Bakwas News

मेले में अपने परिवार से बिछड़ी एक नाबालिग लड़की का एक शख्स ने किया रेप, फरार

बिहार के दरभंगा से नाबालिग लड़की से रेप का मामला सामने आया है। आरोपी ने इंद्र पूजा मेले में बिछड़ी एक लड़की को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच जारी है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

जानकारी के मुताबिक पीड़िता दरभंगा जिले के सदर थाना इलाके के एक गांव की रहने वाली है। वह गांव की कुछ महिलाओं के साथ 14 सितंबर की रात केवटी थाना इलाके के बाढ़ पोखर में इंद्र पूजा मेला देखने गई थी। मेले में अचानक वह अपने साथ आई महिलाओं से बिछड़ गई। काफी देर तक खोजने के बाद भी जब महिलाएं नहीं मिलीं, तो वह रोने लगी।

पीड़िता ने बताया कि तभी मेले में छतवन गांव निवासी एक शख्स उसके पास आया। उसने कहा कि वह यहां डॉक्टरी की प्रैक्टिस कर रह् है और उसे घर छोड़ देगा। इसके बाद आरोपी एक अन्य महिला के साथ लड़की को बाइक पर बैठाकर गांव के लिए चल दिया। कुछ दूर जाकर उसने महिला को बाइक से उतार दिया। फिर आगे नहर पर जाने के बाद उसे सुनसान जगह पर ले गया। आरोपी ने वहां लड़की के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने शुक्रवार को केवटी थाने में केस दर्ज कराया। थाना प्रभारी रानी कुमारी का कहना है कि पुलिस ने केस दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है।

Bakwas News
Author: Bakwas News

Leave a Comment