आमस, गया
गया जिले के आमस प्रखंड में सोमवार को पैक्स चुनाव के हुए मतगणना में पांच वर्तमान अध्यक्षों ने जीत दर्ज की। वहीं महुआवा पैक्स से चुनचुन उर्फ चुन्नू यादव वर्तमान पैक्स अध्यक्ष प्रभात कुमार को पराजित कर पहली बार अध्यक्ष चुने गए। इन्हें रिकॉन्टिंग में सफलता हाथ लगी। सांवकला से वर्तमान अध्यक्ष अजय यादव के मंझले भाई उदय यादव ने चुनाव जीता। जबकि रामपुर से पूर्व अध्यक्ष स्व. सुरेंद्र यादव की पत्नी कलावती देवी जीती। जीतनेवाले वर्तमान पैक्स अध्यक्षों में झरी के दीपक कुमार उर्फ दीपू सिंह, आमस के संजय सिंह, करमडीह के रमेश सिंह, कलवन के मो. अताउल्लाह खान शामिल हैं। अकौना पैक्स के वर्तमान अध्यक्ष व सभी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए। प्रखंड कार्यालय के पीछे ई किसान भवन में कड़ी सुरक्षा के बीच देर शाम तक मतों की गिनती चलती रही। मजिस्ट्रेट के तौर पर रहे गया एडीएम अनुग्रहनारायण सिंह की मौजूदगी में निर्वाचित हुए अध्यक्ष व सदस्यों को निर्वाचन अधिकारी व बीडीओ नीरज कुमार राय ने सर्टिफिकेट दिया। जीत हार सुनने को लेकर ब्लॉक में दिन भर लोगों का जमावड़ा लगा रहा। जीत की आधिकारिक घोषणा होते ही समर्थक नारे लगाने लगते।
दी बधाई
अध्यक्ष व सदस्य पद पर जीत दर्ज करनेवालों को प्रखंड प्रमुख लड्डन खान, विधायक मंजू अग्रवाल, छोटन खां, वसीम अकरम, मुखिया मनोज यादव, पिंटू सिंह, सरपंच संघ अध्यक्ष रामाधार सिंह, महेंद्र पासवान, जानकी चौहान, किशोर मांझी, चांदनी सिंह, चम्पा देवी, व्यापारमंडल अध्यक्ष गोरे सिंह, विरेंद्र यादव, रूपलाल चौहान आदि ने बधाई दी है।