रोहतास जिला से विशेष संवाददाता चंद्रमोहन चौधरी की रिपोर्ट
स्वामी विवेकानंद जयंती समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जिला बौद्धिक शिक्षण प्रमुख संजय ने उपस्थित विद्यार्थियों से कहा कि दिव्यता के लिए गुरु का सानिध्य आवश्यक है। इसके लिए अपने आप को एक सच्चे शिष्य के रूप में गुरु के समक्ष समर्पित करना होगा। समर्पित व्यक्ति ही दिव्यता प्राप्त करने में सफल रहा है। इसके लिए उन्होंने स्वामी विवेकानंद एवं उनके गुरु रामकृष्ण परमहंस के जीवन वृत्त को रखा। प्रारंभिक काल से लेकर शिकागो सम्मेलन तक की वाक्या प्रस्तुत करते हुए छात्र- छात्राओं को प्रेरित किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नगर इकाई बिक्रमगंज के तत्वधान में शहर के डेहरी रोड स्थित आजाद हिंद क्लासेज में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लासेज के संचालक धनंजय सिंह एवं संचालन नगर कार्यवाह संतोष भंडारी ने किया। संचालन के दौरान नगर कार्यवाह ने भी समसामयिक घटनाक्रम को रखते हुए समाज में उत्पन्न विसंगतियों को दूर करने एवं उससे बचने की बातें कही।
वही नगर शारीरिक प्रमुख रंजय ने भी विद्यार्थियों को संकल्पित करते हुए माता- पिता की आदर करने तथा उनके परामर्श को मानने का संकल्प दिलाया। अपने अध्यक्षीय प्रबोधन में धनंजय ने ताकतवर बनने की बात बताते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। नगर सह खंड प्रचारक विभास ने विवेकानंद की जीवनी पर आधारित गीत प्रस्तुत कर शीतलहर की मौसम में विद्यार्थियों का जोशवर्धन किया। मौके पर जिला शारीरिक प्रमुख अरुण, शिक्षक निशांत एवं कृष्णा सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।