अरवल। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा चट्टानी एकता की तरह नीतीश कुमार के समर्थन में खड़ी है। अगर मेरे चार विधायक विधानसभा अध्यक्ष को हटाने में नहीं लगते तो विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी नहीं हटती।
उक्त बातें पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने जिला अतिथि गृह में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहीं। उन्होंने कहा कि हमारी बातें नीतीश कुमार से हमेशा होती रहती थी। वे हमेशा कहते थे कि विगत 17 महीना से जो मैं देख रहा हूं वह 2005 के पहले की स्थिति बनती दिख रही है। नीतीश कुमार बहुत बैचेन रहते थे। राजद के मंत्रियों के कार्यकलापों से नीतीश कुमार खुश नहीं थे। तत्कालीन शिक्षा मंत्री लगातार सनातन धर्म पर प्रहार करते रहते थे। किसी भी धर्म का अपमान नहीं करना चाहिए।
नीतीश कुमार ने सही समय पर सही निर्णय लिया है। आगामी लोकसभा चुनाव में बिहार के सभी 40 सीट जीतकर नरेंद्र मोदी के गले में बिहार की जनता माला के रुप में देने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि आगामी 23 फरवरी को बापू सभागार में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के द्वारा राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया है। जिसमें बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर के कार्यकर्ता शामिल होंगे। संगठनात्मक दृष्टि से यह सम्मेलन काफी महत्वपूर्ण है। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि मेरा नीतीश कुमार से मांग है की कम से कम एक और मंत्री पद हमारी पार्टी को दिया जाए। अगर देंगे तो भी अच्छा नहीं देंगे फिर भी अच्छा।
इस मौके पर हम पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष टिकारी के विधायक अनिल कुमार ने कहा कि पटना बापू सभागार में जिले से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता विभिन्न वाहनों द्वारा जाएंगे। लोकसभा चुनाव में जहां-जहां राजग के उम्मीदवार रहेंगे वहां मजबूती से हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा उन प्रत्याशियों को मदद करेगी। जिसके कारण जीतने में सहायक सिद्ध हो सके। उन्होंने कहा कि संगठन के बल पर ही कोई भी सरकार काम करती है। हमारा संगठन भी बूथ स्तर पर मौजूद है।
उन्होने 23 फरवरी को हजारों की संखया में लोगो को आने का आह्वान किया। इस मौके पर हम पार्टी किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष बबलू कुमार, हम पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता भीम शर्मा, भाजपा के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, हम पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार, भाजपा नेता रवि कुमार, पैक्स अध्यक्ष शंकर पासवान समेत कई लोग मौजूद थे।