Bakwas News

आमस में महादलित के घर पर गिरा दरख्त, बाल-बाल बचे घरवाले

आमस (गया)  धर्मेंद्र कुमार सिंह 

तेज आंधी चलने की वजह शनिवार की रात आमस की झरी पंचायत के मरीचा गांव निवासी देनी भुइयां व बाबूलाल प्रसाद के घर पर आम का बड़ा पेड़ गिर गया। इससे देनी भुइयां का खपरैल घर व मनरेगा से बना बकरी शेड पूरी तरह ध्वस्त हो गया। वहीं बाबूलाल प्रसाद के करकट का घर ध्वस्त हो गया। घटना के वक्त लोग घर में ही सो रहे थे। भगवान का शुक्र रहा कि इनकी जान बच गई। वार्ड सदस्य छोटेलाल मेहता ने बताया कि घर पर पेड़ गिरने की कर्कश आबाज सुन गांव के लोग आंधी पानी की परवाह किये बगैर भाग कर पहुंचे और घर में फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला। हालांकि किसी अनहोनी की आशंका को लेकर कुछ देर के लिए लोग स्तब्ध रह गये। लेकिन अनिल मांझी, गोरा मांझी, योगेन्द्र मांझी आदि युवाओं ने हिम्मत दिखाते हुये पेड़ की टहनियों को काट कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जिसकी गांव में खूब चर्चा हो रही है।

 

वहीं रविवार की सुबह मशीन मंगवा कर दरख्त को काट कर हटाया गया। मुखिया चांदनी सिंह व पैक्स अध्यक्ष दिपू सिंह ने सरकार से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। वहीं करमडीह पंचायत के सुग्गी गांव में सरकारी नल जल योजना के पानी टंकी पर एक पुराना पीपल का पेड़ टूटकर गिर गया। इससे पानी टंकी फट गया। जिससे इस वार्ड के घरों में पानी सप्लाई ठप हो गया है। यहां इसकी जानकारी मुखिया प्रतिनिधि अर्जुन यादव ने दी है। बता दें कि शनिवार की रात आयी तेज आंधी से प्रखंड क्षेत्र में भारी तबाही हुई है। कई जगह पेड़ गिर जाने के कारण घंटों बिजली गूल रही। वहीं गेहूं के साथ दलहन-तेलहन फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। जिसे लेकर किसानों में चिंता है।

Leave a Comment