रोहतास जिला से विशेष संवाददाता चंद्रमोहन चौधरी की रिपोर्ट
बिक्रमगंज शहर के तेंदुल चौक पहुंचे लोक जनशक्ति पार्टी के सुप्रीमो चिराग पासवान का स्थानीय कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने हाथ जोड़कर कार्यकर्ताओं का अभिवादन भी किया। अल्प समय के संवाद में चिराग ने कहा कि बिहार में बेहतर नेतृत्व की आवश्यकता है। स्थिति काफी बिगड़ चुकी है। अपने स्वार्थ के लिए चंद लोगों ने बिहार के विकास को अवरुद्ध कर रखा है। बिहार को बचाने के लिए युवाओं को एकजुट होने की आवश्यकता है।
गौरवशाली इस प्रदेश को लोगों ने एक बीमारू राज्य बना कर छोड़ दिया है। इससे बचने के लिए युवाओं की एकजुटता एवं आंदोलन आवश्यक हो गया है। स्वागत में खड़े युवाओं से परिवर्तन राह पर चलने का आह्वान किया। साथ पहुंचे जनशक्ति पार्टी संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष हुलास पांडे का भी लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में युवा आंदोलन की आवश्यकता है। आंदोलन ही परिवर्तन का मुख्य सूत्रधार होता है। इसके अभाव में कभी किसी राज्य अथवा देश की संपन्नता वापस नहीं लौटी है। इतिहास साक्षी है क्रूरता का दमन युवाओं ने हीं किया है।
स्वागत करने वालों में सोनू पांडे, अमन कुमार, राजेश, मनीष कुमार, सदानंद एवं अनमोल गुप्ता सहित अन्य लोग शामिल थे। बताते चलें कि रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम से सटे शिवसागर में आयोजित प्रतिमा अनावरण समारोह से संध्या समय में सड़क मार्ग से चिराग पासवान पटना जा रहे थे। इस दौरान लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया।