्यांग संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा उर्फ कवि जी ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छात्र युवा संगठन के अध्यक्ष पूर्व मुखिया भागीरथी सिंह और संचालन अजीत सिंह ने किया। इस मौके पर बिक्रमगंज प्रखंड प्रमुख सह प्रमुख संघ के रोहतास जिला के अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह उर्फ लाली सिंह, राजद नेता मुन्ना राय, पूर्व मुखिया हिरालाल सिंह, बीडीसी राकेश सिंह, धर्मवीर शर्मा, संतोष सिंह, फिरोज खान सहित कई लोगों ने कार्यक्रम को संबोधित किया। सभी ने आयोजक मंडल खासकर पूर्व मुखिया भागीरथी सिंह द्वारा पंचायत के विकास के लिए किये गए कार्यों की सराहना की। वहीं पूर्व मुखिया भागीरथी सिंह ने पंचायत के विकास के लिए सभी तरह के कार्य करने के अपने संकल्प को दुहराते हुए ग्रामीणों से आपसी भाईचारा और एकता बनाये रखने की अपील की।कार्यक्रम के पूर्व आयोजक मंडल ने सभी अतिथियों और कलाकारों को फूलों का माला और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भोजपुरी गायक भीम सिंह ने छठी मईया की गीत से किया। इसके उपरांत गायिका नेहा सिंह और गायक अरूण सबेरा ने एक से बढ़ कर भोजपुरी लोग गीत और भक्ति संगीत प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वादक टीम में पप्पू राय सहित अन्य वाद्य कलाकारों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया। पूरी रात गायक कलाकारों ने लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
