कलेर,अरवल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा बुधवार को कामता गांव में गुरु दक्षिणा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संघ के शाखा से की गई। शाखा में भगवा ध्वज का पूजन कर स्वयंसेवकों ने बारी-बारी से निधि समर्पण किया। तत्पश्चात संघ प्रार्थना के साथ कार्यक्रम संपन्न किया गया।
इस दौरान अपने संबोधन में जिला प्रचारक सौरभ कुमार ने बताया कि संघ में गुरु परम पवित्र भगवा ध्वज को माना गया है क्योंकि भगवा रंग शांति व शक्ति का प्रतीक है। यह अग्नि का भी रंग है जो बुराइयों को जलाकर भस्म करने की क्षमता रखता है। व्यक्ति कभी भी अपने पथ से विचलित हो सकता है,यही कारण है कि संघ ने किसी व्यक्ति को गुरु न मान कर भगवा ध्वज को अपना गुरु माना है। सभी स्वयंसेवक वर्ष भर में एक दिन अपने गुरु के दक्षिण के रूप में श्रद्धा के अनुसार कुछ राशि परम पवित्र भगवा ध्वज को समर्पित करते हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कोई भी शुल्क या चंदा किसी भी माध्यम से नहीं लेता है। वर्ष में एक बार होने वाले गुरु दक्षिणा की राशि से ही पूरे वर्ष का खर्च चलता है। मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व प्रमुख कलेर इं0 संजय कुमार, आरएसएस के जिला सेवा प्रमुख अजय कुमार, हरेंद्र नारायण, मनोज कुमार, कौशल कुमार,नितीश कुमार सहित दर्जनों स्वयंसेवक उपस्थित थे।